Ram Mandir Ayodhya Highlights: राम मंदिर बनने से लेकर प्राण प्रतिष्ठा तक, यहां एक साथ पढ़ें अयोध्या का पूरा सफर

Ram Mandir Ayodhya Highlights in Hindi: आज अयोध्या में रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह है, इस मौके पर अयोध्या में राम मंदिर बनने से लेकर रामलला के प्राण प्रतिष्ठा तक पूरा सफर यहां एक साथ पढ़ें।

Ayodhya Ram Mandir

अयोध्या राम मंदिर (फोटो साभार - ट्विटर)

22 jan 2024 Ram Mandir Ayodhya Highlights: जिस घड़ी का सभी लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, अब उसे आने में बस कुछ घंटों का ही फासला बचा हुआ है। आज 22 जनवरी का वो शुभ दिन है, जब रामलला अयोध्या में बने राम मंदिर में विराजेंगे। इस मौके पर देशभर में जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। लोग अपने घरों को दीपों और फूलों से सजा रहे हैं। देशभर में दिवाली का माहौल है। इस मौके पर आइए जानतें है राम मंदिर बनने से लेकर रामलला के प्राण प्रतिष्ठा तक के पूरे सफर के बारे में।

राम मंदिर का शुभ मुहूर्त(Ram Mandir Muhurat)

राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा पूजा कार्यक्रम क शुरुआत 12 बजकर 5 मिनट पर होगी। भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का शुभ मुहूर्त आज 12:30 बजे है। रामलला के विराजने का मुहूर्त अति सूक्ष्म 85 सेकंड का है, जो 12 बजकर 29 मिनट पर शुरू होगा और 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकंड तक रहेगा।

राम मंदिर की खासियत

राम मंदिर को प्राचीन नागर शैली में बनाया गया है। इस मंदिर की डिजाइन देश के फेमस वास्तुकार चंद्रकांत बी सोमपुरा ने बना है, जिसमें उनके दो बेटों निखिल और आशीष ने भी सहयोग किया है। यह मंदिर तीन मंजिला है, जिसकी लंबाई 360 फीट और चौड़ाई 235 फीट है। यह मंदिर 57,400 स्क्वायर फीट में बनाया गया है। मंदिर में 44 द्वार और 392 खंभे है। राम मंदिर के 12 दरवाजें गोल्ड प्लेटेड भी है।

परिसर में बने मंदिर

अयोध्या राम मंदिर परिसर में मुख्य मंदिर के अलावा भी कई मंदिर बने हैं। इन मंदिरों की संख्या 7 है, ये मंदिर भगवान राम के गुरु ब्रह्मर्षि वशिष्ठ, ब्रह्मर्षि विश्वामित्र, अगस्त्य मुनि, महर्षि वाल्मिकी, रामभक्त केवट, माता शबरी और निषादराज के होंगे। इन मंदिरों को 2024 के आखिरी तक पूरा कर लिया जाएगा।

मंदिर के निर्माण का जिम्मा

मंदिर के निर्माण से लेकर प्रशासनिक काम की देखरेख श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने की है। इस ट्रस्ट में 15 सदस्य हैं, जिनमें पद्मश्री ऐडवोकेट के परासरण, कामेश्वर चौपाल, स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, स्वामी विश्वप्रशत्रतीर्थ, युगपुरुष परमानंद गिरी, महंत दिनेंद्र दास आदि लोग शामिल हैं।

राम मंदिर निर्माण की कीमत(Cost of Ram Mandir)

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश से करोड़ों रुपये दान में मिले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राम मंदिर ट्रस्ट को अब तक 5 हजार करोड़ रुपये का दान मिल चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की अनुमानित लागत 1800 करोड़ रुपये के करीब है। जानकारी के अनुसार राम मंदिर निर्माण में अब तक 1100 करोड़ से अधिक का खर्चा हो चुका है, इसमें अभी 300 करोड़ रुपये का खर्च और आ सकता है।

इस रूप में दिखेंगे रामलला

अयोध्या के राम मंदिर में रामलला पांच साल के बालक के रूप में विराजमान होंगे। उनकी मूर्ति श्यामल रंग के पत्थर से बनाई गई है। जिसका वजन डेढ़ टन के करीब है। रामलला की मूर्ति की ऊंचाई 51 इँच है। जिस पत्थर से इस मूर्ति को बनाया गया है, वह कई सालों तक इसी तरह रहेगा। इसपर जल और दूध का कोई दुष्प्रभाव नहीं होगा।

मंदिर में सोने से सजी चीजें

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन रामलला सोने के सिक्कों से बना हार पहनेगें, इस हार में सोने के 108 सिक्के रहेंगे। भगवान राम की चरण पादुकाएं भी सोने-चांदी से बनी हुई होंगी। उनका मुकुट और जेवरात भी सोने के बने होंगे।

राममंदिर के लिए भेंट

राम मंदिर और रामलला के लिए देश-विदेश से अब तक कई उपहार आ चुके हैं। रामलला के ससुराल नेपाल के जनकपुर से तीन हजार से ज्यादा भेंटे आ चुकीं हैं। इनमें कपड़ें, गहने समेत कई चीजें शामिल हैं। श्रीलंका से अशोक वाटिका की एक चट्टान उपहार स्वरूप आई है। गुजरात से 108 लंबी अगरबत्ती, हैदराबाद से गोल्ड प्लेटेड खड़ाऊं, वडोदरा से 1100 किलो वजन का विशाल दीपक, अलीगढ़ से 400 किलो का ताला आदि चीजें आई हैं।

कैसे पहुंचें मंदिर के गर्भगृह

राम मंदिर के गर्भगृह रामलला विराजमान होंगे। यहां जाने के लिए पूर्व दिशा में बने सिंह द्वार से अंदर की ओर जाना होगा। यहां से रंग मंडप जाना होगा, इसके लिए 32 सीढ़ियां चढ़नी होगी। रंग मंडप के आगे नृत्य मंडप है, इसके आगे जाने पर गर्भगृह में पहुंच जाएंगे।

मंदिर में दर्शन का समय(Ram Mandir open for darshan)

राम मंदिर में सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर श्रृंगार आरती होगी। दोपहर के समय में भोग आरती की जाएगी, जिसका समय 12 बजे होगा। वहीं संध्या आरती का समय शाम 7 बजकर 30 मिनट होगा। मंदिर में दर्शन का समय सुबह 7 बजे शुरू होगा और 11 बजकर 30 तक रहेगा। इसके बाद दोपहर में दर्शन का समय 2 बजे से 7 बजे तक जारी रहेगा। मंदिर के समय में त्याहारों के अनुसार बदलाव हो सकता है।

अयोध्या जाने का रास्ता(Way of Ram Mandir)

अयोध्या जाने के लिए आप सड़क, रेल और हवाई तीनों मार्ग से जा सकते हैं। आपको अयोध्या के लिए ट्रेन, फ्लाइट और बस मिल जाएगी। अयोध्या रेलवे स्टेशन से राम मंदिर करीब एक किमी की दूरी पर है, स्टेशन से आपको 10 रुपये में ई रिक्शा मिल जाएगा। अयोध्या एयरपोर्ट से मंदिर 7 किमी की दूरी पर है। यहां से आपको ऑटो मिल जाएगा। इसके अलावा अयोध्या का बस अड्डा भी मंदिर के करीब ही स्थित है। यहां से राम मंदिर जाने में आपको परेशानी नहीं होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | शहर (cities News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

Pooja Kumari author

पूजा सितंबर 2023 से Timesnowhindi.com से जुड़ी हुई हैं। यहां बतौर कॉपी एडिटर सिटी न्यूज, मेट्रो- रेल और रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited