लाइव टीवी

क्या भारत को नेपाल उकसा रहा है, कथित गोलीबारी में एक भारतीय नागरिक की मौत

Updated Mar 05, 2021 | 20:35 IST

क्या नेपाल भारत को बेवजह उकसाने का काम कर रहा है। नेपाल के कंचनपुर इलाके में नेपाली पुलिस पर आरोप है कि उसने तीन भारतीय नागरिकों को घेर कर गोलीबारी की जिसमें एक की मौत हो गई।

Loading ...
नेपाल के कंचनपुर इलाके में वारदात
मुख्य बातें
  • नेपाल के कंचनपुर इलाके में कथित तौर पर गोलीबारी, मेला देखने गए थे तीन भारतीय
  • नेपाल पुलिस पर आरोप पर युवकों को घेरकर मारी गई गोली, एक की मौत
  • ऐहतियात के तौर पर पीलीभीत और नेपाल सीमा पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

पीलीभीत।  भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। दोनों देशों के बीच रोटी और बेटी का रिश्ता आज भी कायम है। लेकिन राजनैतिक स्तर पर संबंधों में खटास की शुरुआत तब शुरू हुई जब नेपाल की कमान कम्यूनिस्ट पार्टी के हाथों में गई और सरकार के मुखिया के पी शर्मा ओली बने। ओली के बारे में कहा जाता था कि वो चीन की तरफ झुके हुए हैं जो मौके मौके पर नजर भी आया। लेकिन जब कालापानी, नीती और लिम्पियाधुरा को नेपाल ने अपने नक्शे में शामिल किया तो विवाद बढ़ गया। ताजा मामला कंचनपुर इलाके का है जहां तीन भारतीय नागरिकों पर नेपाली पुलिस ने गोली चला दी।

कंचनपुर इलाके में वारदात
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले की सीमा से लगे नेपाल के कंचनपुर इलाके में मेला घूमने गये तीन भारतीयों पर नेपाली पुलिस की कथित गोलीबारी के बाद इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि युवक का शव नेपाल पुलिस के कब्जे में ही है। वहीं, नेपाली पुलिस ने तस्करी का आरोप लगाते हुए गोली चलाने की बात कही है।
भारतीय पक्ष का क्या है कहना
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हजारा थाना क्षेत्र के भूमिदान राघवपुरी टिल्ला चार गांव के रहने वाले गोविंद सिंह, गुरमीत सिंह और पप्पू सिंह नेपाल के कंचनपुर में लगे मेले में गए थे। नेपाली पुलिस ने तीनों की घेर कर उन पर गोली चला दी ।यादव ने बताया कि इस गोलीबारी में गोविंद सिंह (24) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय प्राथमिक चिकित्सालय में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
सीमा पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
यूपी पुलिस के मुताबिक  मृतक के दो साथियों में से एक और घायल हुआ है, जिसके बारे में कोई सटीक जानकारी नही मिल पा रही है। वहीं, तीसरे युवक के बारे में कहा जा रहा है कि वह भाग कर भारतीय सीमा के अंदर आ गया है। सीमा पर स्थिति शांतिपूर्ण है, फिर भी एहतियात के तौर पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। नेपाल पुलिस के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, घटना के सम्बन्ध में मृतक के परिजनों से भी तथ्य जुटाए जा रहे हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)