लाइव टीवी

Tokyo Olympics: हो गया टोक्यो ओलंपिक की नई तारीखों का ऐलान

Updated Mar 30, 2020 | 17:56 IST

Tokyo Olympics 2020 new schedule: जापान की राजधानी में आयोजित होने वाले टोक्यो ओलंपिक 2020 का नया कार्यक्रम घोषित हो गया है। इन खेलों को कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण स्थगित किया गया था।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
Tokyo Olympics new schedule announced
मुख्य बातें
  • टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति की अहम बैठक के बाद लिया गया फैसला
  • अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ के साथ मिलकर किया ओलंपिक की नई तारीखों का ऐलान
  • कोरोना वायरस के चलते स्थगित किया गया था सबसे बड़ा खेल आयोजन

टोक्योः जापान की राजधानी में होने वाले दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन ओलंपिक का आयोजन कोरोना वायरस के वैश्विक प्रकोप के कारण स्थगित करना पड़ा था। अब सोमवार को टोक्यो ओलंपिक के आयोजकों द्वारा ओलंपिक के नए कार्यक्रम का ऐलान कर दिया गया। अब इन खेलों का आयोजन 23 जुलाई 2021 से 8 अगस्त 2021 के बीच टोक्यो में होगा।

सोमवार को टोक्यो ओलंपिक की आयोजन समिति द्वारा एक्जिक्यूटिव बोर्ड मीटिंग में तय हुआ कि अगली गर्मियों में 23 जुलाई से ओलंपिक खेलों का आयोजन टोक्यों में किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले, 24 मार्च को जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने आईओसी प्रमुख थॉमस बाक से बात की थी। इस फोन कॉल में टोक्यो के गर्वनर यूरिको कोइके, आयोजन समिति के प्रमुख योशिरो मोरी, ओलंपिक मंत्री सेइको हाशिमोतो भी जुड़े थे। इसके बाद जाकर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ ने टोक्यो ओलंपिक को एक साल स्थगित करने का फैसला सुनाया था।

जापान के करदाताओं को झेलना होगा बोझ

ऐसी भी अटकलें थीं कि खेलों को बसंत के महीने में कराया जाये जब जापान में चेरी ब्लॉसम के खिलने का समय होता है । लेकिन उस समय यूरोपीय फुटबाल और उत्तर अमेरिकी खेल लीग होती है। टोक्यो आयोजन समिति के प्रमुख योशिरो मोरी और सीईओ तोशिरो मुतो ने कहा था कि नयी तारीखों पर खेलों के आयोजन की लागत बहुत अधिक होगी। स्थानीय रपटों के अनुसार यह लागत अरबों डॉलर बढ़ जायेगी और इसका बोझ जापान के करदाताओं पर पड़ेगा।

मुतो ने लागत की गणना में पारदर्शिता बरतने का वादा किया। जापान आधिकारिक तौर पर ओलंपिक की मेजबानी पर 12.6 अरब डॉलर खर्च कर रहा है। जापानी सरकार के एक आडिट ब्यूरो ने हालांकि कहा कि लागत इसकी दुगुनी है।