लाइव टीवी

ब्रिटिश राजघराने में भी कोरोना का मामला, प्रिंस चार्ल्‍स का टेस्‍ट पॉजिटिव

Updated Mar 25, 2020 | 21:23 IST

दुनियाभर में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच ब्रिटिश राजघराने में भी यह मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिंस चार्ल्‍स का टेस्‍ट भी पॉजिटिव आया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP, File Image
ब्रिटिश राजघराने में भी कोरोना का मामला, प्रिंस चार्ल्‍स का टेस्‍ट पॉजिटिव

लंदन : दुनियाभर में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच ब्रिटिश राजघराने में भी यह मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिंस चार्ल्‍स का टेस्‍ट भी पॉजिटिव आया है। 71 वर्षीय प्रिंस चार्ल्‍स में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए, जिसके बाद उनका टेस्‍ट कराया गया। कोरोना वायरस का उनका टेस्‍ट पॉजिटिव आया है। हालांकि उनका स्‍वास्‍थ्‍य स्थिर व बेहतर बताया जा रहा है।

डचेस ऑफ कॉर्नवाल यानी प्रिंस चार्ल्‍स की पत्‍नी कैमिला का भी कोरोना वायरस का टेस्‍ट कराया गया है, हालांकि उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। प्रिंस चार्ल्‍स का कोरोना वायरस टेस्‍ट पॉजिटिव आने के बाद वह क्‍वारंटीन में हैं। कैमिला भी पृथक रह रही हैं। राजघराने की ओर से यह भी बताया गया है कि प्रिंस चार्ल्‍स पिछले कुछ दिनों से घर से काम कर रहे थे।

इस संबंध में जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि चिकित्‍सकों की सलाह पर प्रिंस चार्ल्‍स और डचेस ऑफ कॉर्नवाल का कोरोना वायरस का टेस्‍ट कराया गया। डॉक्‍टरों की सलाह पर दोनों फिलहाल स्‍कॉटलैंड स्थित अपने घर में सेल्‍फ-आइसोलेशन में हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि यह सुनिश्चित कर पाना मुश्किल है कि प्रिंस चार्ल्‍स को यह संक्रमण कहां से हुआ, क्‍योंकि बीते कुछ सप्‍ताह में उन्‍होंने कई कार्यक्रमों में हिस्‍सा लिया।

कोरोना वायरस से दुनियाभर में 9,744 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4,39,940 लोग इससे संक्रमित हैं। यह घातक संक्रमण हालांकि चीन के वुहान शहर से शुरू हुआ, जहां इस संक्रमण के कारण 3,281 लोगों की मौत हुई है। हालांकि मौतों का आंकड़ा फिलहाल इटली और स्‍पेन में सबसे अधिक है, जहां ये बीमारी बाद के महीनों में सामने आई। इटली में इस घातक संक्रमण से 6,820 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि स्‍पेन में 3,434 लोगों की जान इससे गई है।