लाइव टीवी

Pitch Black Exercise 2022: भारत समेत 17 देशों की एयर फोर्स ऑस्ट्रेलिया में कर रही युद्ध अभ्यास, जानें क्या है 'पिच ब्लैक' एक्सरसाइज

दीपक पोखरिया | Senior Correspondent
Updated Aug 30, 2022 | 14:34 IST

Pitch Black Exercise 2022: इस बार 'पिच ब्लैक' एक्सरसाइज में भारतीय वायु सेना के अलावा 16 दूसरे देशों की वायु सेनाएं इस एक्सरसाइज में भाग ले रही हैं। इस एक्सरसाइज में 17 देशों के 100 से अधिक विमान और 2500 सैन्य कर्मी भाग ले रहे हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
भारत समेत 17 देशों की एयर फोर्स ऑस्ट्रेलिया में कर रही युद्ध अभ्यास।

Pitch Black Exercise 2022: ऑस्ट्रेलया के समुद्री इलाके में पिछले कई दिनों से 'पिच ब्लैक' 2022 के नाम से एक बड़ी एक्सरसाइज हो रही है। इस एक्सरसाइज में ऑस्ट्रेलिया, भारत और अमेरिका समेत कुल 17 देश भाग ले रहे हैं। रॉयल ऑस्ट्रेलियन वायु सेना की ओर से आयोजित तीन हफ्ते तक चलने वाली ये एक्सरसाइज ऐसे समय में हो रहा है जब रूस-यूक्रेन का युद्ध चल रहा है। इसके अलावा ताइवान जलडमरूमध्य में जहां चीन अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन कर रहा है तो वहीं अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी हाल ही में ताइपे का दौरा कर लौटी हैं।

19 अगस्त से शुरू हुई ये एक्सरसाइज आठ सितंबर तक चलेगी। भारतीय वायुसेना के बेड़े का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन वाईपीएस नेगी कर रहे हैं और इसमें 100 से अधिक वायुसैनिक शामिल हैं। इसके अलावा चार सुखोई-30 एमकेआई युद्धक विमान और दो सी-17 विमान भी इस युद्ध अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं। 

क्या है 'पिच ब्लैक' एक्सरसाइज?

'पिच ब्लैक' एक्सरसाइज का ऑस्ट्रेलिया मेजबान है, और इसमें भाग लेने वाले अन्य लोगों में भारत, जर्मनी, फ्रांस, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया, अमेरिका, न्यूजीलैंड, इंडोनेशिया, सिंगापुर, जापान, कोरिया गणराज्य, यूके, फिलीपींस, थाईलैंड, कनाडा और नीदरलैंड शामिल हैं। पहली बार जापान, जर्मनी और कोरिया गणराज्य भाग ले रहे हैं। 'पिच ब्लैक' एक्सरसाइज रॉयल ऑस्ट्रेलियन वायु सेना के ब्रैडशॉ फील्ड ट्रेनिंग एरिया और डेलामेरे एयर वेपन्स रेंज पर आयोजित किया जाता है, जो दुनिया के सबसे बड़े प्रशिक्षण हवाई क्षेत्रों में से एक है।

'पिच ब्लैक' एक्सरसाइज ऑस्ट्रेलिया में हर दो साल में होती है। इस एक्सरसाइज का मकसद युद्ध के लिए अपनी तैयारियों को परखना होता है। इस बार 'पिच ब्लैक' एक्सरसाइज में भारतीय वायु सेना के अलावा 16 दूसरे देशों की वायु सेनाएं इस एक्सरसाइज में भाग ले रही हैं। इस एक्सरसाइज में 17 देशों के 100 से अधिक विमान और 2500 सैन्य कर्मी भाग ले रहे हैं। ये एक्सरसाइज दिन के अलावा रात में भी हो रही है। इस साल भाग लेने वाले कई देशों के बीच हवा से हवा में ईंधन भरने की क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। 

एक्सरसाइज कमांडर एयर कमोडोर टिम अलसॉप ने कहा कि 'पिच ब्लैक' की वापसी साझेदारी को मजबूत करने और क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए एक उत्कृष्ट अवसर है। वहीं रॉयल ऑस्ट्रेलियन वायु सेना ने कहा कि ये एक्सरसाइज ऑस्ट्रेलिया के मजबूत संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा पर रखे गए उच्च मूल्य और पूरे भारत-प्रशांत क्षेत्र में घनिष्ठ संबंधों को बढ़ावा देता है।

चीन समेत दुनियभर की निगाहें इस 'पिच ब्लैक' 2022 एक्सरसाइज पर

दक्षिण चीन सागर के पास जिस तरह चीन ताइवान को घेरकर अपनी एक्सरसाइज कर रहा है, ऐसे में चीन समेत दुनियभर की निगाहें इस 'पिच ब्लैक' 2022 एक्सरसाइज पर लगी हुई हैं। हालांकि एक्सरसाइज में शामिल देश पहले ही साफ कर चुके हैं कि इस एक्सरसाइज का चीन से कोई लेना देना नहीं है। पिछला 'पिच ब्लैक' 2018 में आयोजित किया गया था। कोरोना के चलते साल 2020 में होना वाला 'पिच ब्लैक' रद्द कर दिया गया था। 

भारत ने पहली बार 2018 में जर्मनी, इंडोनेशिया, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, थाईलैंड, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, फ्रांस और संयुक्त राज्य अमेरिका जैसे अन्य देशों के साथ पिच ब्लैक में भाग लिया था।