टकराव का एक और मंच बना दिल्ली CM का बंगला विवाद, AAP के आरोपों पर भाजपा, कांग्रेस, LG ऑफिस का पलटवार

Delhi CM House Row : सूत्रों ने बताया कि आतिशी ने बिना आवंटन के अपना सामान वहां रखा और बाद में खुद ही उसे वहां से हटा दिया। बंगले का मालिकाना हक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पास है और खाली होने के बाद वह बंगले पर कब्जा कर लेता है। बंगले का आवंटन वहां रखे सामान की उचित सूची बनाने के बाद किया जाता है।

delhi cm banglow

दिल्ली सीएम के आवास पर विवाद बढ़ा।

Delhi CM House Row : दिल्ली में मुख्यमंत्री के आवास को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। सीएम आतिशी दो दिन पहले सिविल लाइंस स्थित इस बंगले में आई थीं लेकिन अब पीडब्ल्यूडी विभाग ने उन्हें यह बंगला खाली करने के लिए कहा है। बंगला खाली करने वाले पीडब्ल्यूडी के नोटिस पर आम आदमी पार्टी (AAP) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और लेफ्टिनेंट गवर्नर पर हमलावर है। AAP का आरोप है कि भाजपा के कहने पर राजभवन की तरफ से यह कार्रवाई कराई गई है। वहीं, भाजपा, कांग्रेस ने आप के आरोपों पर पलटवार किया है। एलजी कार्यलय ने भी अपनी सफाई पेश की है। बता दें कि इसी सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड के इस बंगले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रहते थे। केजरीवाल के आवास छोड़ने के बाद आतिशी इस बंगले में रहने के लिए आई हैं। सीएम आवास का दावा है कि आतिशी का सामान बंगले से बाहर कर दिया गया। बंगला विवाद पर AAP, भाजपा, कांग्रेस और एलजी ऑफिस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

LG भाजपा नेता को आवंटित करना चाहते हैं बंगला-AAP

आप ने बुधवार को एलजी ऑफिस पर बंगला जबरन खाली कराने का आरोप लगाया। उसने कहा कि ऐसा भाजपा के इशारे पर किया गया है क्योंकि उपराज्यपाल वीके सक्सेना इसे भाजपा के एक नेता को आवंटित करना चाहते हैं। उपराज्यपाल कार्यालय के सूत्रों ने दावा किया कि 6, फ्लैगस्टाफ रोड बंगला मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास नहीं है और इसे अब तक मुख्यमंत्री आतिशी को आवंटित नहीं किया गया है। सूत्रों ने बताया कि आतिशी ने बिना आवंटन के अपना सामान वहां रखा और बाद में खुद ही उसे वहां से हटा दिया। बंगले का मालिकाना हक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पास है और खाली होने के बाद वह बंगले पर कब्जा कर लेता है। बंगले का आवंटन वहां रखे सामान की उचित सूची बनाने के बाद किया जाता है। उपराज्यपाल कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि आम आदमी पार्टी को चिंतित नहीं होना चाहिए और सूची तैयार करने के बाद यह बंगला तुरंत मुख्यमंत्री को आवंटित कर दिया जाएगा।

बंगला नौ साल तक केजरीवाल के पास था

मुख्यमंत्री आतिशी सोमवार को अपने सामान के साथ उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में स्थित बंगले में चली गईं। यह बंगला नौ साल से अधिक समय तक उनके पूर्ववर्ती अरविंद केजरीवाल के पास था, जिन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद इसे खाली कर दिया था। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान में आरोप लगाया, ‘देश के इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री आवास खाली कराया गया। भाजपा के निर्देश पर उपराज्यपाल ने मुख्यमंत्री आवास से मुख्यमंत्री आतिशी का सामान जबरन हटवाया। उपराज्यपाल मुख्यमंत्री आवास को भाजपा के किसी बड़े नेता को आवंटित करने की तैयारी कर रहे हैं।’

सौरभ भारद्वाज ने एलजी से पूछे सवाल

बयान में कहा गया, ‘27 साल से दिल्ली की सत्ता से बाहर भाजपा अब मुख्यमंत्री आवास पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है।’बंगले से कार्डबोर्ड के डिब्बे लेकर एक पिकअप वैन निकलती देखी गई। इस बीच, दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि उपराज्यपाल मीडिया में यह खबर फैला रहे हैं कि मुख्यमंत्री आतिशी का सामान इसलिए हटा दिया गया क्योंकि उन्होंने इसकी चाबियां नहीं दी थीं और सामान की सूची तैयार होने के बाद यह उन्हें आवंटित कर दिया जाएगा। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने उपराज्यपाल से सवाल किया कि क्या राज निवास की चाबियां उनके पूर्ववर्ती ने पीडब्ल्यूडी को सौंपी थीं और जब वह वहां पहुंचे थे तो क्या कोई सूची तैयार की गई थी।

बंगले को ‘सील’ करने का स्वागत किया

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने एक बयान में पीडब्ल्यूडी द्वारा बंगले को ‘सील’ करने का स्वागत करते हुए कहा कि यह अपरिहार्य था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बंगले पर ‘अवैध रूप से कब्जा’किया गया था और इसकी गहन जांच की मांग की। भाजपा आतिशी पर फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला नंबर 6 पर ‘अवैध’ तरीके से कब्जा करने का आरोप लगा रही है और इसे सील करने की मांग कर रही है। पार्टी ने दावा किया कि बंगला पीडब्ल्यूडी को नहीं सौंपा गया है और इसकी चाबियां अभी भी केजरीवाल के पास हैं। दिल्ली में मुख्यमंत्री के लिए कोई निर्धारित आवास नहीं है। पहले दिल्ली के अलग-अलग मुख्यमंत्री शहर के अलग-अलग इलाकों में बंगलों में रहते थे। 2015 में मुख्यमंत्री बनने के बाद से केजरीवाल फ्लैगस्टाफ रोड वाले बंगले में रह रहे थे।

बंगले को ‘हड़पने’की कोशिश कर रही भाजपा-संजय सिंह

इससे पहले, आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आतिशी को बंगला अभी आधिकारिक रूप से आवंटित नहीं किया गया है। उन्होंने भाजपा पर बंगले को ‘हड़पने’की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि बंगला परिसर में मौजूद मुख्यमंत्री का कैंप कार्यालय खाली करा दिया गया है। संवाददाता सम्मेलन में दस्तावेज दिखाते हुए सिंह ने दावा किया कि केजरीवाल ने बंगला सही तरीके से खाली किया। पीडब्ल्यूडी को भेजे जवाब में मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने मंगलवार को एक पत्र में कहा कि 6, फ्लैगस्टाफ रोड बंगले की चाबियां 4 अक्टूबर को कैंप ऑफिस में अनुभाग अधिकारी मुकेश कुमार को सौंप दी गई थीं। पत्र में कहा गया है कि उसी दिन सीएमओ ने पीडब्ल्यूडी से वर्तमान मुख्यमंत्री को 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित ‘मुख्यमंत्री आवास’आवंटित करने का अनुरोध किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

आलोक कुमार राव author

करीब 20 सालों से पत्रकारिता के पेशे में काम करते हुए प्रिंट, एजेंसी, टेलीविजन, डिजिटल के अनुभव ने समाचारों की एक अंतर्दृष्टि और समझ विकसित की है। इ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited