लाइव टीवी
  • Hindi News
  • World News
  • russia ukraine war live updates ukraine war 7th day Russia to invade kyiv and Kharkiv AIF joins operation ganga
Live Blog

Russia-Ukraine War News: रूस ने कहा- हमारे 498 सैनिक मारे गए, यूक्रेन के 2870 से अधिक सैनिक मारे गए

Updated Mar 03, 2022 | 12:10 AM IST

Russia-Ukraine War News: यूक्रेन पर रूस के हमले को 7 दिन हो गए हैं। खारकीव में रूस ने हमले काफी तेज कर दिए हैं। भारतीय दूतावास ने सभी नागरिकों को खारकीव किसी भी हालात में छोड़ने को कहा है। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस के 6000 के लगभग सैनिक मारे गए हैं, जबकि रूस ने कहा है कि उसके 498 सैनिक मारे गए हैं। वहीं यूक्रेन के 2870 से अधिक सैनिक मारे गए हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:  AP
रूस यूक्रेन युद्ध लाइव अपडेट्स।

Ukraine Crisis: यूक्रेन में रूस के हमले के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के प्रस्ताव पर मतदान हुआ। वहीं, 193 सदस्यीय महासभा ने यूक्रेन की संप्रभुता, स्वतंत्रता, एकता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुन: पुष्टि करने के लिए मतदान किया और यूक्रेन के खिलाफ रूस की आक्रामकता की कड़े शब्दों में निंदा की। रूसी सैनिकों ने खारकीव में भारी रॉकेट लॉन्चर्स से बमबारी की और हवाई हमले किए। खारकीव क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख ओलेग सिनेहुबोव ने कहा कि रूसी सेना के हमले में पिछले 24 घंटों में 21 लोगों की मौत हो गयी और कम से कम 112 घायल हो गए हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन में खासतौर से खारकीव में स्थिति की समीक्षा की, जहां कई भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। परमाणु हमले की धमकी देने के कुछ दिनों बाद रूस ने फिर से नई धमकी दी है। क्रेमलिन के एक शीर्ष अधिकारी ने चेतावनी दी कि रूस के खिलाफ पश्चिमी देशों का आर्थिक युद्ध एक वास्तविक युद्ध में बदल सकता है। 

Mar 02, 2022  |  10:41 PM (IST)
UNGA में रूस के खिलाफ वोटिंग से भारत रहा दूर

UNGA में रूस के खिलाफ प्रस्ताव पर वोटिंग से भारत ने खुद को दूर रखा। इस प्रस्ताव के पक्ष में 141 वोट पड़े, 35 सदस्ट वोटिंग से दूर रहे, जबकि 5 ने विरोध में वोट किया।

Mar 02, 2022  |  11:11 PM (IST)
अभी तक 498 सैनिक मारे गए: रूस

रूस के रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि यूक्रेन में उसके 498 सैनिक मारे गए हैं और 1,597 घायल हो गए हैं। उनके अनुसार, यूक्रेन के 2,870 से अधिक सैनिक मारे गए हैं और करीब 3,700 घायल हो गए हैं जबकि 572 अन्य को बंदी बना लिया गया है।

Mar 02, 2022  |  10:25 PM (IST)
मोदी और पुतिन की हुई बातचीत

पीएम नरेंद्र मोदी ने आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। नेताओं ने यूक्रेन की स्थिति की समीक्षा की, विशेष रूप से खारकीव में जहां कई भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। उन्होंने संघर्ष क्षेत्रों से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी पर चर्चा की।

Mar 02, 2022  |  09:57 PM (IST)
UNGA की बैठक जारी

यूक्रेन की स्थिति पर 11वां आपातकालीन विशेष सत्र- संयुक्त राष्ट्र महासभा की चौथी पूर्ण बैठक चल रही है।

Mar 02, 2022  |  09:57 PM (IST)
रूस-यूक्रेन के बीच होगी वार्ता

बेलारूस के विदेश मंत्रालय ने कहा "हंटर हाउस" रूस-यूक्रेन वार्ता के दूसरे दौर की मेजबानी के लिए तैयार है। 

Mar 02, 2022  |  08:14 PM (IST)
रूस-यूक्रेन युद्ध का 7वां दिन, खारकीव में भयावह मंजर

रूस-यूक्रेन युद्ध का आज (2 मार्च) सातवां दिन है। इस दौरान हर जगह व्‍यापक तबाही देखी जा रही है, जबकि यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव से भयावह मंजर सामने आ रहा है। यहां रूसी सेना हर तरफ से घेराबंदी कर रही है। खारकीव में आज रूस का बड़ा अभियान सामने आ सकता है, जिसे देखते हुए भारत ने पहले ही अपने नागरिकों से खारकीव जल्‍द से जल्‍द खाली कर देने को कहा है। उन्‍हें यहां तक कहा गया है कि अगर कोई वाहन नहीं मिल रहा है तो वे पैदल ही वहां से निकल पड़ें, लेकिन इस शहर को तत्‍काल छोड़ दें।

Mar 02, 2022  |  07:31 PM (IST)
यूक्रेन में एक और भारतीय की मौत

यूक्रेन में एक और भारतीय नागरिक की जान गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता अरिंदम बागची ने इसकी पुष्टि की है, पर बताया कि उनकी मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है और उनका परिवार भी यूक्रेन में है। मृतक की पहचान चंदन जिंदल (22) के रूप में की गई है। वह यूक्रेन के विनीत्सिया स्थित एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ते थे। कुछ दिनों पहले उन्‍हें अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार को उनकी मौत हो गई। इससे एक दिन पहले मंगलवार को कर्नाटक के छात्र नवीन की मौत यूक्रेन के खारकीव में गोलीबारी में जाने की पुष्टि की गई थी।

Mar 02, 2022  |  05:50 PM (IST)
खारकीव में तेज हुए मिसाइल हमले

यूक्रेन में रूसी हमले के सातवें दिन रूस के सशस्‍त्र बलों ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में घेराबंदी की है। पल-पल बदलते हालात के बीच भारत ने यहां से अपने नागरिकों को जल्‍द से जल्‍द निकल जाने को कहा है। इस बीच खबर आ रही है कि खारकीव में मिसाइल हमले तेज हो गए हैं और काउंसिल बिल्डिंग में क्रूज मिसाइल से हमला किया गया है। 

Mar 02, 2022  |  05:03 PM (IST)
यूक्रेन में रह रहे भारतीयों के लिए नई एडवाइजरी

यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने यहां रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को तत्‍काल खारकीव छोड़ देने को कहा है। भारतीय नागरिकों के लिए जारी नई एडवाइजरी में कहा गया है कि सुरक्षा कारणों से वे तुरंत खारकीव छोड़ दें। उन्‍हें जल्‍द से जल्‍द पेसोकिन, बबाये और बेजल्‍युडोवाकिया की तरफ बढ़ने को कहा गया है। साथ ही उन्‍हें हर हाल में  शाम 6 बजे तक (यूक्रेनियन समय के हिसाब से) शेल्‍टर होम में पहुंचने को कहा गया है।

Mar 02, 2022  |  04:37 PM (IST)
यूक्रेन में भीषण तबाही, जायटोमिर में घर, अपार्टमेंट नष्‍ट

यूक्रेन में रूस के हमले का आज सातवां दिन है और इस बीच जंग और तेजी होती जा रही है। रूस ने यूक्रेन के खिलाफ अपने खास सशस्‍त्र बलों और हथियारों को मोर्चे पर लगाया है। यूक्रेन का कहना है रूसी मिसाइल हमले में घरों व अपार्टमेंट को भी निशाना बनाया जा रहा है। यूक्रेन के महत्‍वपूर्ण स्‍थानों पर रूस घेराबंदी कर रहा है। रूस का मकसद जल्‍द से जल्‍द यूक्रेन की राजधानी कीव और देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर कब्‍जा करना है।

Mar 02, 2022  |  03:32 PM (IST)
संकट के बीच यूक्रेन को मिलेगा नया राष्‍ट्रपति!

यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच एक बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। जैसा कि बताया जा रहा था कि रूस का मकसद कीव में राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की की सरकार को बर्खास्‍त करना और उनकी जगह किसी ऐसे शख्‍स को सत्‍ता में बिठाना है, जो रूस समर्थक दृष्ट‍िकोण रखता हो, रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन इस संबंध में जल्‍द ही कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं। सूत्रों के हवाले से आ रही रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि पुतिन यूक्रेन के राष्‍ट्रपति के तौर पर यानकोविच के नाम का ऐलान कर सकते हैं, जो इस समय बेलारूस में हैं, जहां यूक्रेन और रूस के बीच जंग के बावजूद दोनों पक्षों में बातचीत की प्रक्रिया भी जारी है।

Mar 02, 2022  |  02:50 PM (IST)
भारत अपने नागरिकों को लाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा: पीएम मोदी

यूक्रेन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वहां फंसे भारतीयों की सुरक्षित देश वापसी में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्‍होंने कहा कि इसके लिए हर तरह के प्रयास जारी हैं। वायुसेना को इस काम में लगाया गया है। उन्‍होंने देश के नागरिकों को यकीन दिलाया कि सरकार यूक्रेन में फंसे अपने नागरिकों को देश लाने में पूरी तरह सक्षम है। वह यूपी में आगामी चरणों में होने वाले एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे, जब उन्‍होंने यह बात कही।

Mar 02, 2022  |  01:43 PM (IST)
यूक्रेन का दावा- लड़ाई में 6000 रूसी सैनिक मारे गए

रूस के हमले के बाद से यूक्रेन में भीषण तबाही का आलम है। हर तरफ रूसी सेना हावी होती जा रही है। रूस की बमबारी जा रही है, जिसमें बड़ी संख्‍या में लोग हताहत हो रहे हैं। यूक्रेन कड़ाई से रूसी सैनिकों का प्रतिरोध कर रहा है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की का कहना है कि युद्ध के छह दिनों में लगभग 6000 रूसी सैनिक मारे गए हैं।

Mar 02, 2022  |  01:20 PM (IST)
'कीव को जलता देखना अत्यंत पीड़ादायक' 

महाराष्ट्र के नागपुर निवासी और पेशे से अंतरिक्ष व रक्षा इंजीनियर राजेश मुनीश्वर भी उन लोगों में से हैं जो यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद बचकर पड़ोसी देश रोमानिया पहुंचे हैं। पिछले 17 साल से कीव में रह रहे मुनीश्वर ने वहां का मंजर बयां करते हुए कहा कि शहर को उजड़ता हुआ देखना ‘अत्यंत पीड़ादायक अनुभव’है। कीव से पत्नी और आठ साल के बेटे को लेकर रोमानिया की सीमा में दाखिल हुए मुनीश्वर ने बताया कि कीव को रूसी सैनिकों ने चारों ओर से घेर लिया है और अहम सरकारी कार्यालयों सहित कई इमारतों को बमों से निशाना बनाया जा रहा है।

Mar 02, 2022  |  12:48 PM (IST)
खरसोन का रीजनल सेंटर कब्जे में- रूस

रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी फौज ने खरसोन के रीजनल सेंटर पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है। यूक्रेन पर कब्जा करने के लिए रूस ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। रूसी सेना शहरों में भीषण हमले कर रही है। इमारतों पर मिसाइलें एवं बम बरसाए जा रहे हैं। खारकीव स्थित पुलिस मुख्यालय पर भीषण हमला हुआ है। इस हमले में पुलिस मुख्यालय की इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। हमले के बार इमारत में आग लग गई और उसका मलबा टूटकर नीचे गिरने लगा। 

Mar 02, 2022  |  11:27 AM (IST)
कीव पर कब्जे के लिए रूस ने लगाया एड़ी-चोटी का जोर, लोगों को शेल्टर में जाने की अपील 

यूक्रेन पर रूस ने हमला तेज कर दिया है। रिपोर्टों की मानें तो रूस की सेना राजधानी कीव एवं सूमी पर हवा हमले कर सकती है। कीव में हवाई हमले के सायरन सुने गए है और लोगों को शेल्टर में जाने के लिए कहा गया है। सूमी में भी हवाई हमले का अलर्ट जारी हुआ है। 
 

Mar 02, 2022  |  11:10 AM (IST)
कीव में टीवी टावर पर मिसाइल से हमला, प्रसारण बंद
राजधानी कीव पर कब्जा करने के लिए रूस ने एंटी चोटी का जोर लगा दिया है। वह नियंत्रण पाने के लिए शहर पर चौतरफा वार कर रहा है। रूस की सेना ने कीव में एक टीवी टावर पर मिसाइल से हमला किया है। टावर पर हमला होने से टीवी का प्रसारण बंद हो गया है। रिपोर्टों में कहा गया है कि मुख्य टीवी टावर पर हुए हमले में पांच लोग मारे गए हैं।
Chandrayaan 3