लाइव टीवी

आखिर कब थमेगी ये जंग, रूस-यूक्रेन के युद्ध को हुए 10 दिन, पढ़ें अब तक के बड़े अपडेट

Updated Mar 06, 2022 | 06:55 IST

Russia-Ukraine Crisis: रूस-यूक्रेन जंग का आज 11वां दिन है। 10वें दिन भी यूक्रेन रूस की सेना के सामने डटकर खड़ा है, रूस को करारा जवाब दे रहा है। इस बीच यूक्रेन ने युद्धविराम के लिए एक बार फिर भारत से अपील की है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
यूक्रेन में हालात अभी भी काफी खराब हैं

यूक्रेन पर रूस के हमले को 10 दिन पूरे हो गए हैं। आज हमले को 11वां दिन है। 2 शहरों में सीजफायर के बाद रूस ने हमले फिर शुरू कर दिए हैं। रूसी आर्मी ने करीब 7 घंटे का युद्धविराम किया था। आम लोगों को निकालने के लिए हमले रोके थे। इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने मॉस्को में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की है। 7 मार्च को यूक्रेन और रूस के बीच फिर बातचीत होगी।

इसके अलावा यूक्रेन से जारी जंग के बीच पुतिन ने कहा कि रूस के खिलाफ प्रतिबंध युद्ध की घोषणा के समान हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में विशेष सैन्य अभियान चलाना हमारे लिए बड़ा फैसला था। हमने डोनबास को शांति से हल करने की कोशिश की लेकिन यूक्रेन ने शांति में अड़ंगा लगाया। रूस रूसी विमानों के लिए नो फ्लाई जोन करने वाले देशों को दुश्मन मानेगा। पुतिन ने शनिवार को कहा कि इस समय ऐसा कुछ नहीं है जिसके कारण रूस में मार्शल लॉ लगाना पड़े। इस तरह की अटकलें थी कि रूस में मार्शल लॉ लगाया जा सकता है।  

संयुक्त राष्ट्र के एक निगरानी मिशन ने कहा है कि यूक्रेन के खिलाफ रूस की ओर से सैन्य अभियान शुरू करने के 10 दिन बाद यूक्रेन में कम से कम 351 नागरिक मारे जा चुके हैं और 707 घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग ने कहा कि इसके असल आंकड़े कहीं अधिक हो सकते हैं। इसके अलावा शरणार्थी संबंधी संयुक्त राष्ट्र एजेंसी का कहना है कि यूक्रेन में युद्ध की शुरुआत होने के बाद से अब तक करीब 14.5 लाख लोग देश छोड़ चुके हैं। एजेंसी ने उन देशों के सरकारी आंकड़ों के अनुसार ये जानकारी साझा की है, जहां यूक्रेन के शरणार्थी पहुंच रहे हैं। इसने कहा कि इनमें से 7,87,300 शरणार्थी पोलैंड, करीब 2,28,700 मोल्दोवा, 1,44,700 हंगरी, 1,32,600 रोमानिया और 1,00,500 स्लोवाकिया पहुंचे हैं। 

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को अमेरिकी सांसदों के साथ बातचीत के दौरान दावा किया कि रूसी बल यूक्रेन के दो परमाणु संयंत्र पर कब्जा कर चुके हैं और वे तीसरे संयंत्र की ओर बढ़ रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा कि मौजूदा समय में माइकोलाइव के उत्तर में करीब 120 किलोमीटर की दूरी पर स्थित युझनौक्रेंस्क परमाणु ऊर्जा संयंत्र खतरे में है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने दावा किया कि युद्ध के 10 दिन में 10,000 रूसी सैनिकों को मार गिराया गया है। हालांकि, इस दावे की प्रमाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।

रूस की प्रमुख विमानन कंपनी एयरोफ्लोट ने आठ मार्च से बेलारूस को छोड़कर अपनी सभी बाकी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन रोकने की घोषणा की है। 

No Fly Zone: आखिर क्या होता है नो फ्लाई जोन जिसे नहीं घोषित करने पर नाटो पर भड़के जेलेंस्की

यूक्रेन के खिलाफ क्या पुतिन वास्तव में परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करेंगे, बड़ा सवाल बड़ा नजरिया