लाइव टीवी

ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए मालदा के भाजपा सांसद मुर्मू, बॉक्स खोला तो मोबाइल की जगह मिले पत्थर

Updated Oct 29, 2019 | 16:13 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Malda MP Khagen Murmu : मुर्मू बताया कि उन्होंने जब पार्सल बॉक्स को खेला तो उसके अंदर मोबाइल फोन की जगह दो पत्थर पाकर हैरान रह गए। उन्होंने अपने लिए एक मोबाइल फोन का ऑनलाइन ऑर्डर दिया था।

Loading ...
मालदा सांसद के साथ हुई ऑनलाइन ठगी। (तस्वीर सौजन्य-फेसबुक)
मुख्य बातें
  • मुर्मू ने एक सप्ताह पहले मोबाइल फोन के लिए ऑनलाइन ऑर्डर किया था
  • बॉक्स खोला तो उसके अंदर मोबाइल फोन की जगह मिले संगमरमर के 2 पत्थर
  • मुर्मू ने कहा कि इसकी शिकायत वह उपभोक्ता मंत्रालय के मंत्री से करेंगे

कोलकाता : ई-कॉमर्स कंपनियों की ठगी का शिकार केवल आम लोग ही नहीं बल्कि नेता भी होने लगे हैं। ताजा मामला पश्चिम बंगाल का है। मालदा के भाजपा सांसद खागेन मुर्मू ने अपने लिए एक मोबाइल फोन का ऑनलाइन ऑर्डर दिया था लेकिन ऑर्डर की डिलीवरी में जो चीज उन्हें मिली उसे पाकर वह हैरान रह गए। दरअसल, बॉक्स के अंदर मोबाइल नहीं बल्कि संगमरमर के दो पत्थर थे। मुर्मू की तरफ से इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस का कहना है कि वह शिकायत पर कार्रवाई करेगी। 

टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक मुर्मू ने अपने लिए एक मोबाइल फोन का ऑनलाइन ऑर्डर दिया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने जब पार्सल बॉक्स को खेला तो उसके अंदर मोबाइल फोन की जगह दो पत्थर पाकर हैरान रह गए। मुर्मू ने कहा, 'मैंने पार्सल खोला तो उसमें ऑर्डर वाले मोबाइल की जगह किसी दूसरी मोबाइल कंपनी का बॉक्स था। बॉक्स का सील टूटा हुआ था और जब मैंने उसे खोला तो उसमें संगमरमर के दो टुकड़े थे। यह देखकर मैं हैरान रह गया।'

भाजपा सांसद ने कहा कि उन्होंने एक सप्ताह पहले ऑर्डर किया था और इस ऑर्डर को दिवाली के मौके पर पहुंचना था। ऑर्डर जब पहुंचा तो मुर्मू उस समय घर पर नहीं थे। इस ऑर्डर को उनकी पत्नी ने प्राप्त किया और कैश ऑन डिलीवर ऑप्शन के तहत उनकी पत्नी ने 11,999 रुपए का भुगतान किया। मुर्मू ने इस बॉक्स को सोमवार को खोला।

मालदा के पुलिस अधिकारी आलोक राजोरिया ने कहा, 'हम निश्चिच रूप से शिकायत की जांच करेंगे।' मुर्मू ने मालदा बाजार के इंग्लिश बाजार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा, 'मैंने इसके पहले कोई भी चीज ऑनलाइन नहीं खरीदी है। ऑनलाइन खरीदारी मेटा बेटा करता है। यह पहली बार है जब मैंने कोई चीज खरीदने के लिए ऑनलाइन ऑर्डर किया। मैं इस मामले की शिकायत उपभोक्ता मंत्रालय के मंत्री से करूंगा।'