लाइव टीवी

लोगों से मिल रहे थे फ्रांस के राष्‍ट्रपति, तभी भीड़ में से एक शख्‍स ने मार दिया थप्‍पड़, 2 गिरफ्तार [Video]

Updated Jun 08, 2021 | 20:10 IST

फ्रांस में भीड़ से मिलने के दौरान एक शख्‍स ने राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को थप्‍पड़ मार दिया। सुरक्षा बलों ने आरोपी को तुरंत दबोच लिया। मामले में दो लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP, File Image
फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों
मुख्य बातें
  • फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को भीड़ में से एक शख्‍स ने थप्‍पड़ मार दिया
  • इस घटना ने लोग सकते में हैं, इसे बड़ी सुरक्षा चूक के तौर पर देखा जा रहा है
  • वह बैरियर के दूसरी तरफ खड़े लोगों से हाथ मिला रहे थे जब यह घटना हुई

पेरिस : फ्रांस से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों जब भीड़ में शामिल लोगों से हाथ मिला रहे थे, एक शख्‍स ने उन्‍हें थप्‍पड़ मार दिया। हालांकि सुरक्षा बलों ने उसे तुरंत दबोच लिया। लेकिन इस घटना ने फ्रांस और दुनियाभर में लोगों को हैरान कर दिया है। फ्रांस जैसे देश में कार्यरत राष्‍ट्रपति के साथ इस तरह हरकत से लोग सकते में हैं।

यह घटना दक्षिण-पूर्वी फ्रांस में ड्रोम क्षेत्र की बताई जा रही है। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों लोगों से मिलने के लिए बैरियर के पास पहुंचते हैं और एक-एक कर लोगों से हाथ मिलाते हैं। इसी बीच एक शख्‍स उनसे हाथ मिलाने की बजाय उन्‍हें थप्‍पड़ मार देता है। उसने हरे रंग का टी-शर्ट पहन रखा और चश्‍मा व मास्‍क भी लगा रहा है।

राष्‍ट्रपति की सुरक्षा में बड़ी चूक

वह फ्रेंच भाषा में मैक्रों के खिलाफ नारेबाजी करते भी सुना गया। राष्‍ट्रपति के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे दबोच लिया। उसके साथ दो लोगों को अब तक इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। उनसे फिलहाल पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने हर किसी को सकते में ला दिया है। इसे राष्‍ट्रपति की सुरक्षा में बड़ी चूक के तौर पर देखा जा रहा है। यह घटना स्‍थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:15 की बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि राष्‍ट्रपति यहां एक हाईस्‍कूल के दौरे पर पहुंचे थे। इसके बाद वह अपनी कार में बैठ गए थे। हालांकि बड़ी संख्‍या में लोग उनसे मिलने की मांग करने लगे, जिसके बाद वह लौटे। वह लोगों से मिलने के लिए ही आगे बढ़े थे और बैरियर की दूसरी ओर खड़े लोगों से एक-एक कर मिल रहे थे, जब यह घटना हुई।

यहां उल्‍लेखनीय है कि फ्रांस में अलगे साल राष्‍ट्रपति चुनाव होने वाले हैं, जिसमें मैक्रों एक बार फिर से दावेदरी करने जा रहे हैं। चुनाव पूर्व जो पोल आ रहे हैं, उसमें मध्‍यममार्गी रूझान रखने वाले मैक्रों को धुर दक्षिणपंथी नेता मरीन ली पेन के मुकाबले मामूली बढ़त दिखाया जा रहा है।