लाइव टीवी

पार्किंग को लेकर लड़की की पुलिसवालों से हुई बहस, SI ने जड़ दिया तमाचा, वायरल हुआ वीडियो

Updated Mar 10, 2021 | 09:46 IST

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडिया में महिला पुलिसकर्मी को एक लड़की को थप्पड़ मारते देखा जा रहा है। विवाद स्‍कूटी खड़ी करने को लेकर हुआ था।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspYouTube
पार्किंग को लेकर लड़की की पुलिसवालों से हुई बहस, SI ने जड़ दिया तमाचा, वायरल हुआ वीडियो

बेंगलुरु : सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा रहा है कि स्‍कूटी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद एक महिला पुलिसकर्मी ने लड़की को थप्‍पड़ मार दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लड़की और पुलिसकर्मियों के बीच बहस को देखा जा सकता है। बहस के बीच ही महिला पुलिसकर्मी ने लड़की को थप्‍पड़ जड़ दिया।

यह वीडियो कर्नाटक के मांड्या शहर का बताया जा रहा है। प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक, लड़की ने नो-पार्किंग एरिया में अपनी स्‍कूटी खड़ी की थी और इसी को लेकर पुलिसकर्मियों से उसकी बहस हुई। स्‍कूटी को नो-पार्किंग एरिया में देखकर पुलिसकर्मियों ने उसे सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी, जिस पर लड़की की पुलिसवालों के साथ बहस हुई।

दरअसल लड़की का कहना है कि पुलिसकर्मी इसके लिए उस पर जुर्माना लगा सकते हैं, लेकिन स्‍कूटी सीज नहीं कर सकते। वीडियो में देखा जा सकता है कि इस बहस के बीच ही कुछ पुलिसकर्मी स्‍कूटी वहां से हटाने की कोशिश करते हैं, जिस पर लड़की भी नाराज होती है। वह पुलिसकर्मियों द्वारा अपनी स्‍कूटी सीज करने का विरोध करती है।

लड़की और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस होती है। इसी दौरान एक महिला एसआई लड़की को थप्‍पड़ मार देती है, जिस पर लड़की का गुस्‍सा और भड़क जाता है। बाद में वह फोन पर किसी से बात करती नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने जहां ट्रैफिक नियमों के उल्‍लंघन को लेकर लड़की की गलती मानी है, वहीं महिला पुलिसकर्मी द्वारा उसे थप्‍पड़ मारने पर नाराजगी जताई है।

बताया जा रहा है कि पुलिस लड़की के स्‍कूटी को लेकर थाने पहुंची थी, लेकिन बाद में उसे बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया। वह फिलहाल पढ़ाई कर रही है। यह घटना 7 मार्च की बताई जा रही है।