लाइव टीवी

शादी में परिवार नहीं आ सका तो पुलिस बनी 'मां-बाप', पुजारी को बुलाया और किया कन्यादान

Updated May 03, 2020 | 17:49 IST

Pune Police solemnise marriage: लॉकडान के दौरान पुणे पुलिस ने एक जोड़े की शादी संपन्न कराई। कन्यादान भी पुलिस ने ही किया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
दूल्हा और दुल्हन।

नई दिल्ली: लॉकडाउन के बीच लोग अपने घरों में रहकर कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। वहीं पुलिसकर्मी सड़कों पर जी जान से जुटे हुए हैं। अपनी सख्तियों के लिए मशहूर पुलिस लॉकडाउन में लोगों का खास अंदाज में ख्याल रख रही है। महाराष्ट्र के पुणे में पुलिस ने युवक और युवती की शादी की शादी की रस्में निभाकर लोगों का जीत लिया। लॉकडाउन की वजह से युवक और युवती के मां-बाप शादी में शामिल नहीं हो पाए जिसके बाद पुणे पुलिस ने सारी रस्में निभाईं। कन्यादान भी पुलिस ने ही किया। यह मामला शनिवार का है। लड़का आईटी प्रोफेशनल है और लड़की डॉक्टर है।

परिवार ने वीडियो कॉल के जरिए शिरकत की

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर और उनकी पत्नी ने दुल्हन का 'कन्यादान' किया जबकि जोड़े के माता-पिता और बाकी परिवार के सदय्सों ने वीडियो कॉल के जरिए शादी समारोह में शिरकत की। पुलिस ने सभी इंतजाम किए। पुलिस ने अमानोरा क्लब हाउस की दो घंटे की बुकिंग की और रसम-रिवाज पूरा करने के लिए एक पुजारी भी बुलाया। दंपति के पिता रिटायर्ड आर्मी कर्नल हैं। शादी देहरादून में होनी थी मगर लॉकडाउन की वजह से ऐसा हो नहीं सका। 

'खुशी है कि शादी तय तारीख को हो गई'

दूल्हे आदित्य सिंह बिष्ट (27) ने बताया, 'मेरी शादी देहरादून में होने वाली थी, लेकिन हम लॉकडाउन की वजह से यात्रा नहीं कर सके। लेकिन मुझे खुशी है कि मेरी शादी पुणे में 2 मई की तय तारीख को हो गई। हालांकि, हमारे माता-पिता, रिश्तेदार और दोस्त शादी में शामिल नहीं हो पाए।' शादी डीसीपी सुहास बावचे, इंस्पेक्टर हमराज कुंभार, असिस्टेंट इंस्पेक्टर मनोज पाटिल और प्रसाद लोनारे की उपस्थिति में संपन्न हुई। पाटिल और उनकी पत्नी ने 'कन्यादान' किया, वहीं लोनारे ने क्लब हाउस और पुजारी की व्यवस्था की।

असिस्टेंट इंस्पेक्ट प्रसाद लोनारे ने कहा, 'दूल्हे के पिता ने शहर के पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया था और अपने बेटे की शादी करने के लिए मदद मांगी थी। इसके बाद हमने शादी से संबंधित सारी व्यवस्था की।' अमनोरा टाउनशिप के उपाध्यक्ष सुनील तर्ते ने कहा, 'हमने शादी के लिए क्लब हाउस मुफ्त में उपलब्ध कराया। हमने जोड़े को सैनिटाइजर का एक बॉक्स गिफ्ट किया और उन्हें लंच परोसा।'