Begusarai News: इंस्टाग्राम पर शहजाद से प्यार,'रील्स की रानी' ने पति को उतारा मौत के घाट

बिहार के बेगूसराय में महिला ने इंस्टाग्राम के जरिए बने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। महिला ने प्रेमी के साथ अंतरंग संबंध होने की बात स्वीकारी है।

Rani Roy lover shahzad

बेगूसराय में महिला ने पति को उतारा मौत के घाट

बेगूसराय: सोशल मीडिया का प्यार खतरनाक साबित होता जा रहा है। इसका जीता जागता उदाहरण बिहार के बेगूसराय में देखने को मिला है। यहां इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने के दौरान एक हिंदू महिला मुस्लिम युवक पर दिल हार बैठी। दोनों ने इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर ली और फिर प्यार हो गया। इस बात की भनक महिला के पति को हुई तो उसने इसका विरोध किया। महिला का पति उसको रील्स बनाने पर रोकटोक करने लगा जो उसे नागवार गुजरने लगा। लिहाजा, महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति के हत्या की साजिश रच डाली और सात जनवरी रविवार को दोनों ने मिलकर महेश्वर राय को मौत के घाट उतार दिया। मामले में बेगूसराय एसपी योगेंद्र कुमार की ओर से तत्काल एक टीम का गठन किया गया। शक के आधार पर पत्नी रानी राय को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली, लेकिन उसका प्रेमी शहजाद अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

इंस्टाग्राम पर रील बनाने की लत

गौरतलब है कि 7 जनवरी को पुलिस ने खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के फफोत में संदेहास्पद स्थिति में एक युवक का शव बरामद किया था, जिसमें मृतक महेश्वर राय के परिजनों ने अपनी ही बहू रानी राय पर हत्या करने का आरोप लगाया था। मिली जानकारी के अनुसार तकरीबन सात वर्ष पूर्व समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के नरहन के रहने वाले महेश्वर राय की शादी बेगूसराय जिले की रहने वाली रानी राय से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था, लेकिन चार साल पूर्व रानी राय को इंस्टाग्राम पर रील बनाने की लत लग गई। रानी की इस हरकत के बाद पति महेश्वर राय ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की एवं रील बनाने से मना किया, लेकिन रानी राय नहीं मानी। इसी दौरान उसकी नजदीकियां शहजाद नाम के शख्स से हो गईं।

प्रेमी से महिला के अंतरंग संबंध

आखिरकार, सात जनवरी को रानी राय ने अपने प्रेमी शहजाद के साथ मिलकर पति महेश्वर राय की दुपट्टे से फंदा लगाकर हत्या कर दी। बेगूसराय के एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि जब रानी राय की आईडी को चेक किया गया तो उसके दस हजार से अधिक फॉलोअर निकले। हालांकि, रानी राय ने इस बात को स्वीकार किया है कि इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने के दौरान ही उसका शहजाद नामक युवक से प्रेम प्रसंग हो गया था। दोनों के बीच अंतरंग संबंध भी हो गए थे। इस बात की भनक महेश्वर राय को भी थी। फिलहाल, उक्त मामले में पुलिस ने रानी राय की छोटी बहन से भी पूछताछ की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | शहर (cities News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited