लाइव टीवी

VIDEO: अकेले रहने वाले बुजुर्ग को पुलिस ने दिया बर्थडे सरप्राइज, फौरन ही छलक आए आंसू

Updated Apr 28, 2020 | 17:55 IST

Panchkula Police Viral Video: लॉकडाउन में अकेले रहने वाले एक बुजुर्ग को पुलिस ने जन्मदिन पर सरप्राइज दिया। यह देख बुजुर्ग के फौरन ही आंसू छलक आए।

Loading ...
Video Grab

नई दिल्ली: कोरोना वायरस से जंग में स्वास्थ्यकर्मी और पुलिसकर्मी असली हीरो बनकर सामने आए हैं। स्वास्थ्यकर्मी जहां अस्पतालों में मोर्चा संभाले हुए हैं वहीं पुलिसकर्मी सड़कों पर जी जान से जुटे हुए हैं। अपनी सख्तियों के लिए मशहूर पुलिस लॉकडाउन में लोगों का खास अंदाज में ख्याल रख रही है। सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें पुलिसकर्मी एक बुजुर्ग शख्स का जन्मदिन मनाते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल, यह वायरल वीडियो हरियाणा के पंचकूला का है। पंचकूला पुलिस ने जब अकेले रहने वाले बुजुर्ग का घर पहुंचकर जन्मदिन मनाया तो उनकी आंखें नम हो गईं। बुजुर्ग का नाम करन पुरी है।

'आपको किसने बताया मेरा जन्मदिन'

करन पुरी पंचकूला में इन दिनों अपने घर में अकले रह रहे हैं। जन्मदिन के मौके पर भी वह घर में अकेले ही थे। लेकिन अचानक ही कुछ पुलिसकर्मी उनके घर पहुंच गए, जिनमें महिलाएं भी थीं। पुलिसकर्मियों के अवाज देने पर बुजुर्ग बाहर निकले। जैसे ही बुजुर्ग गेट के करीब आते हैं तो वहां मौजूद सभी पुलिसकर्मी, 'हैप्पी बर्थडे टू यू' कहते हुए उन्हें सरप्राइज देते हैं। ये देखकर उनकी आंखे नम हो जाती हैं। वे कहते हैं कि आपको किसने बताया। वे अपने बच्चों को याद करने लग जाते हैं और भावुक हो जाते हैं। पुलिसकर्मी करन पुरी से केक काटने की गुजारिश करते हैं और कहते हैं कि हम आपके ही बच्चे जैसे हैं। फिर बुजुर्ग को बर्थडे कैप पहनाकर केक काटा जाता है।

मुख्यमंत्री ने भी शेयर किया वीडियो

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने मनोहर लाल खट्टर ने भी पंचकूला पुलिस द्वारा बुजुर्ग के मनाए गए जन्मदिन के वीडियो को शेयर किया है। मुख्यमंत्री ने अपने ट्विटर अकाउंट पर वीडियो शयेर करते हुए लिखा, 'यह नजारा देखकर आंखें नम हो गईं। मेरी तरफ से भी आपको जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं श्री करन पुरी जी। पंचकूला पुलिस ने जिस भावनात्मक तरीके से अकेले रह रहे बुजुर्ग का जन्मदिन मनाया वो अद्भुत व प्रशंसनीय है।' बता दें कि पुलिस कमिश्नर सौरभ सिंह के निर्देशानुसार, पंचकूला महिला थाना प्रभारी नेहा चौहान की टीम बुजुर्ग के घर केक लेकर पहुंची और जन्मदिन मनाया।