लाइव टीवी

24 घंटों में दूसरी बार थर्राया अमेरिका, टेक्सास के बाद ओहियो शूटिंग में 10 की मौत, इस कदर बढ़े हैं हेट क्राइम

Updated Aug 04, 2019 | 15:48 IST | सृष्टि वर्मा

टेक्सास शूटिंग की खबर से लोग अभी उबरे भी नहीं थे कि अमेरिका एक बार फिर से गोलीबारी से थर्रा गया है। टेक्सास के बाद अब ओहियो में हुई गोलीबारी में शूटर सहित 10 लोगों की मौत हो गई है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
ओहियो गोलीबारी में 10 की मौत
मुख्य बातें
  • 24 घंटे के भीतर दो बार गोलीबारी से थर्राया अमेरिका
  • टेक्सास के बाद अब ओहियो शहर में भीषण गोलीबारी
  • ओहियो शूटिंग में संदिग्ध समेत 10 लोगों की मौत

ओहियो : अमेरिका में बीते कुछ समय से हेट क्राइम के मामलों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। इसके ताजा उदाहरण सामने हैं। बीते 24 घंटों में दो अलग-अलग शहरों में हुई भीषण गोलीबारी में अमेरिका थर्रा गया है। टेक्सास में अभी गोलीबारी की आग अभी ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि अमेरिका के ही दूसरे शहर ओहियो से एक और गोलीबारी की खबर सामने आ गई। अमेरिका के ओहियो के डेटन शहर में गोलीबारी में 10 लोगों के मौत की खबर सामने आ गई। इसके अलावा 16 लोग इस हमले में घायल बताए जा रहे हैं। संदिग्ध बंदूकधारी की मौत हो गई है।    

डेटन पुलिस डिपार्टमेंट ने स्थानीय पुलिस के हवाले से ट्वीट करते हुए बताया कि मारे गए लोगों में संदिग्ध भी शामिल है। यह घटना ओरेगन जिले में हुई। 1 बजकर 22 मिनट पर ओरेगन जिले में गोलीबारी शुरू हो गई थी। शूटर मारा गया है। इसके अलावा 9 अन्य भी मारे गए हैं। इसके साथ ही 16 अन्य घायल भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

स्थानीय पुलिस इस मामले की जांच कर रहे हैं। इस मौके पर एफबीआई की टीम भी उनकी जांच में मदद कर रही है। गोलीबारी के चश्मदीद गवाहों से भी जांच में मदद करने की अपील की गई है। टेक्सास के अल पासो में हुई गोलीबारी के बाद ओहियो में हुई ये दूसरी सबसे बड़ा घटना है जो एक सप्ताह के भीतर हुई है। शनिवार को टेक्सास के अलपासो में एक शॉपिंग मॉल के अंदर हुई गोलीबारी में 20 लोग मारे गए वहीं 26 घायल हो गए थे।  

बता दें कि पिछले कुछ समय में अमेरिका में गोलीबारी की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। अभी कुछ दिन पहले ही कैलिफोर्निया में हुई गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई थी और इसी सप्ताह शनिवार को अमेरिका के टेक्सास शहर में स्थित एक शॉपिंग मॉल में भीषण गोलीबारी में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई जबकि 26 के करीब घायल हो गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ट्वीट कर इस घटना पर दुख व्यक्त किया था।

हेट क्राइम के आंकड़ों में बेतहाशा वृद्धि
कुछ दिनों पहले कैलिफोर्निया के हेट एंड एक्स्ट्रीमिज्म (नफरत और चरमपंथ) पर आई एक नई रिपोर्ट ने दावा किया था कि 2018 में अमेरिका के 30 बड़े शहरों में हेट क्राइम की घटनाओं में 9 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। 2015 के बाद से हेट क्राइम के इन आकड़ों में बेतहाशा वृद्धि पाई गई। 2015 के बाद लगातार पांचवे साल अमेरिका में हेट क्राइम की घटनाओं में वृद्धि देखी गई।

इस रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में क्राइम दरों में भी काफी वृद्धि देखी गई। साल 2017 में अमेरिका में हेट क्राइम की कुल 1,836 घटनाएं दर्ज की गई थी जबकि इसकी तुलना में पिछले साल 2018 में अमेरिका में हेट क्राइम की कुल 2,009 घटनाएं रिकॉर्ड की गई। 

2010 में कुल 1,417 मामले दर्ज किए गए थे जिसकी तुलना में 2018 में ऐसे मामलों में 42 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। 2018 के आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा इस तरह के मामले न्यूयॉर्क से दर्ज किए गए है और ये लाजिमी भी है क्योंकि यह अमेरिका का सबसे ज्यादा जनसंख्या वाला शहर है। 2018 में दर्ज किए गए हेट क्राइम के मामलों में सबसे ज्यादा ब्लैक पीपुल और एलजीबीटी समुदायों से जुड़े मामले थे।