लाइव टीवी

कैलिफोर्निया में शूटिंग, 4 लोगों ने गंवाई जान, 2 सप्‍ताह में तीसरी गोलीबारी

Updated Apr 01, 2021 | 11:15 IST

अमेरिका के कैलिफोर्निया में गोलीबारी हुई है, जिसमें एक बच्‍चा सहित चार लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्‍य घायल हो गए। यह दो सप्‍ताह के भीतर यहां तीसरी गोलीबारी है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP, File Image
कैलिफोर्निया में शूटिंग, 4 लोगों ने गंवाई जान, 2 सप्‍ताह में तीसरी गोलीबारी

वाशिंगटन : अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी हुई है। यह गोलीबारी कैलिफोर्निया में हुई है। इसमें एक बच्‍चे के साथ-साथ चार लोगों के मारे जाने की सूचना है। यह अमेरिका में दो सप्‍ताह के भीतर तीसरी गोलीबारी है। इससे पहले अटलांटा स्‍पा में भी गोलीबारी हुई थी, जिसमें एशियाई मूल की 6 महिलाओं सहित 8 लोगों की जान चली गई थी। वहीं कोलोराडो के एक सुपरमार्केट में हुई गोलीबारी में 10 लोगों की जान गई थी।

'लॉस एंजिल्‍स टाइम्‍स' की रिपोर्ट के अनुसार, गोलीबारी बुधवार शाम ऑरेंज ऑफ‍िस कॉम्‍प्‍लेक्‍स में हुई, जिसमें एक बच्‍चे के साथ-साथ चार लोगों की जान चली गई, जबकि पांचवां शख्‍स घायल हो गया। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि इस वारदात के पीछे क्‍या कारण हैं। जिस जगह पर यह गोलीबारी हुई है वहां कई छोटे-छोटे बिजनेस के ऑफिस हैं। पुलिस को स्‍थानीय समयानुसार शाम 5:30 बजे गोलीबारी की सूचना मिली।

कैलिफोर्निया के ऑरेंज में दिसंबर 1997 के बाद यह पहली इतनी बड़ी शूटिंग रही, जब गोलीबारी की एक घटना में चार लोगों की जान चली गई थी, जबकि अन्‍य घायल हो गए थे। यह शहर लॉस एंजिल्‍स से करीब 48 किलोमीटर दूर है।

अमेरिका में इससे पहले अटलांटा स्‍पा में 16 मार्च को हुई गोलीबारी में एशियाई मूल की छह महिलाओं सहित 8 लोगों की जान चली गई थी। यह घटना ऐसे समय में हुई, जबकि अमेरिका में बीते करीब एक साल में एशियाई मूल के लोगों के प्रति नफरत की भावना देखी गई है। इस गोलीबारी के लिए 21 वर्षीय रॉबर्ट आरों लॉन्‍ग को जिम्‍मेदार ठहराया गया है।

वहीं, कोलोराडो के बोल्‍डर सुपरमार्केट में भी बीते सप्‍ताह गोलीबारी हुई थी, जिसमें 10 लोगों की जान चली गई थी।