कहीं गर्मी-लू प्रचंड, कहीं आंधी-तूफान तो कहीं ओलों की बरसात, दक्षिण में मौसम कूल-कूल ; जानें कब बरसेंगी राहत की बूदें

Heatwave Red Alert : उत्तर भारत के अलावा एक्सपर्ट्स ने नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भी पारा बढ़ने की आशंका व्यक्त की है। यूपी, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में जहां हीटवेव का रेड अलर्ट है तो वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आइये जानते हैं आज कहां-कहां कितना तापमान रहने वाला है।

imd alert of severe heat for Today

देश का मौसम

Heatwave Red Alert : उत्तर भारत के कई राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। इस प्रचंड गर्मी में लू के थपेड़ों से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। कई राज्यों के विभिन्न शहरों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस को लांघ गया है। सुबह 7 बजे के बाद घर से निकलना मानों खुद को आग में झोंकने जैसा साबित हो रहा है। उत्तर प्रदेश के आलावा पड़ोसी राज्य दिल्ली, मध्य प्रदेश के अलावा हरियाणा और पंजाब में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी है। उधर, राजस्थान में भीषण गर्मी ने सामान्य जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है। यहां गुरुवार को लू लगने (हीट स्ट्रोक) से पांच लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस गर्मी के मौसम में सबसे अधिक है। मौसम विभाग ने अनेक जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी यानी ‘रेड अलर्ट’ जारी किया हुआ है। वहीं, इसके इतर दक्षिण भारत के राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक्टिव है, जिससे केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। आइये जानते हैं सबसे ज्यादा गर्मी की चपेट में कौन से राज्य हैं और इनका क्या तापमान है?

आग सी तप रही राजधानी

दिल्ली-एनसीआर में भारी गर्मी का दौर चल रहा है। यहां कई स्थानों पर पारा 48 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है। पूरी राजधानी आग की भट्ठी में तप रही है। यहां गुरुवार को अधितकम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन नमी की वजह से लोगों को 50 डिग्री वाली गर्मी का अहसास हुआ। जानकारी के मुताबिक, अगले दो दिन तक हीट इंडेक्स 51 से 56 डिग्री रह सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने लोकसभा चुनाव के मतदान वाले दिन यानी 25 मई को लू का रेड अलर्ट वापस ले लिया है।

हरियाणा-पंजाब में लू का खतरा

उधर, हरियाणा और पंजाब में भले ही पारा कम हो गया हो, लेकिन लू जान ले रही है। यहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह आठ बजे से ही गर्म हवाओं ने व्याकुल कर रखा है। जैसे-जैसे दिन चढ़ता है गर्मी अपने शबाब पर होती है। शाम होते-होते सूरज आग उगलने लगता है।

UP में गर्मी से नहीं मिलेगी राहत

उत्तर प्रदेश में सुबह से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और दोपहर होते-होते लू अपने शबाब पर होती है। पूर्वी यूपी से लेकर पश्चिम और उधर बुंदेलखंड में गर्मी से हाय तौबा मची है। भीषण गर्मी के बीच डायरिया की शिकायत देखी जा रही है। इधर, मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के लिए रेड अलर्ट और पूर्वी यूपी के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। राजधानी लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, आगरा, मेरठ, गोरखपुर और झांसी समेत ज्यादातर जिले हीटवेव की चपेट में हैं। इन जगहों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने फिलहाल गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं जताई है। फिलहाल, बारिश जैसी कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।

यूपी में बिजली संकट, भीषण गर्मी में इलेक्ट्रिसिटी की बढ़ी मांग

प्रदेश में मौसम में आई नरमी की वजह से बिजली की मांग ठहर गई है। गुरुवार को पीक ऑवर में बढोतरी नहीं हुई। इस बीच ओबरा और ऊंचाहार की उत्पादन इकाइयों में शुक्रवार को फिर से बिजली उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है, जबकि ललितपुर की इकाई 25 के बाद शुरू होगी।

राजस्थान में लू से 5 मौतें

राजस्थान में भीषण गर्मी ने सामान्य जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है और कथित तौर पर लू लगने (हीट स्ट्रोक) से पांच लोगों की मौत की सूचना है। मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस गर्मी के मौसम में सबसे अधिक है। अधिकारियों ने बताया कि खैरथल जिले में पांच मोर मृत मिले हैं। मौसम विभाग ने अनेक जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी यानी ‘रेड अलर्ट’ जारी किया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को बाड़मेर सबसे अधिक गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। फलौदी में अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री, फतेहपुर में 47.6 डिग्री, जैसलमेर में 47.5 डिग्री, जोधपुर में 47.4 डिग्री, जालौर में 47.3 डिग्री, कोटा में 47.2 डिग्री, चूरू में 47 डिग्री, डूंगरपुर में 46.8 डिग्री, बीकानेर में 46.5 डिग्री, श्रीगंगानगर में 46.1 डिग्री, भीलवाड़ा में 46 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

केरल में भारी बारिश, मौसम विभाग ने दो जिलों में जारी किया रेड अलर्ट

केरल में मानसून से पूर्व हो रही बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को बारिश के अलर्ट को संशोधित किया और राज्य के दो कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया। इस बीच, राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है, जिससे तिरुवनंतपुरम, कोच्चि और त्रिशूर सहित प्रमुख शहरों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। आईएमडी ने एर्णाकुलम और त्रिशूर जिलों के लिये रेड अलर्ट जारी किया। इससे पहले इन दोनों स्थानों के लिये ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। इसके अलावा दक्षिण में तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में बारिश देखने को मिल रही है, जिससे यहां लोगों को गर्मी से राहत महसूस हो रही है।

बिहार में बारिश, कई जिलों का गिरा तापमान

बिहार में प्री मानसून की झलक देखने को मिल रही है। फिलहाल की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। बीते एक सप्ताह से बिहार के अधिकतर जिलों में तापमान सामान्य रह रहा है। आज भी बिहार के कई जिलों में बादल छाये रहने और बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान बिजली चमकने और ठनका (आकाशीय बिजली) गिरने की प्रबल आशंका है। मौसम विज्ञान केन्द्र पटना ने भारी बारिश और ठनका गिरने की प्रबल संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

जानें कहां कब पहुंच रहा मानसून

शहर/राज्य का नाममानसून की संभावित तारीख
मुंबई11 जून
कोलकाता10-11 जून
दिल्ली28-30 जून
पुणे10 जून
चेन्नई10 जून
गुजरात15 जून
उत्तर प्रदेश20-25 जून
हरियाणा-पंजाब30 जून
राजस्थान30 जून

नॉर्थ ईस्ट का पारा हाई

उत्तर भारत के अलावा एक्सपर्ट्स ने नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में पारा बढ़ने की चिंता जाहिर की है। पूर्वोत्तर के राज्यों में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो रेल, सड़क और वायु के साथ बिजली आपूर्ति सहित परिवहन बाधित हो सकता है। आइये जानते हैं कहां-कहां ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

  • पुडुचेरी और कराईकल
  • अरुणाचल प्रदेश
  • मणिपुर
  • नागालैंड
  • त्रिपुरा
  • मिजोरम
  • मेघालय
  • असम
  • गंगीय पश्चिम बंगाल
  • ओडिशा
  • तमिलनाडु

उत्तराखंड के कई जिलों में ओलावृष्टि-आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में बुधवार से ही मौसम ने करवट ले ली है। पौड़ी गढ़वाल और उत्तरकाशी में बुधवार को बादल फटने से भारी जलभराव के साथ भारी नुकसान हुआ था। हालांकि, मैदानी इलाकों में चल रहे शुष्क मौसम लू के बीच आज फिर कुछ मौसम बदलने की संभावना मौसम विभाग ने जारी की है। राज्य के पहाड़ी इलाकों में बारिश से गर्मी मे कुछ राहत मिली है, वहीं राज्य के कई इलाकों में बारिश से राहत भी मिली है। मौसम विभाग ने इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ ही हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना जताई गई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | शहर (cities News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

Pushpendra kumar author

गंगा-यमुना के दोआब में बसे फतेहपुर जनपद से ताल्लुक रखते हैं। बचपन एक छोटे से गांव में बीता और शिक्षा-दीक्षा भी उसी परिवेश में हुई। साल 2018 में छत्रपत...और देखें

End of Article

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited