लाइव टीवी

क्या आप लॉकडाउन से ऊब चुके हैं? मुंबई पुलिस का ये वीडियो देख बदल जाएगी सोच

Updated Apr 08, 2020 | 17:18 IST

Mumbai Police video: मुंबई पुलिस ने एक दिल को छू लेने वाला विडियो शेयर किया है। इस वीडियो को लोग काफी पसंद कर रहे हैं।

Loading ...
Video Grab

मुंबई: कोरोना वायरस के चलते भारत सहित दुनिया के कई देशों में लॉकडाउन चल रहा है। सोशल मीडिया ऐसे पोस्ट्स से भरा पड़ा है जिसमें लोग लॉकडाउन खत्म होने के बाद अपनी पसंदीदा चीजों फिर से करने के बारे में बता रहे हैं। कोई रेस्टोरेंट में भोजन करने, कोई सिनेमा में फिल्म देखने तो किसी को ऑफिस जाकर करने की इच्छा है। साथ ही कई लोगों ने घर में रहने और 21 दिनों के लॉकडाउन की वजह से ऊब जाने की शिकायत की है। लेकिन जब आप मुंबई पुलिस का एक वीडियो देखेंगे तो उम्मीद है कि शिकायत करना बंद कर देंगे। इस वीडियो में लॉकडाउन की स्थिति को एक अलग नजर से पेश किया है। मुंबई पुलिस ने दो मिनट दो सेकेंड का यह दिल को छू लेने वाला विडियो अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। 

'यह समय बच्चों के साथ गुजारना पसंद करता'

मुंबई पुलिस ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, 'क्या लॉकडाउन बहुत लंबा है? अंदाजा लगाएं कि अगर हम घर पर होते तो क्या करते?' वीडियो में छह पुलिसकर्मियों से उनकी ख्वाहिशों के बारे में पूछा गया है। उनसे सवाल किया गया कि अगर आप 21 दिनों के लिए घर पर होते तो क्या करते? इस सवाल के जवाब में एक महिला पूलिसकर्मी ने कहा कि मैं अपने घर से बिलकुल भी बाहर नहीं निकलती। हमें परिवार के साथ वक्त बिताने का बहुत कम समय मिलता है। इसलिए निश्चित तौर पर मैं यह समय परिवार के साथ ही बिताती। वहीं, दूसरे पुलिसकर्मी ने कहा कि मैं  यह समय अपने बच्चों के साथ गुजारना पसंद करता। एक पुलिस वाले ने कहा कि मैं किताबे पढ़ता और परिवार के साथ गेम खेलता। 

इनके अलावा एक महिला पुलिसकर्मी ने कहा कि अगर मैं घर पर होती तो अपनी मां और बहन के साथ समय बिताती। मैं किताबी पढ़ती और परिवार के साथ फिल्में देखती। अन्य महिला पुलिसकर्मी ने कहा कि मैं शादीशुदा हूं और मुझे पति के साथ ज्यादा समय नहीं मिलता। इसलिए मैं यह समय अपने पति के साथ बिताना पसंद करती। पांचवें पुलिसकर्मी ने कहा कि मैं अपनी पत्नी के रहता और अपने पालतू जानवर के साथ खेलता। एक अन्य महिला पुलिसकर्मी ने कहा कि मैं  यह वक्त अपने परिवार के साथ गुजारती। खाना बनाती, सोती और फिल्में देखती।
 

महाराष्ट्र में कोरोना मरीज एक हजार के पार

महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को कोरोना वायरस के 60 नए मामले सामने आए और जिसके बाद राज्य में इस महामारी से पीड़ित लोगों की संख्या 1,078 हो गई है। महाराष्ट्र देश का पहला राज्य है जहां वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 1,000 से ऊपर चली गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 60 नए मामलों में से 44 मामले मुंबई में, पुणे में नौ, नागपुर में चार और अहमदनगर, अकोला तथा बुलढाना में एक-एक नया मामला सामने आया है। वहीं, राज्य में इस खतरनाक वायरल के कारण अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है।