ऑटो न्यूज़

महिंद्रा जल्द भारत में लॉन्च करने वाली नई थार इलेक्ट्रिक, बिल्कुल अलग होगा अंदाज

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Oct 31, 2023, 03:17 PM IST

Mahindra & Mahindra ने भारतीय मार्केट में बिल्कुल नई Thar Electric को होमोलोगेट कर लिया है, यानी इसकी पुष्टि हो गई है। सामान्य थार के मुकाबले Thar.e पूरी तरह बदले हुए अंदाज में ग्राहकों को आकर्षित करेगी।

Image

5 दरवाजों वाली इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को तगड़ा लुक और दमदार बॉडी दी गई है।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • महिंद्रा थार.ई का होमोलोगेशन पूरा
  • भारत में लॉन्च होगी इलेक्ट्रिक थार
  • दिखने में जानदार है महिंद्रा थार.ई

Mahindra Thar.e Homologated In India: महिंद्रा ने 15 अगस्त 2023 को ही नई थार इलेक्ट्रिक से पर्दा हटाया है और अब इसका होमोलोगेशन भी हो चुका है। सामान्य ईंधन से चलने वाली थार के मुकाबले नई इलेक्ट्रिक थार पूरी तरह अलग होगी। कंपनी जल्द ही भारत के साथ ग्लोबल मार्केट में कई नई इलेक्ट्रिक एसयूवी लॉन्च करने वाली है। महिंद्रा ने नई थार इलेक्ट्रिक को थार.ई नाम से पेश किया है जो बहुत कुछ पोलर भालू जैसी नजर आ रही है। 5 दरवाजों वाली इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को तगड़ा लुक और दमदार बॉडी दी गई है जिससे सड़क पर इसकी मौजूदगी बहुत जोरदार होती है।

मिलेगी दमदार इलेक्ट्रिक मोटर

कुछ समय पहले ही फोक्सवैगन इंडिया और महिंद्रा के बीच आगामी इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर करार हुआ है। अब जानकारी सामने आई है कि नई महिंद्रा थार.ई के साथ एपीपी550 नाम की इलेक्ट्रिक मोटर मिलेगी। ये दमदार मोटर 286 एचपी ताकत और 550 एनएम पीक टॉर्क क्षमता वाली है और तेज रफ्तार पर कार को भगाती है। फिलहाल ये मोटर आयात की जा रही है और अगर महिंद्रा के साथ फोक्सवैगन और स्कोडा के इलेक्ट्रिक वाहन ठीक-ठाक मात्रा में बिक गए, तो इसका उत्पादन घरेलू स्तर पर किया जा सकता है।

देखेंगे तो देखते रह जाएंगे

महिंद्रा थार.ई को धाकड़ स्टाइल और डिजाइन में तैयार किया गया है जो फिलहाल कॉन्सेप्ट है, हालांकि इसका प्रोडक्शन मॉडल भी लगभग ऐसा ही होगा। इसका ग्राउंड क्लियरेंस भी जोरदार है जिससे किसी भी रास्ते पर इसे चलाने में कोई परेशानी नहीं होगी। डब्बे जैसे अपने आकार के चलते ये तगड़ी ऑफरोडर नजर आती है, इसके अलावा एसयूवी के साथ जोरदार पकड़ वाले टायर्स भी लगाए गए हैं। थार.ई नए इनग्लो ईवी प्लेटफॉर्म पर तैयार की जा रही है, इसका नाम पी1 है और साइज में ये लगभग मौजूदा महिंद्रा थार जैसी ही होगी।

कितनी होगी कीमत और रेंज

महिंद्रा थार.ई के साथ बीवायडी से ली गई बैटरी लगाई जाएगी और इसे फोक्सवैगन की ज्यादा दमदार इलेक्ट्रिक मोटर से लैस किया जा सकता है। ये दमदार बैटरी पैक 80 किलोवाट-आर क्षमता वाला होने की संभावना है जो करीब 450 किमी प्रति चार्ज रेंज इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को देगा। इसके अलावा छोटे बैटरी पैक के साथ थार.ई की रेंज 325 किमी तक मिलती है। कंपनी थार इलेक्ट्रिक के अलावा 5 अन्य इलेक्ट्रिक कारें भी लॉन्च करने वाली है, अनुमान है कि थार.ई 2024 के अंत या 2025 की शुरुआत तक भारत आएगी। इसकी कीमत 18-20 लाख रुपये अनुमानित है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article