लाइव टीवी

ऑनलाइन बनी गर्लफ्रेंड, 2000 किमी का सफर कर बर्थडे पर सरप्राइज देने पहुंचा लड़का, जाना पड़ गया पुलिस थाने

Updated Jan 13, 2021 | 19:49 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

बंगलुरु का एक शख्स ऑनलाइन मिली अपनी गर्लफ्रेंड को उसके बर्थडे पर सरप्राइज देने के लिए लखीमपुर खीरी पहुंचता है। लेकिन लड़की के घर वाले उसे पुलिस थाना पहुंचा देते हैं।

Loading ...
युवक को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया

नई दिल्ली: ऑनलाइन बनी गर्लफ्रेंड को उसके बर्थडे पर सरप्राइज देना बंगलुरु के एक लड़के को भारी पड़ गया और उसे एक रात थाने में गुजारनी पड़ी। दरअसल, 2000 किलोमीटर की यात्रा कर अचानक पहुंचे लड़के को लड़की ने पहचानने से इनकार कर दिया और उसके परिवार ने पुलिस को फोन कर दिया। इसके बाद लड़के को एक रात पुलिस स्टेशन में बितानी पड़ी। 

गर्लफ्रेंड के बर्थडे पर उसके घर पहुंचने के लिए 21 साल के लड़के ने बंगलुरु से लखनऊ के लिए फ्लाइट ली और फिर लखीमपुर खीरी जाने के लिए बस ली। वह लड़की के लिए लिए चॉकलेट, एक टेडी बियर और कुछ अन्य गिफ्ट आइटम भी लाया था, लेकिन बदले में लड़की के परिवार वालों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

बंगलुरु में काम करता है लड़का

पुलिस ने कहा कि उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का रहने वाला और बंगलुरु में मैकेनिक का काम करने वाले सलमान को रविवार की रात पुलिस थाने में बितानी पड़ी और सोमवार को उसे निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने कहा, 'लड़की के परिवार के सदस्यों ने युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया। लेकिन, उसे सोमवार को सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया और बाद में निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।' 

युवक के पास थी रिटर्न टिकट

उन्होंने बताया कि सीआरपीसी की धारा 151 के तहत मामला दर्ज किया गया था। लड़की के माता-पिता ने पुलिस से सलमान को इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति के खिलाफ चेतावनी देने के लिए कहा। सलमान ने पुलिस को बताया कि उसने एक वर्चुअल प्लेटफॉर्म के माध्यम से लड़की के साथ दोस्ती की थी और उसे जन्मदिन का उपहार देने के लिए आया था। हालांकि, लड़की के परिवार को उस पर संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को फोन कर दिया। युवक के पास 11 जनवरी का बंगलुरू का रिटर्न टिकट था और कुछ नकदी थी।