लाइव टीवी

'हाउज द डिस्टेंस, 6 फीट सर'; मुंबई पुलिस ने इस तरह समझाया सोशल डिस्टेंसिंग का महत्व

Updated Jun 08, 2020 | 14:06 IST

Mumbai police tweet: लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का महत्व समझाने के लिए मुंबई पुलिस ने उरी फिल्म के डायलॉग को अपने तरीके से सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।

Loading ...
मुंबई पुलिस ने शेयर किया मीम
मुख्य बातें
  • लॉकडाउन के बाद देश अब अनलॉक की तरफ बढ़ रहा है
  • अनलॉक कर देश में अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का प्रयास किया जा रहा है
  • लॉकडाउन हटने के बाद देश में कोरोना के मामले और तेजी से बढ़ रहे हैं

नई दिल्ली: कोरोना के खिलाफ लड़ाई में 6 फीट की दूरी कितनी जरूरी है, ये आज के समय में हर कोई जानता है, लेकिन कई बार देखने में आता है कि इस सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पाता है। मुंबई पुलिस ने कोरोना काल में सोशल डिस्टेंसिंग का महत्व अपने तरीके से समझाया है। मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक मीम के द्वारा 6 फीट की दूरी की बात दोहराई है। इसके लिए 'उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक' के एक डायलॉग का इस्तेमाल किया गया है, जो कि काफी ज्यादा लोकप्रिय हुआ था। 

फिल्म में जवानों में जोश बढ़ाने के लिए विकी कौशल कई जगह बोलते थे- हाउज द जोश तो जवान कहते थे- हाई सर। लेकिन मुंबई पुलिस ने इस डायलॉग में आज के समय के अनुसार बदलाव कर दिया है। अब मुंबई पुलिस पूछती है- हाउज द डिस्टेंस तो विकी कौशल कह रहे हैं- 6 फीट सर! इस तस्वीर में विकी कौशल ने मास्क भी लगा रखा है। 

सोशल मीडिया पर विचित्र पोस्ट शेयर कर महत्वपूर्ण संदेश देने के लिए मुंबई पुलिस काफी जानी जाती है। मुंबई पुलिस ने कहा है 6 फीट की दूरी का ध्यान रखें। आप मन के कितने भी करीब क्यों न हों...लेकिन शरीर से दूर रहें... कोरोना से दूर रहें...। 

मरीन ड्राइव पर उमड़ी भीड़

इस बीच मुंबई के मरीन ड्राइव की एक फोटो सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि लोगों की भीड़ निकली हुई है। एक लंबे लॉकडाउन के बाद मिली छूट का फायदा उठाते हुए मुंबईकर टहलने, व्यायाम करने और घूमने के लिए बड़ी संख्या में बाहर निकले। मुंबई की ये फोटो खूब वायरल हुई। लोगों ने इस पर खूब चिंता भी जाहिर की। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि इसे देखकर कहा जा सकता है कि ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कैसे होगा। 

कोरोना से प्रभावित शहरों में मुंबई सबसे ऊपर है। यहां कुल मामले 48000 हजार से ऊपर चले गए हैं।