लाइव टीवी

Independence Day 2022: 15 अगस्त को भारत के अलावा इन 5 देशों को भी मिली थी आजादी, जानिए कौन हैं वो नाम

Updated Aug 15, 2022 | 12:03 IST

Independence Day 2022: हमारा पड़ोसी देश पाकिस्‍तान अपनी आजादी 14 अगस्‍त को मनाता है। लेकिन हम आपको उन 5 देशों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें 15 अगस्‍त को ही आजादी मिली थी। 

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPeople
5 देशों को आजादी
मुख्य बातें
  • 15 अगस्त 2022 को पूरे हो रहे भारत की आजादी के 75 साल
  • 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों से आजाद हुआ था देश
  • भारत के अलावा 5 अन्य देश भी 15 अगस्त को हुए थे आजाद

Independence Day 2022: आज यानी 15 अगस्त, 2022 को भारत अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। इसका मतलब यह हुआ कि देश अपना 76वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। 15 अगस्त, 1947 को देख अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुआ था। इस सुनहरे दिन को 75 वर्ष बीतने पर देश में आजादी का अमृत महोत्‍सव मनाया जा रहा है। देशभर में 'हर घर तिरंगा' अभियान चल रहा है। आपको बता दें कि 15 अगस्त को न सिर्फ भारत बल्कि 5 अन्य देश भी हैं, जिनको आज ही के दिन आजादी नसीब हुई थी। 

आपको बता दें कि हमारा पड़ोसी देश पाकिस्‍तान अपनी आजादी 14 अगस्‍त को मनाता है। लेकिन हम आपको उन 5 देशों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें 15 अगस्‍त को ही आजादी मिली थी। यह तो सभी जानते हैं कि आजादी कितनी जरूरी होती है। हर देश के लिए यह बेहद स्वर्णिम पल होता है। इस आजादी के लिए न जाने कितने लोगों ने अपनी जान कुर्बान की है, तब जाकर हमें यह आजादी नसीब हुई है। तो चलिए उन देशों के बारे में जानते हैं, जिनके लिए आज का दिन गौरव का दिन है।

लिकटेंस्टीन

लिकटेंस्टीन दुनिया के सबसे छोटे देशों में शुमार है। यह देश 15 अगस्त 1866 को जर्मनी से आजाद हुआ था। हालांकि, यहां साल 1940 से 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है।

उत्तर कोरिया

उत्तर कोरिया ने 15 अगस्त 1945 को जापान से आजादी हासिल की थी। सोवियत संघ और यूएस की सेना ने उत्तर कोरिया को जापान के कब्जे से मुक्त करवाया था। यहां 15 अगस्त को राष्ट्रीय अवकाश रहता है।

दक्षिण कोरिया

उत्तर कोरिया की तरह दक्षिण कोरिया भी 15 अगस्त 1945 को ही जापान से आजाद हुआ था। दक्षिण कोरिया में भी 15 अगस्त को ही स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है।

कॉन्गो

अफ्रीका महाद्वीप में स्थित देश कॉन्गो 15 अगस्त 1960 को फ्रांस के शासन से आजाद हुआ था। इसके बाद रिपब्लिक ऑफ कॉन्गो बना। फ्रांस का कॉन्गो पर साल 1880 से ही कब्जा था। इसे साल 1903 के बाद 'मिडिल कॉन्गो' कहा जाने लगा था।

बहरीन

बहरीन एक खाड़ी देश है, जो कभी ब्रिटिश उपनिवेशवाद का हिस्‍सा हुआ करता था। हालांकि, साल 1971 में 15 अगस्त को वह सुनहरा दिन आया जब बहरीन को आजादी मिली। 15 अगस्त को बहरीन और इंग्लैंड के बीच एक संधि हुई। इसके बाद बहरीन आजाद देश हो गया। हालांकि, बहरीन अपना नेशनल हॉलीडे 16 दिसंबर को मनाता है, क्योंकि इसी दिन इसा बिन सलमान अल खलीफा बहरीन की गद्दी पर काबिज हुए थे।