Greater Noida West में अगले महीने शुरू हो जाएगा चार मूर्ति अंडरपास का काम, जानें कब हो जाएगा तैयार

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को जल्द ही चारमूर्ति गोलचक्कर के पास लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलने वाली है। यहां पर अंडरपास का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने वाला है। यहां पर लगभग 80 करोड़ की लागत से अंडरपास का निर्माण हो रहा है, जिसके लिए सर्वे किया जा रहा है।

Greater Noida West Char Murti Underpass.

चार मूर्ति चौराहे पर अंडरपास का काम जल्द होगा शुरू

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों के लिए खुशखबरी है। यहां के लोगों को सुबह-शाम चार मूर्ति गोलचक्कर पर लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलेगी। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इस सबसे व्यस्त चौराहे पर अंडरपास बनाया जाना है। इस संबंध में अच्छी खबर यह है कि यहां पर अंडरपास का निर्माण कार्य अगले ही महीने यानी जून में शुरू हो जाएगा। चलिए जानते हैं इस संबंध और क्या-क्या जानकारी है।

80 करोड़ में बनेगा अंडरपास

ग्रेटर नोएडा वेस्ट का चारमूर्ति चौराहा, यहां के सबसे व्यस्त चौराहों में से है। यहां पर अंडरपास या फ्लाईओवर बनाने की मांग यहां के निवासी लंबे समय से कर रहे थे। प्राधिकरण ने भी उनकी मांग पर ध्यान दिया और यहां अंडरपास निर्माण को मंजूरी दी। अब ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने चयनित एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। जून में अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, इससे पहले सर्वे किया जा रहा है। इस अंडरपास को बनने में 80 करोड़ की लागत आएगी।

जाम के झाम से मिलेगी मुक्ति

चारमूर्ति चौराहे पर अंडरपास बन जाने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को यहां रोज लगने वाले जाम के झाम से मुक्ति मिलेगी। बता दें कि चार मूर्ति गोलचक्कर पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सबसे ज्यादा ट्रैफिक का दबाव होता है। यहां सुबह और शाम के साथ ही दिन के समय भी जाम से लोगों को परेशान होना पड़ता था। यहां गोलचक्कर को बंद करने के अलावा कई प्रावधान किए गए, लेकिन लोगों को जाम से मुक्ति नहीं मिली। अब उम्मीद की जा रही है कि अंडरपास बन जाने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोग चैन की सांस ले पाएंगे।

अंडरपास बनने में कितना समय लगेगा

चार मूर्ति चौराहे पर अंडरपास बनने में 18 महीने का समय लगेगा। 80 करोड़ की अनुमानित लागत में बनने वाला यह अंडरपास गाजियाबाद की तरफ से सूरजपूर की तरफ को बनेगा। इससे NH-9 और गौरसिटी की तरफ से आने वाले वाहन सीधे अंडरपास के जरिए सूरजपुर और ग्रेटर नोएडा ईस्ट की तरफ जाएंगे। इस अंडरपास के बन जाने से समय के साथ ही धन की भी बचत होगी।

अभी क्या है व्यवस्था

जाम के झाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अभी चार मूर्ति चौराहे को बंद किया हुआ है। इसमें सूरजपुर से गौर सिटी या गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को लेफ्ट टर्न लेगर हिंडन नदी के दूसरी तरफ नोएडा में बने यूटर्न से वापस आना पड़ता है। ऐसा ही गाजियाबाद या गौर सिटी की तरफ से आने वाले वाहनों को भी लेफ्ट टर्न लेकर गौर सौंदर्यम के पास बने यूटर्न से नोएडा या सूरजपुर की तरफ जाना पड़ता है।
बता दें कि दिसंबर 2023 में इस इंडरपास के निर्माण के लिए टेंडर जारी किए गए थे। इसी साल यानी 18 जनवरी 2024 को अंडरपास निर्माण कंपनी का चयन किया गया था। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सीईओ रवि कुमार एनजी का कहना है कि निर्माण एजेंसी को वर्क ऑर्डर दे दिया यहा गै। जून से काम शुरू हो जाएगा और अंडरपास बनने से यहां पर जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल जाएगी।

शाहबेरी रास्ते पर काम शुरू

ग्रेटर नोएडा वेस्ट से शाहबेरी होते हुए क्रॉसिंग रिपब्लिक की ओर जाने वाले रास्ते पर भी शनिवार-रविवार रात से काम शुरू हो जाएगा। दिन में देर शाम तक यहां पर ट्रैफिक का काफी दबाव रहता है। भारी ट्रैफिक को देखते हुए यहां रात 10 से सुबह 6 बजे के बीच सड़क की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। रात के समय यहां से गुजरने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग लेने होंगे। डीपीसी यातायात अनिल कुमार यादव के अनुसार साइनेज लगाने के साथ ही यहां मार्शल भी लगाए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | शहर (cities News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

Digpal Singh author

खबरों की दुनिया में लगभग 19 साल हो गए। साल 2005-2006 में माखनलाल चतुर्वेदी युनिवर्सिटी से PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। कई अखबार...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited