SDG India Index: केरल, उत्तराखंड टिकाऊ विकास लक्ष्य हासिल करने में सबसे आगे, बिहार पिछड़ा

Sustainable Development Index 2023-24: नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स 2023-24 के मुताबिक, भारत का समग्र SDG अंक वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़कर 71 हो गया। टिकाऊ विकास लक्ष्यों (SDG) को हासिल करने में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है।

Sustainable Development Index

नीति आयोग का एसडीजी इंडिया इंडेक्स 2023-24 (तस्वीर-Canva)

Sustainable Development Index 2023-24: उत्तराखंड और केरल नीति आयोग के टिकाऊ विकास सूचकांक 2023-24 में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्य बनकर उभरे हैं जबकि बिहार का प्रदर्शन सबसे खराब आंका गया है। नीति आयोग इस सूचकांक के जरिये सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय मानकों पर प्रगति का मूल्यांकन करता है। इसमें टिकाऊ विकास लक्ष्यों (SDG) को हासिल करने में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है।
नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स 2023-24 के मुताबिक, भारत का समग्र SDG अंक वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़कर 71 हो गया, जबकि 2020-21 में यह 66 था। गरीबी उन्मूलन, सम्मानजनक कामकाज के अवसर मुहैया कराने, आर्थिक वृद्धि, जलवायु परिवर्तन से संबंधित कार्रवाई और जमीनी इलाकों में जीवन पर महत्वपूर्ण प्रगति से प्रदर्शन सुधरा है।
इन मानकों पर उत्तराखंड और केरल 79 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्य बनकर उभरे हैं। इनके बाद तमिलनाडु (78) और गोवा (77) का स्थान है। दूसरी तरफ बिहार (57), झारखंड (62) और नगालैंड (63) इस वर्ष के सूचकांक में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले राज्य बने हैं। वहीं, केंद्रशासित प्रदेशों में चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर, पुडुचेरी, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह और दिल्ली शीर्ष पांच में शामिल किए गए हैं।
नीति आयोग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी बी वी आर सुब्रमण्यम ने रिपोर्ट जारी करते हुए कहा कि सरकार के लक्षित हस्तक्षेप ने भारत को टिकाऊ विकास लक्ष्यों के रूप में निर्धारित 16 लक्ष्यों में महत्वपूर्ण सुधार दर्ज करने में मदद की है। उन्होंने कहा कि भारत न केवल SDG के तहत अधिकांश लक्ष्यों को प्राप्त करने की राह पर है बल्कि वह दूसरों से आगे भी है। सरकार को इनमें से कुछ लक्ष्यों को 2030 से पहले हासिल करने की उम्मीद है। SDG सूचकांक से पता चलता है कि 16 लक्ष्यों में से भारत का समग्र प्रदर्शन सिर्फ स्त्री-पुरूष समानता वाले लक्ष्य पर ही 50 अंक से कम है। (इनपुट भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | बिजनेस (business News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

रामानुज सिंह author

रामानुज सिंह अगस्त 2017 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं। यहां वे असिस्टेंट एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। वह बिजनेस टीम में ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited