लाइव टीवी

Tokyo Paralympics 2021: भारत को मिला एक और पदक, शूटिंग में सिंहराज अडाना ने जीता कांस्य 

Updated Aug 31, 2021 | 12:16 IST

भारतीय निशानेबाज सिंहराज अडाना ने तोक्यो पैरालंपिक खेलों में पी1- पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 में कांस्य पदक जीता।

Loading ...
सिंहराज अडाना

टोक्यो: भारत के लिए ओलंपिक के बाद पैरालंपिक खेल भी ऐतिहासिक साबित हो रहे हैं। भारतीय पैरा-एथलीट इस बार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को भारत के खाते में एक और पदक निशानेबाजी में  सिंहराज अडाना ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 स्पर्धा में डाला।

अडाना ने कुल 216.8 अंक बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने छठे स्थान पर रहकर आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनायी थी। क्वालीफिकेशन में 575 अंक के साथ शीर्ष पर रहने वाले मनीष नरवाल हालांकि फाइनल में सातवां स्थान ही हासिल कर पाये।

अडाना शीर्ष तीन में जगह बनाने के लिये शुरू से ही संघर्षरत थे। उनका 19वां शॉट सही नहीं लगा जिससे वह पिछड़ गये थे लेकिन उनका 20वां प्रयास अच्छा रहा जबकि इसमें चीन के झियालोंग लोउ 8.6 अंक ही बना पाये। चीन ने हालांकि फाइनल में दबदबा बनाये रखा। मौजूदा चैंपियन चाओ यांग (237.9 पैरालंपिक रिकार्ड) ने स्वर्ण और हुआंग झिंग (237.5) ने रजत पदक जीता।

भारत का यह वर्तमान खेलों में निशानेबाजी में दूसरा पदक है। सोमवार को अवनि लेखरा ने आर-2 महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। एसएच1 वर्ग में निशानेबाज एक हाथ से ही पिस्टल थामते हैं। उनके एक हाथ या पांव में विकार होता है। इसमें निशानेबाज नियमों के अनुसार बैठकर या खड़े होकर निशाना लगाते हैं।
 
पदक तालिका में 28वें स्थान पर पहुंचा भारत
अडाना के कांस्य पदक के साथ ही भारत के टोक्यो पैरालंपक खेले में पदकों की संख्या 8 हो गई है। जिसमें 2 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत अडाना के कांस्य पदक के साथ 34 वें से 28वें स्थान पर पहुंच गया है।