लाइव टीवी

चंद्रमा की सतह से नमूने लेकर पृथ्वी पर लौटा चीन का चंद्रयान ‘चांग ई 5’

Updated Dec 17, 2020 | 15:02 IST

चीन की सरकार समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, इसके साथ ही चंद्रमा की कक्षा में जाना, वहां उतरना और नमूने वापस लाने का चीन का वर्तमान तीन-चरणीय चंद्र अन्वेषण कार्यक्रम सफलतापूर्वक समाप्त हो गया।

Loading ...
चंद्रमा की सतह से नमूने लेकर पृथ्वी पर लौटा चीन का चंद्रयान ‘चांग ई 5।

बीजिंग : चीन का चंद्रयान ‘चांग ई 5’ चांद की सतह से नमूने लेने के बाद सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौट आया है। चांद से 40 से अधिक वर्ष बाद नमूने पृथ्वी पर लाए गए हैं। ‘चीन राष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रशासन’ (सीएनएसए) के अनुसार ‘चांग ई 5’ मंगोलिया स्वायत्त क्षेत्र के सिजिवांग बैनर में स्थानीय समयानुसार देर रात एक बजकर 59 मिनट (बुधवार को) उतरा। सीएनएसए के प्रमुख झांग केजन ने ‘चांग ई 5’ अभियान को सफल घोषित किया है।

दो किलोग्राम नमूने एकत्र किए
चीन की सरकार समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, इसके साथ ही चंद्रमा की कक्षा में जाना, वहां उतरना और नमूने वापस लाने का चीन का वर्तमान तीन-चरणीय चंद्र अन्वेषण कार्यक्रम सफलतापूर्वक समाप्त हो गया, जिसकी शुरुआत 2004 में हुई थी। ‘चांग ई 5’के चार में से दो मॉड्यूल एक दिसम्बर को चंद्रमा की सतह पर पहुंचे थे और उन्होंने सहत से खुदाई करके करीब दो किलोग्राम नमूने एकत्र किए।

चंद्रमा की सतह पर उतरने वाला चीन का तीसरा यान
इन नमूनों को सील बंद कंटेनर में रखा गया और उसे वापस आने वाले मॉड्यूल में स्थानांतरित किया गया। ‘चांग ई 5’ चांद की सतह पर पहुंचने वाला चीन का तीसरा यान है। यह चीन के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रम की कड़ी का हालिया अभियान है। अभियान के तहत भेजा गया ‘चांग ई 4’ चंद्रमा के सुदूरवर्ती क्षेत्र में पहुंचने वाला पहला यान था। इससे पहले पूर्व सोवियत संघ द्वारा भेजे गये रोबोट वाले लूना 24 अंतरिक्ष यान के जरिये वैज्ञानिकों को चांद से लाये गये नमूने प्राप्त हुए थे।