लाइव टीवी

10 महीने बाद लोगों के लिए चली मुंबई लोकल, शख्स ने सिर झुकाकर किया प्रणाम, वायरल हो रही तस्वीर

Updated Feb 03, 2021 | 22:33 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

कोरोना वायरस महामारी के कारण पिछले साल 22 मार्च से बंद मुंबई लोकल में अब आम लोगों को यात्रा करने की अनुमति मिल गई है। एक शख्स लोकल में चढ़ने से पहले सिर झुकाकर उसको नमन करता है। तस्वीर वायरल हो रही है।

Loading ...
पिछले साल 22 मार्च को लोकल थम गई थी

नई दिल्ली: 1 फरवरी से मुंबई लोकल में एक बार फिर आम लोगों को अनुमति मिल गई है। कोरोना वायरस महामारी के कारण 10 महीने बाद लोगों को लोकल में यात्रा करने की अनुमति मिली है। इस दौरान एक तस्वीर सामने आई है, जो कि सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। दरअसल, एक शख्स लोकल में चढ़ने से पहले सिर झुकाकर ट्रेन को प्रणाम करता है। इसे देखकर कहा जा सकता है कि लोकल मुंबई वासियों के लिए कितनी अहमियत रखती है।

आनंद महिंद्रा ने भी इस तस्वीर को ट्विटर पर शेयर किया और साथ ही लिखा, 'भारत की आत्मा... मैं प्रार्थना करता हूं कि हम इसे कभी न खोएं।।' सोशल मीडिया पर लोग इस फोटो पर खूब प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। 

अभी आम लोगों को लोकल में यात्रा करने की मिली अनुमति सीमित घंटों के लिए है। मध्य रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने बताया कि सभी अधिकृत निकास/प्रवेश बिंदुओं पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस की मदद ली जा रही है और सुचारू संचालन के लिए टिकट खिड़कियां भी खोल दी गई हैं। लोकल ट्रेन की सेवाएं आम लोगों के लिए दिन की सेवा शुरू होने से सुबह सात बजे तक, फिर दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक और रात नौ बजे से सेवा समाप्ति तक उपलब्ध रहेगी। रेल मंत्रालय और महाराष्ट्र सरकार के निर्देशों के मुताबिक, सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम चार बजे से रात नौ बजे तक केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी ही लोकल ट्रेन में यात्रा कर पाएंगे। 

कोविड-19 वैश्विक महामारी के मद्देनजर आम जनता के लिए पिछले वर्ष 22 मार्च से लोकल ट्रेन बंद हैं। आवश्यक सेवाओं के कर्मियों के लिए इन्हें 15 जून से बहाल किया गया था।