लाइव टीवी

Varanasi Multilevel Market: वाराणसी में यहां बनेगी मल्टीलेवल मार्केट, 52 दुकानें बनाई जाएंगी, इनको होगा आवंटन

Updated Jun 27, 2022 | 16:46 IST

Varanasi Municipal Corporation: वाराणसी शहर स्थित टाउन हॉल में मल्टीलेवल मार्केट बनाने का रास्ता साफ हो गया। नगर निगम ने इसके निर्माण की सार्वजनिक घोषणा कर दी है। इसके साथ ही मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव भी बना लिया गया है। इसके निर्माण की प्रक्रिया बहुत ही जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इधर, नगर नगर निगम अब पार्कों में आउटलेट्स खोलेगा। इससे निगम की आय में वृद्धि होगी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
वाराणसी में बनेगा मल्टीलेवल मार्केट (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • मल्टीलेवल मार्केट बनाने के लिए टेंडर भी निकाला गया
  • टाउन हॉल परिसर में पहले जो दुकानें थीं, उनको इस मार्केट में जगह दी जाएगी
  • नगर निगम ने दुकानदारों की सूची भी कर ली तैयार

Varanasi Multilevel Market: वाराणसी नगर निगम अब टाउन हॉल मैदान में मल्टीलेवल मार्केट बनाएगा। इस मार्केट में 52 दुकानें बनाई जाएंगी। इसके निर्माण के लिए नगर निगम के स्तर पर प्रस्ताव भी बना लिया गया है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत यह काम पूरा करवाया जाना है। निर्माण कार्य के लिए नगर निगम ने टेंडर भी निकाल दिया है। इस वित्तीय वर्ष के अंत तक निर्माण पूरा कराने का लक्ष्य तय किया गया है। 

इस मल्टीलेवल मार्केट में उन दुकानदारों को दुकान आवंटित होगी, जो पहले टाउन हॉल मैदान परिसर में प्रतिष्ठान चला रहे थे। इनकी दुकानों को शहर के विकास कार्यों के कारण तोड़ दिया गया था। नगर निगम ने ऐसे दुकानदारों की सूची बना ली है। इसमें मूल आवंटी के साथ ही सिकमी एवं वारिसान किरायदार भी हैं। 

12 गुमटी वालों को भी दी जाएगी दुकान

टाउल हॉल मैदान परिसर से विस्थापित दुकानदारों के अलावा नगर निगम ने 12 गुमटी वालों को भी दुकान देने का निर्णय लिया है। इन गुमटी वालों को पूर्व में नगर निगम की टीम ने हटाया था। इसके लिए नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने अधिकारियों को तेजी से काम पूरा करवाने के निर्देश जारी किए हैं। 

पार्कों में खोले जाएंगे निजी कंपनियों के आउटलेट

नगर निगम अब शहर के पार्कों में आउटलेट्स खोलेगा। निजी कंपनियों के आउटलेट्स से निगम की आय बढ़ेगी। अधिकारियों के अनुसार, निगम को इससे हर साल 10 करोड़ रुपए की आय होगी। फिलहाल 56 आउटलेट्स खोले जाने की संभावना है। इसमें एक हजार बेरोजगारों को रोजगार मिलने की भी संभावना है। इसी दिशा में काम भी शुरू कर दिया गया है। नगर आयुक्त प्रणय सिंह का कहना है कि, पार्कों का सर्वे चल रहा है। इस प्रोजेक्ट से पार्क की सुंदरता, हरियाली एवं स्वच्छता पर फर्क नहीं पड़ेगा। सर्वे के दौरान इस पर प्राथमिकता दी जा रही है। आउटलेट्स के लिए जगह चिह्नित की जा रही है। 

निगम से लगातार संपर्क कर रहीं कंपनियां

पार्कों में आउटलेट्स खोले जाने को लेकर बड़ी-बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि नगर निगम अधिकारियों से संपर्क साध रहे हैं। इनमें दुग्ध प्रोजेक्ट से जुड़ी कंपनियां सबसे अधिक हैं। आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक, फास्ट फूड से संबंधित भी कंपनियां हैं।

Varanasi News in Hindi (वाराणसी समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।