लाइव टीवी

पहले जिराफ का किया शिकार, फिर उसका दिल हाथ में लेकर खिंचवाई तस्‍वीर, भड़का लोगों का गुस्‍सा

Updated Feb 25, 2021 | 19:37 IST

जिराफ का शिकार कर महिला ने उसका दिल हाथ में लेकर फोटो खिंचवाई, जिसे देखकर लोगों का गुस्‍सा भड़क गया। पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने इसे 'अमानवीय' करार देते हुए उसकी आलोचना की है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspFacebook
पहले जिराफ का किया शिकार, फिर उसका दिल हाथ में लेकर खिंचवाई तस्‍वीर, भड़का लोगों का गुस्‍सा

नई दिल्‍ली : बेजुबानों के प्रति कोई किस कदर निर्दयी हो सकता है, इसका एक और उदाहरण सामने आया है, जहां एक महिला ने पहले तो जिराफ का गोली मारकर शिकार किया और फिर उसका दिल हाथ में लेकर तस्‍वीर खिंचवाई और इसे सोशल मीडिय पर अपलोड भी किया। हालांकि उसे भारी विरोध का सामना करना पड़ा और इंटरनेट यूजर्स ने इसके लिए उसकी कड़ी निंदा की है।

इस महिला का नाम मरलाइज वैन डेर मरवे (32) है, जिसने दक्षिण अफ्रीका के एक गेम पार्क में इस जिराफ का शिकार किया। उसके पति 2,000 डॉलर से अधिक रुपये खर्च कर उसे दक्षिण अफ्रीका के उस गेम पार्क में ले गए थे। यह घटना वैलेंटाइन डे की बताई जा रही है। महिला ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्‍वीरें भी पोस्‍ट की थीं, जिसमें जिराफ का दिल हाथ में लिए हुए महिला की तस्‍वीर भी शामिल थी। यह तस्‍वीर कई लोगों को विचलित कर सकती है, इसलिए इसे हम यहां नहीं दे रहे हैं।

कहा था इसे वैलेंटाइन का 'तोहफा'

महिला ने इसे वैलेंटाइन का 'सबसे बेहतरीन तोहफा' बताया था और अपने पोस्‍ट में लिखा था कि जिराफ का इतना बड़ा दिल देखकर उसे हैरानी हुई। उसने लिखा था कि वैलेंटाइन पर मिले इस 'बड़े तोहफे' से सातवें आसमान पर है। 'न्‍यूयार्क पोस्‍ट' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह महिला अब तक 500 से अधिक जानवरों का शिकार कर चुकी है, जिनमें शेर, चीता और हाथी भी शामिल हैं।

इस पोस्‍ट के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने महिला की आलोचना की है। खास तौर पर पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने महिला शिकारी की निंदा की है, लेकिन महिला का कहना है कि यह पर्यटन को बढ़ावा देने का एक तरीका है और यह भी कि इस तरह से जानवरों का शिकार उन्‍हें विलुप्‍त होने से बचाता है। हालांकि महिला की इस दलील को पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने सिर से खारिज कर दिया है और उसकी आलोचना की है।