लाइव टीवी

कार छोड़ी, ट्रैक्‍टर से पहुंचे घर, किसानों को समर्थन देने के लिए नवविवाहित दंपति ने अपनाया अनूठा तरीका

Updated Feb 01, 2021 | 21:50 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन के बीच उत्‍तरारखंड में एक नवविवाहित दंपति ने उन्‍हें समर्थन देने के लिए अनूठा तरीका अपनाया। दोनों के घरवालों ने शादी के लिए जुटाई रकम भी दान करने का फैसला किया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
कार छोड़ी, ट्रैक्‍टर से पहुंचे घर, किसानों को समर्थन देने के लिए नवविवाहित दंपति ने अपनाया अनूठा तरीका

रुद्रपुर : कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्‍ली की सीमाओं पर किसानों का प्रदर्शन बीते दो महीने से भी अधिक समय से जारी है। इस बीच देशभर से लोग किसानों को अपना-अपना समर्थन दे रहे हैं। कोई धरनास्‍थल पहुंच रहा है तो कोई बिल्‍कुल अलग अंदाज में किसानों के प्रति अपना समर्थन जता रहा है। इसमें उत्‍तराखंड के एक नवविहादित दंपति भी शामिल हैं, जिन्‍होंने किसानों के प्रति समर्थन जताने के लिए अनूठा तरीका अपनाया।

उत्‍तराखंड में उधम सिंह नगर के बाजपीर गुरुद्वारे में सिवलजीत सिंह और संदीप कौर की शादी शनिवार (30 जनवरी) रात हुई थी। उन्‍होंने अपनी शादी में ऐसे गीत बजाए, जो किसानों की खेती व कृषि कार्य से जुड़े थे। यह सब किसानों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए था। उनकी शादी में शामिल हुए लोगों ने भी किसानों के समर्थन में नारे लगाए।

शादी के लिए बचाई रकम करेंगे दान

किसानों के प्रति समर्थन जताते हुए दूल्हा और दुल्‍हन ने घर पहुंचने के लिए कार छोड़ दी और वे ट्रैक्‍टर से घर पहुंचे। इतना ही नहीं दोनों परिवारों ने इस शादी के लिए जो रकम बचाई थी, वह भी उन्‍होंने गुरुद्वारों में दान करने की बात कही है, ताकि आंदोलनकारी किसानों के लिए लंगर का प्रबंध करने में इसे खर्च किया जा सके। यहां उल्‍लेखनीय है कि कई गुरुद्वारे आंदोलनकारी किसानों के लिए लंगर का प्रबंध कर रहे हैं।

'टाइम्‍स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के अनुसार, दुल्‍हन ने कहा कि बीते महीने से किसानों का प्रदर्शन जारी है, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्‍चे भी शामिल हैं। उन्‍होंने कहा कि वे सिर्फ अपने लिए प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। अगर इस कानून को वापस नहीं लिया गया तो किसानों को भारी नुकसान होगा। ऐसे में उन्‍होंने अपनी शादी में उठाए गए कुछ इन कदमों के जरिये किसानों के प्रति समर्थन जताने का फैसला किया।