हरियाणा के नूंह में चला प्रशासन का बुलडोजर, अवैध कब्जों को किया गया धराशायी
हरियाणा के नूंह में कई अवैध कब्जों पर बुलडोजर चला है। प्रशासन 22 अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाकर उसे धराशायी कर दिया है।
सांकेतिक फोटो।
हरियाणा के नूंह जिले में गुरुवार को अवैध कब्जों पर प्रशासन ने कार्रवाई की। सोहना और बिलासपुर मार्ग पर 22 अवैध ढांचों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। जिला नगर योजनाकार अधिकारी बिनेश कुमार ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर अवैध कब्जों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। 18 दुकानों और ढाबों पर बुलडोजर चलाया गया है। सहारा अस्पताल के नाम पर भी एक छोटा सा अवैध स्ट्रक्चर बना हुआ था, उसे भी ध्वस्त कर दिया गया।
नोटिस के बाद कार्रवाई
उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे के समीप किसी भी प्रकार के स्ट्रक्चर की अनुमति नहीं है। इसके बाद भी दुकानदारों और ढाबा मालिकों ने अवैध रुप से कंस्ट्रक्शन किया था। इस संबंध में सभी दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए पहले ही नोटिस जारी किया गया था। बावजूद इसके जब उन्होंने कब्जा खाली नहीं किया तो उस पर विभाग ने कार्रवाई की।
अवैध कब्जे को खाली कराया गया
बिनेश कुमार ने ध्वस्तीकरण प्रक्रिया की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी अवैध कब्जे के मालिक को पहले नोटिस दिया जाता है। फिर अवैध कब्जेदारों की जगह को खाली नहीं करने पर उनके खिलाफ एक्शन लिया जाता है। अवैध कब्जे को ध्वस्त करने से पहले उपायुक्त के साथ बैठक होती है। इसके बाद पुलिस विभाग को भी इसके बारे में सूचित किया जाता है।
पुलिस अधीक्षक ने विभाग को पुलिस बल मुहैया कराया जिसकी मदद से अवैध कब्जों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध निर्माणों पर प्रशासन की कार्रवाई लगातार आगे भी जारी रहेगी।
इनपुट- आईएएनएस
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | शहर (cities News) और बजट 2024 (Union Budget 2024) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |
End of Article
Devshanker Chovdhary author
देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर...और देखें
End Of Feed
© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited