लाइव टीवी

[VIDEO] घरों में बंद हुए इंसान तो पूल पर बंदर कर रहे स्नान, खिड़की पर चढ़कर लगा दी छलांग

Updated Apr 12, 2020 | 12:02 IST

कोरोना लॉकडाउन में इंसानों के घरों में बंद हो जाने के बाद जानवरों को मस्ती करने की पूरी आजादी मिल गई है। हाल ही में कुछ बंदरों के पूल में मस्ती करने का वीडियो सामने आया है।

Loading ...
बंदरों ने की पूल पार्टी (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • इंसानों के घरों के अंदर बंद होने पर बंदरों को मस्ती करने का पूरा मौका मिल गया है
  • मुंबई में जानवर एक पूल में खिड़की और बालकनी से छलांग लगाते नजर आए
  • अभिनेत्री टिस्का चोपड़ा ने शेयर किया मंकी मस्ती का वायरल वीडियो

नई दिल्ली: कोरोनो वायरस के प्रकोप के बीच जब इंसान घरों की चारदीवारी के अंदर बंद हैं तब, जानवरों ने सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा कर लिया है और उन्हें अपनी लाइफ इन्जॉय करने की थोड़ा ज्यादा आजादी मिल गई है। सड़कों पर खुलेआम घूमते हुए जानवरों के वीडियो लगातार इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं।

कुछ दिन पहले नोएडा में एक नीलगाय को सड़क पर टहलते हुए देखा गया था, जबकि उत्तराखंड में एक सोसाएटी के अंदर एक सांभर हिरण देखा गया था। अब, मुंबई के बोरीवली में बंदरों की पूल पार्टी का एक वीडियो इंटरनेट पर चर्चा में आ गया है।

क्लिप को बॉलीवुड अभिनेत्री टिस्का चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। जिसमें खिड़की और बालकनी पर चढ़कर बंदर पूल में छलांग लगाते दिख रहे हैं। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा,  'इंसानों की #PoolParty को देखना और सालों तक किया इंतजार। मौका मिलते ही लगा दी छलांग। #monkeyingaround #everymonkeyhasitsday'

क्लिप में, एक बंदर बालकनी की रेलिंग पर बैठा दिख रहा है, जबकि एक दूसरा बंदर घर की खिड़की पर मस्ती करते हुए देखा जा सकता है। अचानक वह छलांग लगाकर स्विमिंग पूल में कूद जाता है। एक लंबी डुबकी लगाने के बाद, बंदर फिर इत्मीनान से तैरता हुआ, एक कोने में जाकर बैठ जाता है। इस दौरान कुछ और बंदरों ने भी इसी तरह पूल पार्टी का मजा लिया।

शेयर किए जाने के कुछ घंटों के भीतर वीडियो तेजी से वायरल हुआ और  1 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। कई यूजर्स सहित ताहिरा कश्यप जैसे सेलेब्स ने भी वीडियो पर कमेंट- यह वास्तव में अविश्वसनीय है। हाल ही में मुंबई शहर की ही खाली सड़क पर नाचते एक मोर का वीडियो भी सामने आया था।