Gujarat Accident: तीर्थयात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 5 लोगों की मौत और 35 घायल, त्र्यंबकेश्वर से द्वारका जाते समय हुआ हादसा

गुजरात के डांग जिले में सापुतारा हिल स्टेशन के पास तीर्थयात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिर गई। जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई है और 35 अन्य लोग घायल हो गए है। बस में करीब 48 लोग सवार थे, जो महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर से गुजरात के द्वारका जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हुआ।

Accident

फाइल फोटो

Gujarat Road Accident: गुजरात के डांग जिले में रविवार सुबह तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक निजी बस गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों में से 17 को गंभीर चोटें आई हैं। बस में सवार लोग मध्य प्रदेश के बताए जा रहे हैं। ये श्रद्धालु देश के विभिन्न राज्यों के धार्मिक स्थलों की यात्रा पर थे।

सापुताला हिल स्टेशन के पास हादसा

प्रभारी पुलिस अधीक्षक एसजी पाटिल ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब चार बजकर 15 मिनट पर हुई, जब सापुतारा हिल स्टेशन के निकट चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। उन्होंने बताया कि 48 तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस अवरोधक को तोड़ते हुए लगभग 35 फुट गहरी खाई में गिर गई।अधिकारी ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं और तीन पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में 17 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अहवा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ अन्य को मामूली चोटें आई हैं। बचाव अभियान लगभग पूरा हो चुका है।

गुजरात के द्वारका जा रही थी बस

पुलिस ने बताया कि कुल 35 यात्रियों का निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी) में इलाज जारी है, जिनमें से 17 को जिले के अहवा स्थित सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब बस महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर से 48 श्रद्धालुओं को लेकर गुजरात के द्वारका जा रही थी। श्रद्धालु रात में त्र्यंबकेश्वर से द्वारका के लिए रवाना हुए थे। अधिकारी ने बताया कि वे अपनी यात्रा फिर से शुरू करने से पहले चाय पीने के लिए सापुतारा में कुछ देर रुके थे, तभी हिल स्टेशन से 2.5 किलोमीटर दूर यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के गुना, शिवपुरी और अशोक नगर जिलों से श्रद्धालु 23 दिसंबर 2024 को चार अलग-अलग बसों में सवार होकर विभिन्न राज्यों के धार्मिक स्थलों की यात्रा पर निकले थे।

ब्रेक फेल होने के कारण हादसा होने की आशंका

डांग के जिलाधिकारी महेश पटेल ने बताया कि तीर्थयात्रियों को ले जा रही चार बसों में से एक बस खाई में गिर गई। उन्होंने कहा, “यात्रियों के अनुसार, उन्होंने अपनी यात्रा फिर से शुरू करने से पहले सापुतारा में चाय- नाश्ता किया। आशंका है कि ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। चिकित्सा कर्मचारी घायल व्यक्तियों का उपचार कर रहे हैं।” स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों की एक टीम ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला तथा उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

मृतकों की पहचान

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जोन के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना ने बताया कि बस 52 सीट वाली थी और उसमें 48 लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि ये लोग दिसंबर में तीर्थयात्रा पर निकले थे और देश के विभिन्न पवित्र स्थानों का दौरा कर रहे थे। अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा एकत्र की गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी बस चालक रतन लाल जाटव, दो अन्य पुरुषों बोलाराम कुशवाह, पप्पू यादव और मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की दो महिलाओं गुड्डी बाई और कमलेश बाई यादव के रूप में हुई है।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari author

पूजा सितंबर 2023 से Timesnowhindi.com से जुड़ी हुई हैं। यहां बतौर कॉपी एडिटर सिटी न्यूज, मेट्रो- रेल और रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, ...और देखें

End of Article

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited