लाइव टीवी

टोक्यो ओलंपिक 2021 के आयोजन की ये हो सकती है नई तारीख

Updated Mar 29, 2020 | 16:52 IST

टोक्यो ओलंपिक की आयोजन समिति इन खेलों के कोरोना वायरस के कारण एक साल के लिए रद्द होने के बाद नई आयोजन की नई तारीखों के बारे में जोर शोर से विचार कर रही है। ये हो सकती है आगाज की नई तारीख।

Loading ...
Tokyo Olympics 2021

टोक्यो: कोरोना वायरस महामारी के दुनियाभर में फैलने के बाद स्थगित किये गये टोक्यो 2020 ओलंपिक का आयोजन अगले साल जुलाई में हो सकता है। जापान की मीडिया ने रविवार को खबर दी कि इन खेलों के आयोजक जुलाई 2021 में इसकी मेजबानी के बारे में गंभीरता से विचार कर रहे हैं।

सार्वजनिक प्रसारणकर्ता एनएचके ने आयोजन समिति के सूत्रों के हवाले से बताया कि महामारी की मौजूदा स्थिति और तैयारी के लिहाज से खेलों का आयोजन 23 जुलाई 2021 से होने की संभावना है। टोक्यो की गवर्नर युरिको कोइके ने शुक्रवार को कहा था कि इन खेलों का आयोजन ऐसे समय में होना चाहिए जब तोक्यो में गर्मी या उमस ज्यादा नहीं रहे। जिसके बाद आयोजन समिति ने इस विचार करना शुरू किया।

उन्होंने कहा कि इससे मैराथन और दूसरे दौड़ आधारित खेलों की मेजबानी आसान हो जाएगी और ऐसे खेलों का आयोजन टोक्यो में ही हो सकेगा। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने मैराथन और दौड़ से जुड़े दूसरे खेलों का आयोजन देश के उत्तर में स्थित साप्पोरो शहर में कराने का फैसला किया था।

असाही शिमबुन अखबार के मुताबिक योशिरो मोरी की अगुवाई वाली टोक्यो 2020 टीम अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) से संभावित तारीखों की चर्चा कर रही है। मोरी ने एक जापानी टेलीविजन को बताया कि हम एक सप्ताह के अंदर 'किसी तरह के निष्कर्ष' पर पहुंच जायेंगे।

जापान में ओलंपिक का आयोजन इस साल 24 जुलाई जबकि पैरालंपिक का आयोजन 25 अगस्त से होना था। पिछले सप्ताह हालांकि एक ऐतिहासिक फैसले में आईओसी ने इसे स्थगित कर दिया। प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा था कि इसका आयोजन लगभग एक साल के बाद होगा जो इस महामारी पर मानवता की जीत का प्रतीक होगा।