आगरा की शान है पंछी पेठा, जानें कैसे पहचानें असली-नकली और कब-किसने की शुरुआत

जब भी पेठा की बात होती है तो पंछी पेठा का ही नाम सबसे आगे आता है। आगरा जाने वाले लोग पंछी पेठा न लेकर आएं तो लगता ही नहीं कि वह आगरा गए हों। आगरा में ताजमहल के बाद सबसे ज्यादा मशहूर अगर कुछ है तो वह पंछी पेठा ही है।

Panchipetha.

पंछी पेठा आगरा

Agra: आगरा की पहचान क्या है? इस प्रश्न का सीधा सा उत्तर ताजमहल (Tajmahal) है। ताजमहल को दुनिया का 7वां अजूबा कहा जाता है। इसे प्रेम का प्रतीक माना जाता है और दुनियाभर से लोग ताजमहल देखने आते हैं। आगरा जाकर आप ताजमहल देख तो सकते हैं, लेकिन उसे अपने साथ ला नहीं सकते। हां, आप अपने दिल में बसाकर ताजमहल को जरूर ला सकते हैं या वहां से मिनिएचर जरूर ला सकते हैं। ताजनगरी की एक और पहचान है यहां का पंछी पेठा (Panchi Petha), जिसे आप अपने साथ लेकर भी जा सकते हैं। चलिए जानते हैं पंछी पेठा के बारे में सब कुछ -
आगरा जाने वाले लोग जिस तरह से ताजमहल जरूर जाते हैं, उसी तरह वहां से पेठा लाना भी नहीं भूलते। आगरा अपने पेठे के लिए मशहूर है। आगरा का पेठा उसी तरह से मशहूर है, जैसे अल्मोड़ा की बाल मिठाई, मुरैना की गजक और मथुरा के पेड़े। पेठा अपने देश की मिठाई है और आगरा इसका गढ़ है। यहां पेठा बनाने और बेचने वालों की कोई कमी नहीं है। आगरा के पेठे की बात हो तो पंछी पेठा सबसे मशहूर है।
हालांकि, आगरा का पेठा बहुत ही स्वादिष्ट होता है, लेकिन उसमें भी पंछी पेठा जितना मशहूर कोई नहीं है। पंछी पेठा में कई तरह के पेठे बनाए और बेचे जाते हैं। इनके सबसे मशहूर पेठे में से अंगूरी पेठा और पान पेठा भी हैं।

कब और किसने शुरू किया पंछी पेठा

पंछी पेठा की शुरुआत आजादी से पहले साल 1926 में हुई थी। यानी यह ब्रांड 98 साल पुराना है। साल 1926 में सिर्फ 16 साल के लड़के पंचम लाल गोयल यानी पंछी लाल ने पंछी पेठा की शुरुआत की थी। आज पंछी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से यह एक बड़ा फूड ब्रांड बन गया है। आज यह सिर्फ पेठे तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि नमकीन और गजक भी बनाते हैं। लेकिन पंछी पेठा की हर एक बाइट में इतिहास की झलक, इस मिठाई के लिए प्यार और ऑथेंटिक टेस्ट आज भी मौजूद है। पीढ़ी दर पीढ़ी यह लेगेसी आगे बढ़ रही है।

नकली पंछी पेठा भी

आगरा जाएं तो पंछी पेठा के नाम पर धोखा न खाएं, क्योंकि बहुत सी दुकानों में पंछी पेठा के नाम पर ग्राहकों को धोखा दिया जाता है। वह कोई भी अन्य ब्रांड का पेठे को पंछी पेठा के नाम से बेच देते हैं। अगर आप असली पंछी पेठा का स्वाद लेना चाहते हैं तो आपको असली की पहचान करनी होगी।

आगरा में पंछी पेठा के कई आउटलेट

आगरा में पंछी पेठा के कई आउटलेट मौजूद हैं। अगर आप असली पंछी पेठा का स्वाद लेना चाहते हैं तो असली स्टोर में जाएं। असली स्टोर पर आपको पंछी पेठा का असली लोगो और वेबसाइट पर मौजूद सभी वैराइटी का पेठा आसानी से मिल जाएगा। जबकि नकली स्टोर पर आपको पंछी पेठा की वैरायटी नहीं मिलेगी। इसके अलावा पंछी पेठा की वेबसाइट पर असली स्टोर और उनके एड्रेस की जानकारी दी गई है।

पंछी पेठा को लेकर दावा

पंछी पेठा की वेबसाइट देखेंगे तो आपको दो वेबसाइट दिखेंगी। एक panchhipetha.in और दूसरी panchhipetha.com है। ये दोनों ही अपने को ऑरिजिनल पंछी पेठा बताते हैं, लेकिन दोनों के लोगो अलग-अलग हैं। दोनों की मिठाई के दाम और वैरायटी में भी अंतर है। आप इन दोनों ही वेबसाइट से मिठाई ऑनलाइन भी मंगवा सकते हैं। हालांकि, दोनों एक ही शख्स पंचम लाल गोयल यानी पंछी लाल को अपना संस्थापक मानते हैं। एक का मानना है कि पंछी पेठा की शुरुआत 1926 में हुई, जबकि दूसरे के अनुसार 1942 में यह ब्रांड बना।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | आगरा (cities News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

Digpal Singh author

खबरों की दुनिया में लगभग 19 साल हो गए। साल 2005-2006 में माखनलाल चतुर्वेदी युनिवर्सिटी से PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। कई अखबार...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited