लाइव टीवी

नीरज चोपड़ा सहित 12 खेल सितारों को राष्ट्रपति ने किया मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित, टोक्यो में इतिहास रचने वालों का रहा दबदबा

Updated Nov 13, 2021 | 17:57 IST

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने टोक्यो ओलंपिक में भालाफेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले एथलीट नीरज चोपड़ा को शनिवार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करते नीरज चोपड़ा( साभार ANI)
मुख्य बातें
  • इस साल 12 खिलाड़ियों को किया गया मेजर ध्यानचंद खेल रत्न से सम्मानित
  • इसी साल पुरस्कार का नाम राजीव गांधी खेल रत्न से तब्दील करके किया गया मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार
  • मिताली राज बनी यह पुरस्कार जीतने वाली पहली महिला क्रिकेटर और सुनील छेत्री पहले फुटबॉल खिलाड़ी

नई दिल्ली: टोक्यो ओलंपिक में जैनविन थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले एथलीट नीरज चोपड़ा सहित 12 खिलाड़ियों को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया। देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार से इस साल कुल 12 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया है।राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के नाम को इसी साल बदलकर मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार कर दिया गया था। ऐसे में नाम में बदलाव के साथ ही इतनी पड़ी संख्या में पहली बार खिलाड़ियों को खेल रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। 

टोक्यो में भालाफेंक स्पर्धा में जीता था स्वर्ण पदक
नीरज चोपड़ा ने इस साल अगस्त में टोक्यो ओलंपिक में 7 अगस्त को पुरुषों की भालाफेंक स्पर्धा में 87.58 मीटर दूरी तक भाला फेंककर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। वो भारतीय खेल इतिहास में ओलंपिक खेले में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे खिलाड़ी और ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले एथलीट बने थे। 

ओलंपिक और पैरालंपिक में धमाल मचाने वाले खिलाड़ियों का रहा बोल-बाला
नीरज चोपड़ा के अलावा इस साल खेल रत्न पुरस्कार हासिल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले पहलवान रवि कुमार, टोक्यो में कांस्य पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, टोक्यो में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह और गोलकीपर पीआर श्रीजेश, टोक्यो पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाली महिला निशानेबाज अवनि लेखरा,  सुमित अंतिल, प्रमोद भगत (पैरा बैडमिंटन), कृष्णा नागर (पैरा बैडमिंटन), मनीष नरवाल (पैरा शूटिंग) शामिल हैं। 

मिताली खेल रत्न पाने वाली पहली महिला क्रिकेटर और छेत्री पहले फुटबॉल खिलाड़ी
वहीं भारतीय महिला टेस्ट टीम की कप्तान मिताली राज को भी इस बार खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वो यह पुरस्कार हासिल करने वाली देश की पहली महिला क्रिकेट खिलाड़ी हैं। वहीं भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री को भी खेल रत्न पुरस्कार से नवाजा गया है। वो यह पुरस्कार जीतने वाले देश के पहले फुटबॉल खिलाड़ी हैं। 

35 खिलाड़ियों को मिला अर्जुन अवार्ड
शनिवार को बारह खेल रत्न के अलावा इस साल 35 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसका मुख्य कारण ओलंपिक (सात पदक) और पैरालंपिक (19 पदक) में अब तक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। टोक्यो पैरालंपिक खेलों में बैडमिंटन में रजत पदक जीतने वाले नोएडा के डीएम सुहास एलवाई अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे। 

पुरस्कार के साथ मिलती है इतनी राशि
खेल रत्न सम्मान पाने वाले खिलाड़ी को 25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार, एक पदक और सम्मान पत्र दिया जाता है। वहीं अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ी को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, एक कांस्य प्रतिमा और एक सम्मान पत्र दिया जाता है।