चारधाम जाने का कार्यक्रम है? इस खबर को पढ़े बिना जाएंगे तो पछताएंगे, पढ़कर ही होगी तैयारी पूरी

चारधाम यात्रा के लिए 10 मई से धामों के कपाट खोल दिए गए हैं। भारी संख्या में श्रद्धालू दर्शन को पहुंच रहे हैं। लेकिन, प्रशासन की अधूरी तैयारियां यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई है। ऐसे यात्रा का प्रोग्राम बनाने से पहले यहां का हाल जरूर जान लें-

Chardham

चारधाम यात्रा 2024

Chardham Yatra 2024: चारधाम की यात्रा के लिए 10 मई को कपाट खोल दिए गए हैं। लेकिन, धाम की व्यवस्था कपाट खुलने के तीसरे दिन भी पटरी पर नहीं आ सकी। दोनों धाम जाने वाले करीब नौ हजार से ज्यादा श्रद्धालु उत्तरकाशी में बड़कोट से जानकीचट्टी के बीच 55 km लंबे रास्ते पर 24 घंटे तक जाम में फंसे रहे। इतना ही नहीं, श्रद्धालुओं को पूरी रात अपने वाहनों में या खुले आसमान के नीचे बितानी पड़ी। ज्यादातर श्रद्धालुओं के पास भूख मिटाने के लिए बिस्किट और पानी को छोड़कर कोई और विकल्प नहीं था। इस अव्यवस्था का असर रविवार के दिन देहरादून से लेकर मसूरी, ऋषिकेश और हरिद्वार तक नजर आया। इतना ही नहीं, इस बीच जाम की स्थिति को देखते हुए सुबह श्रद्धालुओं से यात्रा स्थगित करने की अपील की गई। अलग-अलग जगहों और पड़ावों पर श्रद्धालुओं को रोक दिया गया। जिसे लेकर श्रद्धालुओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
1200 वाहन फंसे रहे
रविवार रात भी गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलग-अलग जगहों पर तीर्थ यात्रियों के 1200 से अधिक वाहन फंसे हुए थे। पुलिस-प्रशासन के अनुसार पूरी रात इन वाहनों को निकालने के लिए अभियान चलाया जाएगा। जानकीचट्टी से रात 10 बजे 300 वाहन पालीगाड़ और बड़‌कोट की और भेजे गए। रात 12 बजे के बाद पालीगाड़ के निकट खड़े 500 से ज्यादा वाहनों में से 300 वाहन जानकीचट्टी के लिए भेजे गए। इसके बाद रात तीन बजे जानकीचट्टी से 30 वाहन पालीगाड़ की ओर भेजे जाएंगे। पालीगाड़ के पास खड़े तीर्थ यात्रियों के शेष 200 वाहनों को सोमवार सुबह जानकीचट्टी भेजा जाएगा।
अधूरी तैयारियां बनी मुसीबत
उत्तरकाशी में चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले की गई प्रशासन की अधूरी तैयारियां तीर्थ यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई हैं। बड़कोट से जानकीचट्टी के बीच शनिवार को पूरे दिन और रात तीर्थयात्री जाम में फंसे रहे। पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी भी देर रात से लेकर सुबह तक जाम खुलवाने लगे रहे। जब हालात नहीं संभले तो रविवार सुबह उत्तरकाशी पुलिस ने तीर्थ यात्रियों से यमुनोत्री धाम की यात्रा एक दिन के लिए स्थगित रखने की अपील की।
संकरी सड़कें जाम की वजह
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम का मुख्य वजह संकरी सड़क है। पालीगाड़ से जानकीचट्टी तक करीब 35 km सड़क बेहद संकरी है। इस क्षेत्र में पर्यावरणीय कारणों के चलते चारधाम आलवेदर रोड परियोजना का काम नहीं हो पाया है।
200 से अधिक वाहन रोके गए
रविवार को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी जाम लगा रहा। जाम के वजह से तीर्थयात्री काफी परेशान रहे। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीर्थ यात्रियों के 80 वाहनों को गंगनानी के पास और 150 वाहनों को सोनगाड़ के पास गेट सिस्टम के तहत रोक दिया गया। इन वाहनों को गंगोत्री की ओर छोड़े जाने की तैयारी चल रही है। जबकि, रविवार को दर्शन कर चुके तीर्थ यात्रियों के 125 वाहनों को गंगोत्री में और 50 वाहनों को हर्षिल में रोका गया है। जिन्हें देर रात उत्तरकाशी के लिए छोड़ा जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | शहर (cities News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

Maahi Yashodhar author

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट क...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited