लाइव टीवी

Ukraine Russia war: खेल के मैदान पर हो रहा है युद्ध का विरोध, रूसी खिलाड़ी ने व्लादिमीर पुतिन को दी बड़ी सीख

Updated Feb 26, 2022 | 20:22 IST

यूक्रेन और रूस के बीच हो रहे युद्ध का विरोध पूरी दुनिया में हो रहा है। खेल के मैदान पर भी विरोध की झलक नजर आने लगी है। शनिवार को एक रूसी टेनिस खिलाड़ी ने अपने ही राष्ट्रपति को शांति का संदेश दिया।

Loading ...
यूक्रेन के खिलाफ युद्ध का खेल के मैदान पर विरोध
मुख्य बातें
  • रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध का पूरी दुनिया में विरोध हो रहा है
  • इटली की फुटबॉल लीग के दौरान यूक्रेन के खिलाड़ी ने No war in Ukraine ke का सेदेश दिया
  • वहीं रूसी टेनिस खिलाड़ी आंद्रे रूबलेव ने मैदान के बीच कैमरे पर लिखा नो वॉर प्लीज

नई दिल्ली: यूक्रेन और रूस के बीच छिड़े युद्ध का पूरी दुनिया में विरोध हो रहा है। खेल के मैदान पर भी खिलाड़ी अपने-अपने तरीके से इस युद्ध का विरोध कर रहे हैं और इसे खत्म करने की अपील कर रहे हैं। इटली की फुटबॉल लीग सीरी ए और दुबई में आयोजित टेनिस टूर्नामेंट में कुछ खिलाड़ियों ने अपने-अपने तरीके से युद्ध के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। 

इटली की लोकप्रिय फुटबॉल लीग सीरी ए में यूक्रेन के फुटबॉल खिलाड़ी रुस्लान मालिनोवस्की ने अपने देश पर रूस के आक्रमण की कड़ी निंदा की। उन्होंने ग्रीस में यूरोपा लीग राउंड ऑफ मैच के दौरान ओलंपियाकोस पीरियस के खिलाफ गोल करने के बाद 'यूक्रेन में युद्ध नहीं' (No war in Ukraine) वाली टी-शर्ट पहनकर दुनिया को संदेश दिया।

रुस्लान मालिनोवस्की ने कहा, No war in Ukraine
28 वर्षीय मिडफील्डर ने अपने क्लब जर्सी के नीचे एक सफेद टी-शर्ट पहनी थी, जिस पर लिखा था कि 'यूक्रेन में युद्ध नहीं'। उन्होंने यह टी-शर्ट 66वें मिनट में अपने दो गोल करने के बाद दुनिया के सामने प्रदर्शित किया। गोल करने के बाद, मालिनोवस्की भीड़ की ओर दौड़े और फिर रुक गए। इसके बाज क्लब की जर्सी को ऊपर कर अंदर पहनी जर्सी पर लिखे संदेश को पूरी दुनिया को दिखाने लगे।

रूबलेव ने दिया पुतिन के लिए संदेश  'No War Please'
रूस में भी यूक्रेन के खिलाफ युद्ध का विरोध हो रहा है। राजधानी मॉस्को में लोग क्रेमलिन के बाहर प्रदर्शन करके अपने देश की सरकार से युद्ध की निंदा कर रहे हैं और इसे रोकने की अपील कर रहे हैं। युद्ध का विरोध कर रहे रूसी लोगों में एक और नाम टेनिस खिलाड़ी आंद्रे रूबलेव का भी दर्ज हो गया है। रूबलेव ने दुबई टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मैच में जीत के बाद कोर्ट पर कैमरामैन के पास गए और कैमरे की स्क्रीन पर कुछ लिखने लगे।

जब मैदान में उपस्थित दूसरे कैमरामैन ने उनके लिखे शब्दों पर फोकस किया तो नजर आया कि रूबलेव ने अपने देश के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए संदेश  'No War Please' लिखा था। यह नजर आते ही मैदान पर उपस्थित दर्शक तालियां बजाने लगे और कॉमेंट्रेटप रूबलेव की तारीफ करने लगे। सोशल मीडिया पर उनका यह मैसेज जमकर वायरल हो रहा है।