लाइव टीवी

PM Modi's Speech Highlights: ट्रंप के सामने मोदी ने बताया कितना बदला भारत, Howdy Modi भाषण की प्रमुख बातें

Updated Sep 23, 2019 | 11:39 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

PM Modi's Speech Highlights: अमेरिका के ह्यूस्टन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'Howdy Modi' कार्यक्रम में भारतीयों को संबोधित किया। यहां पढ़ें उनके भाषण की महत्वपूर्ण बातें।

Loading ...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

ह्यूस्टन: अमेरिका के ह्यूस्टन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम में भारतीयों को संबोधित किया। उनसे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय-अमेरिकियों को संबोधित किया। अपने भाषण में पीएम मोदी ने बताया कि पिछले 5 सालों में भारत में किस तरह बदलाव आया है। उन्होंने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर निशाना साधा। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने को लेकर भी उन्होंने पाकिस्तान और इमरान खान को घेरा। वहां मौजूद रहे ट्रंप ने भी पीएम मोदी के भाषण को चुना।

पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें

  • भारत में बहुत कुछ हो रहा है, बहुत कुछ बदल रहा है और बहुत कुछ करने के इरादे लेकर हम चल रहे हैं। हमने नई चुनौतियां
    तय करने की और उन्हें पूरा करने की एक जिद ठान रखी है।
  • कुछ लोगों को अनुच्छेद 370 को निरस्त करने में समस्या है, ये वही लोग हैं जो अपने देश को नहीं संभाल पा रहे हैं। ये वही लोग हैं जो आतंकवाद को ढालते हैं और उसका पालन-पोषण करते हैं। पूरी दुनिया उन्हें बहुत अच्छे से जानती है। अमेरिका में 9/11 हो या मुंबई में 26/11 उसके साजिशकर्ता कहां पाए जाते हैं? अब समय आ गया है कि आतंकवाद के खिलाफ और आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाए। मैं यहां पर जोर देकर कहना चाहूंगा कि इस लड़ाई में प्रेसिडेंट ट्रंप पूरी मजबूती के साथ आतंक के खिलाफ खड़े हुए हैं। 
  • देश के सामने 70 साल से एक और बड़ा चैलेंज था जिसे कुछ दिन पहले भारत ने फेयरवेल दे दिया है। आर्टिकल 370 ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को विकास से और समान अधिकारों से वंचित रखा था। इस स्थिति का लाभ आतंकवाद और अलगाववाद बढ़ाने वाली ताकतें उठा रहीं थीं। अब भारत के संविधान ने जो अधिकार बाकी भारतीयों को दिए हैं, वहीं अधिकार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों को मिल गए हैं। वहां की महिलाओं-बच्चों-दलितों के साथ हो रहा भेदभाव खत्म हो गया है।
  • जरूरतमंद नागरिकों के लिए वेलफेयर स्कीम चलाने के साथ-साथ नए भारत के निर्माण के लिए कुछ चीजों को फेयरवेल भी दिया जा रहा है। भारत बीते 5 साल में 1500 से ज्यादा पुराने कानूनों को फेयरवेल दे चुका है। 
  • सस्ता डेटा भारत में डिजिटल इंडिया की एक नई पहचान बन रहा है। सस्ते डेटा ने भारत में गवर्नेंस को फिर से परिभाषित कर दिया है। केंद्र और राज्य सरकार की लगभग 10,000 सेवाएं ऑनलाइन हैं। पासपोर्ट बनवाने में, महीनों लग जाते थे। इन दिनों, इसमें कुछ दिन लगते हैं।
  • ईज ऑफ डूइंग बिजनस और इजी ऑफ लिविंग हमारे लिए बराबर महत्वपूर्ण हैं। रोजगार इसके लिए महत्वपूर्ण है। देश के युवाओं के पास रोजगार होने पर आर्थिक विकास तेज होगा।
  • आज भारत का सबसे चर्चित शब्द है- विकास, सबसे बड़ा मंत्र है- सबका साथ-सबका विकास, भारत की सबसे बड़ी नीति है- जन भागीदारी, भारत का सबसे प्रचलित नारा है- संकल्प से सिद्धि और भारत का सबसे बड़ा संकल्प है- न्यू इंडिया।
  • सात दशकों में देश की ग्रामीण स्वच्छता 38% थी। पिछले पांच वर्षों में हमने 11 करोड़ शौचालय बनाए। आज, ग्रामीण स्वच्छता 99% है।भारत में खाना पकाने का गैस कनेक्शन पिछले समय में 55% था। पिछले पांच वर्षों में इसे बढ़ाकर 95% किया गया है। ग्रामीण सड़क संपर्क भी 55% पर ही था। पिछले पांच वर्षों में हम इसे 97% तक ले गए हैं।
  • भारत पहले से ज्यादा तेज गति से आगे बढ़ना चाहता है। हम ऊंचा लक्ष्य बनाते हैं और उसे हासिल करते हैं। आज भारत कुछ लोगों की मानसिकता को चुनौती दे रहा है जो मानते हैं कि कुछ भी नहीं बदल सकता है। हम न्यू इंडिया बनने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। बीते 5 सालों में 130 करोड़ भारतीयों ने मिलकर हर क्षेत्र में ऐसे नतीजे हासिल किए हैं, जिनकी पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था।
  • अनेकता में एकता हमारा प्रतीक है। यह हमारे जीवंत लोकतंत्र का मूल आधार है। यह हमारी शक्ति और हमारी प्रेरणा है। इस स्टेडियम में मौजूद 50,000 भारतीय आज हमारी महान विरासत के प्रतिनिधि हैं।
  • Howdymodi के जवाब में पीएम मोदी ने कई भारतीय भाषाओं में कहा- भारत में सब अच्छा है। उन्होंने कहा कि जब आपने पूछा है कि HowdyModi, तो उसका जवाब यही है कि भारत में सब अच्छा है। 
  • इस कार्यक्रम का नाम HowdyModi है, लेकिन मोदी अकेले कुछ नहीं। मैं 130 करोड़ भारतीयों के आदेश पर काम करने वाला एक साधारण व्यक्ति हूं। 
  • NRG की एनर्जी, भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती सिनर्जी की गवाह है।
  • पीएम मोदी ने कहा- यहां का माहौल अकल्पनीय है। हम यहां नया इतिहास देख रहे हैं। आज नई केमिस्ट्री और हिस्ट्री बन रही है।