Delhi-NCR Weather : भीषण गर्मी से आंधी-बारिश दिलाएगी निजात ! दिल्ली-एनसीआर में अलर्ट; बरसने वाली हैं राहत की बूंदें

Delhi NCR Weather Forcast Today : दिल्ली-एनसीआर में प्रचंड गर्मी ने हालत खराब कर दी है। 49.2 डिग्री सेल्सियस तापमान में जीना मुहाल हो गया। हालांकि, शुक्रवार मौसम विभाग ने शुक्रवार की शाम तक तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है। आइये जानते हैं आज दिन भर मौसम कैसा रहने वाला है?

Delhi NCR Weather Forcast Today

दिल्ली का मौसम

Delhi NCR Weather Forcast Today : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गुरुवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में पिछले चार दिन से भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली के प्राथमिक मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग वेधशाला (Safdarjung Observatory) ने गुरुवार को इस गर्मी के मौसम का अब तक का दूसरा सबसे अधिक तापमान दर्ज किया। दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 79 वर्षों में सबसे अधिक है। दिल्ली में 17 जून 1945 को तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, मौसम विभाग ने शुक्रवार शाम तक आंधी के साथ बारिश संभावना व्यक्त की है।
दिल्ली के मुंगेशपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 52.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। इसके बाद, आईएमडी अधिकारियों ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वे किसी भी संभावित त्रुटि के लिए क्षेत्र के मौसम विभाग केंद्र के सेंसर और आंकड़ों की जांच कर रहे हैं। हालांकि, आईएमडी ने अब तक मुंगेशपुर में सेंसर के निरीक्षण पर कोई रिपोर्ट जारी नहीं की है। दिल्ली में गुरुवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया था। आईएमडी ने उत्तर भारत में आने वाले नए मौसमी बदलाव (Seasonal Changes) के कारण शुक्रवार को दिल्ली में हल्की बारिश (Light Rain) और बूंदाबांदी की संभावना जताई है।

मुंगेशपुर में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड

दिल्ली के मुंगेशपुर और नजफगढ़ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नरेला जैसे अन्य बाहरी इलाकों में 49.2 डिग्री सेल्सियस और पीतमपुरा में 48.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मई के आखिरी दिनों में शहर में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। आईएमडी के अनुसार, दिन के दौरान दिल्ली की सापेक्षिक आर्द्रता 59 प्रतिशत से 13 प्रतिशत के बीच रही। आईएमडी ने शुक्रवार के लिए आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई है। साथ ही गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। इसके साथ ही हल्की बारिश और बूंदाबांदी के साथ 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हरियाणा-पंजाब भी गर्मी से बेहाल

दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 44 और 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि शुक्रवार को राजधानी 'येलो अलर्ट' पर रहेगी। इस बीच, हरियाणा और पंजाब में चल रही भीषण गर्मी बृहस्पतिवार को भी जारी रही। सिरसा और फरीदकोट में तापमान क्रमश: 49.1 डिग्री सेल्सियस और 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी भीषण गर्मी रही और अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के सिरसा और पंजाब के फरीदकोट में भीषण गर्मी रही। पंजाब के अन्य स्थानों में बठिंडा में भीषण गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 46.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि गुरदासपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, हरियाणा में झज्जर और फरीदाबाद में अत्यधिक गर्मी (Extreme Heat in Faridabad) रही, जहां अधिकतम तापमान क्रमशः 47.9 डिग्री सेल्सियस और 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। महेंद्रगढ़ और रोहतक में अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार में 47 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 44.7 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

बिजली की रिकॉर्ड मांग

देश के विभिन्न हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी की वजह से बिजली की अधिकतम मांग गुरुवार को रिकॉर्ड 250 गीगावाट पर पहुंच गई है। बिजली मंत्रालय ने यह जानकारी दी। गर्मी से राहत के लिए घरों एवं दफ्तरों में एयर कंडीशनर और कूलर का इस्तेमाल बढ़ने से बिजली की खपत बढ़ रही है। बिजली मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, बिजली की अधिकतम मांग या दिन में सबसे अधिक आपूर्ति बृहस्पतिवार को 250 गीगावाट (एक गीगावाट बराबर 1,000 मेगावाट) रही, जो अभी तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इससे पहले बुधवार को बिजली की अधिकतम मांग इस सत्र में 246 गीगावाट के उच्चस्तर पर पहुंच गई थी।मंत्रालय के आंकड़े के अनुसार देश भर में गैर-सौर ऊर्जा की मांग भी 29 मई को 234.3 गीगावाट के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। यह मांग भीषण गर्मी, बढ़ती औद्योगिक और आवासीय बिजली खपत (Residential Electricity Consumption) के संयुक्त प्रभाव को दर्शाती है।
बृहस्पतिवार को उत्तरी क्षेत्र ने भी 86.7 गीगावाट की मांग पूरी की, जो सर्वकालिक उच्च स्तर है। वहीं पश्चिमी क्षेत्र ने 74.8 गीगावाट की अपनी अधिकतम मांग को छुआ।अबतक की सर्वाधिक बिजली खपत रिकॉर्ड सितंबर, 2023 में 243.27 गीगावाट का था। बिजली मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 23 मई को अधिकतम मांग 236.59 गीगावाट थी, जबकि 22 मई को यह 235.06 गीगावाट थी।
(इनपुट -भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | दिल्ली (cities News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

Pushpendra kumar author

पुष्पेंद्र यादव यूपी के फतेहुपुर जिले से ताल्लुक रखते हैं। बचपन एक छोटे से गांव में बीता और शिक्षा-दीक्षा भी उसी परिवेश के साथ आगे बढ़ी। साल 2016 स...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited