लाइव टीवी
  • Hindi News
  • World News
  • russia ukraine latest news live today vladimir putin joe biden morris johnson deplomate russia economical ban situation like 3rd world war live blog
Live Blog

Russia Ukraine Update: यूक्रेन के राष्ट्रपति ने पुतिन से बातचीत की इच्छा जताई, रूस प्रतिनिधिमंडल भेजने को तैयार

Updated Feb 26, 2022 | 12:10 AM IST

Russia Ukraine Crises Update : यूक्रेन पर रूस ने सैन्य अभियान का ऐलान कर दिया है। व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि हमले का मकसद यूक्रेन पर कब्जा करना नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी रणनीति साफ है कि जो कोई भी मुल्क रूस को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा उसे मुंहतोड़ जवाब देंगे।

Loading ...
यूक्रेन-रूस तनाव

यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई के रूसी ऐलान से पहले संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस हमला रोकने और शांति को एक मौका देने की अपील की थी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि उन्होंने पुतिन को फोन किया था लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा, वह खामोश रहे। उनकी खामोशी एक बड़े युद्ध की शुरुआत हो सकती है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश रूस के लिए न तो कभी खतरा था, और न है और न भविष्य में रहेगा। आपने कहा है कि आप यूक्रेन को मुक्त करेंगे लेकिन यूक्रेन के नागरिक पहले से आजाद हैं। हम नाजी नहीं है, हमने नाजीवाद पर विजय पाने के लिए 80 लाख लोगों का बलिदान दिया है।

Feb 25, 2022  |  11:31 PM (IST)
रक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैनाती करेंगे- नाटो

नाटो ने कहा कि अब हम गठबंधन के पूर्वी हिस्से में सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण अतिरिक्त रक्षात्मक तैनाती कर रहे हैं। हम गठबंधन में अभी और भविष्य में मजबूत और विश्वसनीय प्रतिरोध और रक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैनाती करेंगे। हमने नाटो क्षेत्र में गठबंधन और समुद्री संपत्तियों के पूर्वी हिस्से में रक्षात्मक भूमि और वायु सेना तैनात की है। हमने नाटो की रक्षा योजनाओं को सक्रिय किया है ताकि हम अपने प्रतिक्रिया बलों को आकर्षित करके कई आकस्मिकताओं और सुरक्षित गठबंधन क्षेत्र का जवाब देने के लिए खुद को तैयार कर सकें। यूक्रेन पर रूस के हमले पर नाटो के राज्य और सरकार के प्रमुखों ने कहा कि रूस पर पहले ही बड़े पैमाने पर और अभूतपूर्व प्रतिबंध लगाए जा चुके हैं। नाटो प्रासंगिक हितधारकों और यूरोपीय संघ सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ निकटता से समन्वय करना जारी रखेगा।

Feb 25, 2022  |  08:17 PM (IST)
रूस बातचीत के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजने को तैयार

भारत में रूसी दूतावास ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कीव-क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के साथ बातचीत करने के लिए उच्च पदस्थ अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल को मिन्स्क भेजने के लिए तैयार हैं।

Feb 25, 2022  |  07:56 PM (IST)
पोप फ्रांसिस ने यूक्रेन पर हमले के प्रति चिंता जाहिर की

पोप फ्रांसिस रोम में रूसी दूतावास गए और यूक्रेन में युद्ध के बारे में व्यक्तिगत रूप से अपनी चिंता व्यक्त की। पोप के रुख को असाधारण कदम के तौर पर देखा गया है। आमतौर पर राजदूत और राष्ट्राध्यक्ष वेटिकन में पोप से मिलने जाते जाते हैं तथा राजनयिक प्रोटोकॉल के तहत वेटिकन के विदेश मंत्री, राजदूत को लेकर पोप के पास जाते हैं। वेटिकन के राष्ट्राध्यक्ष के तौर पर फ्रांसिस का रूसी दूतावास तक जाना, यूक्रेन पर मास्को के हमले के प्रति उनके आक्रोश और युद्ध को समाप्त करने के लिए उनकी निजी अपील को दर्शाता है। वेटिकन के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें पोप के इस कदम के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। वेटिकन के प्रवक्ता माटेओ ब्रूनी ने पुष्टि की कि फ्रांसस युद्ध के बारे में अपनी चिंता स्पष्ट रूप से व्यक्त करना चाहते हैं। ब्रूनी ने कहा कि पोप फ्रांसिस वहां आधे घंटे से अधिक समय तक रहे। फ्रांसिस ने संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत का आह्वान किया है और ईसाई मतावलंबियों से अगले बुधवार को यूक्रेन में शांति के लिए उपवास और प्रार्थना करने का आग्रह किया है।

Feb 25, 2022  |  07:19 PM (IST)
रूस के 1 हजार से ज्यादा सैनिक मारे गए- यूक्रेन
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय का बड़ा दावा- रूस के 1 हजार से ज्यादा सैनिक मारे गए।
Feb 25, 2022  |  06:11 PM (IST)
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की नई पेशकश, पुतिन को बातचीन के लिए दिया न्योता
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की पेशकश की। बातचीन के लिए न्योता दिया। उधर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पुतिन से बात की।
Feb 25, 2022  |  02:33 PM (IST)
आग की लपटें, टूटे हुए घर दे रहे भीषण लड़ाई की गवाही 

रूस की सेना कीव के पास पहुंच गई है। राजधानी के बाहर भीषण लगाई चल रही है। यूक्रेन की सेना उन्हें शहर में दाखिल होने से रोकने के लिए अपना पूरा दम-खम लगा रही है। कीव के बाहरी इलाके ओबोलॉन इलाके में रूस की तरफ से भारी बमबारी हुई है। यहां गोलियों की आवाज सुनी जा सकती हैं। सड़कों पर टैंक चल रहे हैं और लोग जान बचा रहे हैं। 

Feb 25, 2022  |  01:43 PM (IST)
चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र इलाके पर कब्जे का दावा

रूस के रक्षा मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि उसकी वायु सेना ने चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र इलाके पर अपना नियंत्रण कर लिया है। 

Feb 25, 2022  |  01:26 PM (IST)
कीव में चारो तरफ से दाखिल हो रही रूस की सेना

कीव पर कब्जे के ले रूसी सेना और यूक्रेन के बलों में भीषण लड़ाई हुई है। खबर है कि अब रूस की सेना कीव में चारो तरफ से घुसना शुरू हुई है। आज सुबह ही रूस की सेना कीव की तरफ बढ़ना शुरू की लेकिन राजधानी के बाहरी इलाके में उसे यूक्रेन की सेना की ओर से भारी विरोध का सामना करना पड़ा। यहां भारी गोलीबारी हुई। यूक्रेन के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि रूस की ताजा बमबारी में यूक्रेन के 13 सैनिक मारे गए हैं। 

Feb 25, 2022  |  01:23 PM (IST)
कीव के बाहरी इलाके में भीषण जंग
कीव से अब महज कुछ दूरी पर रूस की फौज है। यूक्रेन की सैनिकों की तरफ से रूसी फौज का कड़ा प्रतिवाद किया जा रहा है ताकि रूसी आसानी से राजधानी कीव में दाखिल ना हो सकें। कुछ घंटे पहले, राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों की उनकी सहायता के लिए आने में विफल रहने पर आलोचना की। उन्होंने कहा कि उनके देश को रूसी सैनिकों का सामना करने के लिए 'अकेला छोड़ दिया गया है।' रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस सप्ताह के अंत में कीव को जब्त कर लिया जाएगा।आधी रात के बाद अपने राष्ट्र के नाम एक वीडियो संबोधन में, राष्ट्रपति ने लड़ाई के पहले दिन मारे गए 137 लोगों को नायक बताया और जोर देकर कहा कि वह अंत तक बने रहेंगे।उन्होंने कहा, "वे लोगों को मार रहे हैं और शांतिपूर्ण शहरों को सैन्य ठिकानों में बदल रहे हैं। यह गलत है और इसे कभी माफ नहीं किया जाएगा।"
Feb 25, 2022  |  12:54 PM (IST)
यूक्रेन की सेना ने कीव में अंदर आने वाले पुल को उड़ाया 

यूक्रेन की सेना ने रूस की सेना को रोकने के ल‍िए कीव में अंदर आने वाले पुल को उड़ा दिया है। यही नहीं यूक्रेन की सेना ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि उसने रूस के कुछ सैनिकों को पकड़ा है। 

Feb 25, 2022  |  11:24 AM (IST)
यूक्रेन को दो करोड़ डॉलर देने की घोषणा 

संयुक्त राष्ट्र ने रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद, युद्ध प्रभावित देश में विश्व निकाय के मानवीय अभियानों को तेज करने के लिए दो करोड़ डॉलर की मदद तत्काल देने की घोषणा की। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में घोषणा करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र और उसके मानवतावादी सहयोगी ‘जरूरत के वक्त में यूक्रेन में लोगों के सहयोग के लिए मौजूद रहने को प्रतिबद्ध हैं.... यह बात मायने नहीं रखती कि वे कौन हैं और कहां हैं ।’
 

Feb 25, 2022  |  10:11 AM (IST)
रूसी हमले का हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं-ताइवान
ताइवान ने यूक्रेन पर रूसी हमले की निंदा की है। ताइवान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि रूस पर प्रतिबंध लगाने में वह अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य देशों के साथ है। ताइवान यूक्रेन संकट का शांतिपू्र्ण समाधान चाहता है और तत्काल युद्ध रोकने की मांग करता है।
Feb 25, 2022  |  09:53 AM (IST)
कीव की तरफ बढ़ रही है रूस की सेना

शहरों और सैन्य ठिकानों पर हवाई हमलों के बाद, रूसी सैन्य इकाइयां यूक्रेन के सबसे बड़े शहर कीव की ओर आगे बढ़ी। अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को बेदखल करके अपना शासन स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। यूक्रेन के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान की घोषणा करते हुए पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा एवं प्रतिबंधों को नजरंदाज किया और अन्य देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास के ‘‘ऐसे परिणाम होंगे, जो उन्होंने कभी नहीं देखे होंगे।''

Feb 25, 2022  |  09:10 AM (IST)
यूक्रेन का दावा रूस के 30 से ज्यादा टैंक तबाह किए 

यूक्रेन पर रूस के हमले का आज दूसरा दिन है। यूक्रेन ने इस लड़ाई में रूस को काफी क्षति पहुंचाने का दावा किया है। यूक्रेन उप रक्षा मंत्री हन्ना मलयार ने कहा है कि उनकी सेना ने रूस के 30 से ज्यादा टैंक, 7 एयरक्राफ्ट और छह हेलिकॉप्टर तबाह किए हैं। 

Feb 25, 2022  |  08:44 AM (IST)
यूक्रेन पर हमले जारी

रूस का यूक्रेन पर लगातार हमले जारी हैं। ताजा जानकारी आ रही है कि राजधानी कीव पर मिसाइल से हमला हुआ है। 
 

Feb 25, 2022  |  08:00 AM (IST)
रूसी हमले के खिलाफ दुनिया भर में प्रदर्शन

यूक्रेन पर रूसी हमले के खिलाफ टोक्यो से लेकर वाशिंगटन तक प्रदर्शन हुए हैं। यहां तक कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का गृह नगर सेंट पीट्सबर्ग में भी प्रदर्शन हुए हैं। यहां प्रदर्शन में शामिल लोगों को सुरक्षाबलों ने बलपूर्वक हटाया। वाशिंगटन, न्यूयॉर्क, मेड्रिड, लंदन, तेल अवीव, मास्को सहित कई जगहों पर लोग सड़कों पर उतरे और युद्ध रोकने की मांग की।
 

Feb 25, 2022  |  07:38 AM (IST)
पुतिन आक्रमणकारी हैं : बाइडन

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन पर ‘‘आक्रमणकारी’’ होने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि रूस के राष्ट्रपति ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध को चुना। बाइडन ने रूस के खिलाफ नए आर्थिक प्रतिबंधों की घोषणा की। बाइडन ने कहा, ‘‘पुतिन एक आक्रमणकारी हैं। पुतिन ने युद्ध चुना।’’ उन्होंने रूस के खिलाफ कड़े आर्थिक प्रतिबंधों की घोषणा की, लेकिन रूसी बलों के खिलाफ युद्ध के लिए यूक्रेन में अमेरिकी बलों को भेजने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया रूस के खिलाफ एकजुट है।

Chandrayaan 3