लाइव टीवी

मां को मिला खोया हुआ नेकलेस, बेटा बन गया अरबपति!

Updated Jul 11, 2021 | 19:41 IST

Who is Richard Branson, Owner of Virgin Galactic: वर्जिन एयरलाइंस और अंतरिक्ष यात्रा पर जा रहे वर्जिन गैलेक्टिक मिशन के मालिक रिचर्ड ब्रैनसन कौन हैं और आखिर क्या है उनकी मां का नेकलेस कनेक्शन।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
Richard Branson
मुख्य बातें
  • कौन हैं रिचर्ड ब्रैनसन, एक अरबपति जिसकी हो रही है हर जगह चर्चा
  • वर्जिन कंपनी के मालिक रिचर्ड ब्रैनसन अब अंतरिक्ष यात्रा मिशन पर जा रहे हैं
  • मां के एक गले के हार ने बदल दी थी किस्मत, खुद बताया था किस्सा

अंतरिक्ष में यात्रा करने का सपना अब धीरे-धीरे हकीकत की ओर बढ़ रहा है। एलन मस्क और जेफ बेजोस ही नहीं अब वर्जिन ग्रुप के मालिक रिचर्ड ब्रैनसन (Richard Branson) ने भी अमेरिकी स्पेसफ्लाइट कंपनी वर्जिन गैलेक्टिक (Virgin Galactic) की स्थापना की जिसका पहला रॉकेट ब्रैनसन व कुछ अन्य को लेकर अंतरिक्ष की सैर पर जा रहा है। आज जब हर ओर इस नए स्पेन मिशन की चर्चा है, तो रिचर्ड ब्रैनसन के बारे में भी लोग जानने को उत्सुक हैं। आइए जानते हैं इस अरबपति के बारे में एक दिलचस्प बात।

ब्रिटिश अरबपति रिचर्ड ब्रैनसन का जन्म 18 जुलाई 1950 को लंदन में हुआ था। उन्होंने 70 के दशक में वर्जिन ग्रुप की स्थापना की थी जिसके नियंत्रण में आज तमाम क्षेत्रों में लगभग 400 अलग-अलग कंपनियां शामिल हैं। वो बचपन से ही बिजनेस की दुनिया की ओर आकर्षित थे और 16 साल की उम्र में उन्होंने एक पत्रिका 'स्टुडेंट' की शुरुआत कर दी थी। इसके बाद 70 के दशक में वर्जिन रिकॉर्ड्स और फिर 80 के दशक में वर्जिन एयरलाइंस और वर्जिन म्यूजिक लेबल की शुरुआत की। इसके बाद ब्रिटेन में वर्जिन रेल से लेकर तमाम कंपनियां शुरू करने से लेकर अब वर्जिन गैलेक्टिक स्पेन अभियान तक पहुंचे।

कितनी है ब्रैनसन की संपत्ति (Richard Branson's Net Worth)

रिटेल, म्यूजिक और ट्रांस्पोर्ट क्षेत्र में तमाम बड़े प्रोजेक्ट्स को अंजाम देने वाली कंपनी वर्जिन ग्रुप के मालिक 70 वर्षीय रिचर्ड ब्रैनसन आज तकरीबन 6 बिलियन यूएस डॉलर के मालिक हैं (Net Worth)। जुलाई 2021 में फोर्ब्स मैगजीन ने ब्रैनसन की नेट वर्थ 5.7 बिलियन यूएस डॉलर्स बताई है। साल 2007 में वो टाइम मैगजीन की दुनिया के सबसे प्रभावशाली 100 लोगों की लिस्ट में शामिल थे।

रिचर्ड की मां थीं बहुत प्रभावशाली

रिचर्ड ब्रैनसन की मां ईव ब्रैनसन ने द्वितीय विश्व युद्ध में ब्रिटिश रॉयल नेवी सर्विस में अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद वो बैले डांसर बनीं और बाद में एयर होस्टेस भी। रिचर्ड के पिता एडवर्ड एक बैरिस्टर व रियल इस्टेट बिजनेसमैन थे। ब्रैनसन की दो बहनें लिंडी और वेनेसा भी हैं। ब्रैनसन की मां कम उम्र से ही कुछ नया काम शुरू करने को लेकर उत्सुक थीं। उन्होंने लकड़ी के टिशू बॉक्स और वेस्टपेपर बिन बनाने की शुरुआत की और लंदन में उनका ये बिजनेस काफी चला भी।

मां के गले के हार ने पलट दी बेटे की किस्मत

हाल ही में जनवरी 2021 में ईव ब्रैनसन की कोविड-19 संक्रमण से मृत्यु हो गई थी। वो 96 वर्ष की थीं। उनकी मृत्यु के बाद रिचर्ड ने अपनी मां को समर्पित एक ऑनलाइन बायोग्राफी पोस्ट की थी। उसमें रिचर्ड ने बताया कि कैसे उनकी मां के एक हार ने सब कुछ बदल दिया। रिचर्ड ने बताया था कि आज वो जो कुछ भी हैं और उनके करियर का पूरा श्रेय उनकी मां को जाता है। रिचर्ड ने बताया कि 60 के दशक में उनकी मां को एक गले का कीमती हार मिला था। बाद में पुलिस ने उनको ये हार रखने दिया क्योंकि उसको लेने वाला कोई आगे नहीं आया था। ईव ने इस हार को बेच दिया ताकि रिचर्ड को अपने सपने पूरे करने के लिए कुछ मदद मिल सके। वो हार 100 पाउंड का बिका था। रिचर्ड ने बताया कि, "उन 100 पाउंड के बिना मैं कभी वर्जिन ग्रुप की शुरुआत नहीं कर पाता।"

ईव ब्रैनसन अपनी जिंदगी के अंतिम क्षणों तक जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ाती रहीं। उनके नाम पर एक संस्था ईव ब्रैनसन फाउंडेशन का गठन किया गया था जबकि उन्होंने बच्चों की भलाई के लिए भी काफी काम किया।