Uttarakhand News: बागेश्वर में बड़ा हादसा, अनियंत्रित होकर नदी में गिरी कार, चार लोगों ने गंवाई जान

बागेश्वर में रविवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस हादसे में दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। शवों की पहचान कर ली गई है। ये सभी बागेश्वर के रहने वाले थे।

accident

बागेश्वर में नदी में गिरी कार

तस्वीर साभार : IANS
Uttarakhand News: उत्तराखंड के बागेश्वर में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एक कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई हैं। पुलिस ने चारों शवों को नदी से बाहर निकाल लिया है। ये हादसा बालीघाट-धरमघर मोटर मार्ग पर हुआ।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

रविवार सुबह बालीघाट-धरमघर मोटर मार्ग पर तुपेड के पास दिल्ली नंबर की ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर 300 फिट गहरी खाई में गिरते हुए सीधे नदी में जा गिरी। इससे वाहन में सवार चार लोगों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नदी से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमाॅर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

मृतकों की पहचान

हादसे में मरने वाले सभी लोग बागेश्वर के बताए जा रहे हैं। उनकी पहचान कमल प्रसाद पुत्र लक्ष्मण राम (उम्र 26 वर्ष), नीरज कुमार पुत्र हरीश राम (उम्र 25 वर्ष), दीपक आर्या पुत्र हरीश राम (उम्र 22 वर्ष) और कैलाश राम पुत्र देव राम (उम्र 24 वर्ष) निवासी- जुनयाल दोफाड़, बागेश्वर के रूप में हुई है। नीरज और दीपक सगे भाई थे। फायर अधिकारी गोपाल रावत ने बताया कि, हादसे की जानकारी मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंची गई। शवों काे बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | शहर (cities News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited