लाइव टीवी

पद्म पुरस्कारों की सूची में जहीर खान अकेले क्रिकेटर, महिला खिलाड़ियों ने मारी बाजी 

Updated Jan 25, 2020 | 22:32 IST

Padma Awards 2020: साल 2020 के लिए शनिवार को 71वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई है। जिसमें महिला खिलाड़ियों के हाथ बाजी लगी है।

Loading ...
padma-awards

नई दिल्ली: 71वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारत सरकार ने पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया। इस बार सूची में महिला खिलाड़ियों का दबदबा नजर आया। इस बार सूची में क्रिकेट खिलाड़ी का जहीर खान का नाम भी शामिल है। महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम, विश्व चैंपियन शटलर पीवी सिंधू, भारतीय महिला फुटबॉल टीम की पूर्व कप्तान ओइनम बेमबेम देवी और हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एमपी गणेश के नाम पद्म पुरस्कार पाने वालों की सूची में शामिल हैं। एमसी मैरीकॉम को पद्म विभूषण, पीवी सिंधू को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वहीं जहीर खान, बेमबेम देवी और एमपी गणेश को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।  भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल शूटर जीतू रॉय भी पद्मश्री से सम्मानित किए जाएंगे। 

अक्टूबर 2015 में क्रिकेट को अलविदा कहने वाले जहीर खान को पद्मश्री से नवाजा गया है। जहीर साल 2011 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे थे। जहीर ने टीम इंडिया के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी-20 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने कुल 610 विकेट लिए। कपिल देव के बाद जहीर टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे सफल भारतीय तेज गेंदबाज हैं।

छह बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम को इस साल देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण ने नवाजा जाएगा। 36 वर्षीय मेरी़कॉम को इससे पहले साल 2006 में पद्मश्री और साल 2013 में पद्मभूषण से सम्मानित किया जा चुका है। 

साल 2019 में बैडमिंटन में महिला एकल वर्ग का विश्व चैंपियनशिप खिताब जीतने वाली 24 पीवी सिंधू को देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। सिंधू को इससे पहले रियो ओलंपिक में रजत पदक जीतने के बाद 2015 में पद्म श्री से नवाजा गया था।