लाइव टीवी

Tokyo Olympics: 5 साल का इंतजार खत्म, आज होगा ओलंपिक का आगाज, जानिए सभी जरूरी बातें

Updated Jul 23, 2021 | 04:15 IST

When will Tokyo Olympics start, Tokyo Olympic schedule, Tokyo Olympics opening ceremony: आज टोक्यो ओलंपिक का आगाज हो गया है। जानिए इस सबसे बड़े खेल आयोजन के बारे में सब कुछ।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
Tokyo Olympics national stadium
मुख्य बातें
  • आज शुरू हो रहा है खेलों का सबसे बड़ा आयोजन ओलंपिक्स - टोक्यो कर रहा है मेजबानी
  • खेल प्रेमियों को करना पड़ा है 5 साल इंतजार, शानदार ओपनिंग सेरेमनी के साथ होगा शुभारंभ
  • पिछले साल कोविड-19 की वजह से स्थगित हुए थे गेम्स, इस बार भी टोक्यो झेल रहा है कोरोना महामारी की मार

आज जापान की राजधानी टोक्यो में ओलंपिक (Tokyo Olympics) का आगाज हो रहा है। खेलों का आरंभ हो चुका है और अब शानदार ओपनिंग सेरेमनी के साथ आधिकारिक रूप से हो जाएगा शुभारंभ। वैसे तो ओलंपिक्स का आयोजन हर 4 साल में होता है लेकिन टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए खेल प्रेमियों को 5 साल इंतजार करना पड़ा। कोविड-19 महामारी के चलते पिछले साल टोक्यो ओलंपिक को एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया था। कोरोना के मामलों में एक बार फिर टोक्यो में उछाल आया है लेकिन इस बार आयोजकों ने इसे ना रोकने का फैसला किया है।

कब व कितने बजे होगी Tokyo Olympics Opening Ceremony

टोक्यो ओलंपिक के उद्घाटन समारोह (Tokyo Olympics Opening Ceremony) की शुरुआत 23 जुलाई को टोक्यो के राष्ट्रीय स्टेडियम में होगी। भारतीय समय के मुताबिक इसका आगाज शाम 4.30 पर होगा।

भारत में कहां देख सकेंगे टोक्यो ओलंपिक गेम्स

खबरों के मुताबिक भारत में डीडी स्पोर्ट्स (DD Sports) हर दिन टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) का सीधा प्रसारण करेगा जबकि दूरदर्शन (Doordarshan) के अन्य चैनल और आकाशवाणी (AIR) इन खेलों के आयोजन पर विशेष कार्यक्रम प्रसारित करेंगे। भारतीय समय के मुताबिक टोक्यो ओलंपिक में खेलों की शुरुआत रोज सुबह 5 बजे हो जाएगी।

ओपनिंग सेरेमनी में कौन-कौन से बड़ी हस्तियां होंगी मौजूद

समारोह के दौरान निजी तौर पर स्टेडियम में मौजूद रहने वाले लोगों की संख्या 1000 के आसपास हो सकती है। जापान सरकार के मुख्य कैबिनेट सचिव कात्सुनोबु केटो के हवाले से ‘क्योडो’ समाचार एजेंसी ने कहा कि कोविड-19 महामारी से संक्रमण के जोखिम को नियंत्रित करने के आयोजकों के प्रयास के तहत राष्ट्रीय स्टेडियम में उद्घाटन समारोह के दौरान लोगों की मौजूदगी को सीमित करने का फैसला किया गया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी जिल बाइडेन टोक्यो पहुंचीं- AP

केटो ने कहा कि लगभग 70 कैबिनेट स्तर के अधिकारियों के भी जापान आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह के दौरान कितने अति विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे इस पर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मेक्रों, मंगोलिया के प्रधानमंत्री लुवसानामसराई ओयुन एर्डेन और अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडेन के अलावा कुछ और वैश्विक नेता उद्घाटन समारोह में मौजूदगी का वादा कर चुके हैं।

जापान में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण हालांकि कई नेताओं को खेलों के महाकुंभ के लिए अपनी यात्रा को रद्द करने पर बाध्य होना पड़ा।
मुख्य कैबिनेट सचिव केटो ने कहा कि इन खेलों से प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा को वैश्विक नेताओं के साथ संबंध मजबूत करने का बहुमूल्य मौका मिलेगा।

भारत की तरफ से ओपनिंग सेरेमनी में कौन-कौन होगा

कोविड-19 जुड़ी चिंताओं और अगले दिन कुछ प्रतियोगिताओं के आयोजन के कारण भारत के सात खेलों के 20 खिलाड़ी और छह अधिकारी ही शुक्रवार को यहां ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे। भारत के अधिकतर खिलाड़ियों ने इस समारोह से दूर रहने का फैसला किया है। निशानेबाजी, बैडमिंटन, तीरंदाजी और हॉकी जैसे खेलों के खिलाड़ी समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे क्योंकि भारतीय दल अपने खिलाड़ियों को वायरस के जोखिम से बचाना चाहता है। वैसे भी अधिकतर खिलाड़ियों को शनिवार से अपनी स्पर्धाओं में भाग लेना है। हॉकी से केवल ध्वजवाहक और पुरुष टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह समारोह में भाग लेंगे। जो 20 खिलाड़ी उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे उनमें मनिका बत्रा और अचंता शरत कमल सहित टेबल टेनिस के चार खिलाड़ी तथा नौकायन टीम के भी इतने ही खिलाड़ी शामिल हैं।

उत्साह की कमी, दर्शकों के बिना होंगे गेम्स, स्थानीय लोग भी नाराज

ओलंपिक का आयोजन उत्साह की कमी के बीच जापान की राजधानी टोक्यो में शुक्रवार से हो रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जापान के स्थानीय नागरिकों में कोरोना महामारी के बीच ओलंपिक कराने को लेकर अलग-अलग राय है। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि, "टोक्यो के स्थानीय नागरिकों में इसके आयोजन को लेकर भिन्न राय है। सिर्फ टोक्यो ही नहीं जापान में कई लोगों की ऐसी ही राय है। करीब 80 फीसदी जनता कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच ओलंपिक कराने और इवेंट के दौरान दर्शकों को दूर रखने के खिलाफ हैं। जापान की सड़कों पर उत्साह नहीं है।"

ओलंपिक के लिए टोक्यो आ रहे लोगों को विभिन्न चेकप्वाइंट से गुजरना पड़ रहा है। हर चेकप्वाइंट पर पेपरवर्क की जांच हो रही है और सवाल पूछे जा रहे हैं। पत्रकार और अधिकारी अगले 15 दिनों के लिए अपने होटल, स्थानों और मुख्य प्रेस केंद्र तक ही सीमित रहेंगे। रिपोर्ट में कहा, "टोक्यो में उत्साह का वातावरण स्पष्ट रूप से अनुपस्थित है।" स्थानीय अखबारों ने भी हाल ही में ओलंपिक की मेजबानी को लेकर सवाल उठाए थे।

ओलंपिक के पहले दिन कैसा होगा भारतीय खिलाड़ियों का कार्यक्रम

टोक्यो में ओलंपिक खेलों के पहले दिन (23 जुलाई) शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ियों का कार्यक्रम (भारतीय समयानुसार) इस प्रकार रहेगा।

तीरंदाजी

सुबह 5:30 बजे - महिला व्यक्तिगत रैंकिंग राउंड - दीपिका कुमारी

सुबह 9:30 बजे - पुरुष व्यक्तिगत रैंकिंग राउंड – अतनु दास, प्रवीण जाधव और तरुणदीप राय।