अभी और तड़पाएगी दिल्ली की गर्मी और यहां बारिश से होगा लोगों का हाल बेहाल

दिल्ली में गर्मी का प्रकोप अभी कुछ और दिन जारी रहेगा। मौसम विभाग ने लू के लिए अलर्ट जारी किया है। उधर उत्तर-पूर्वी भारत में भारी बारिश का दौर जारी है और यहां भारी से बहुत भारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जानें मौसम विभाग ने क्या कहा है-

दिल्ली में भीषण गर्मी का दौर जारी

दिल्ली की सर्दी पर तो गाने भी बन चुके हैं। लेकिन दिल्ली की गर्मी किसी से कम नहीं है। अगर आप दिल्ली में रहते हैं तो आपको पता ही होगा कि पिछले लगभग एक महीने से दिल्ली में कैसी जला देने वाली गर्मी पड़ रही है। अगर आप दिल्ली में नहीं रहते हैं तो समझ लीजिए आप बहुत ही खुशनसीब है, जो इस प्रचंड गर्मी से बचे हुए हैं। बुरी खबर ये है कि दिल्ली में फिलहाल गर्मी और लू (Heatwave) के थपेड़ों से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिन के लिए प्रचंड गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चलिए जानते हैं इस संबंध में और क्या कहता है मौसम विभाग का ताजा अपडेट -

45 डिग्री की भट्टी में तप रही दिल्ली

मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिन के लिए प्रचंड गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार 15 जून को 44.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। यह इस मौसम के अधिकतम औसत तामपान से 6 डिग्री ज्यादा था। रविवार 16 जून को दिल्ली का तापमान 44.9 डिग्री पहुंच गया और आज यानी सोमवार 17 जून को अधिकतम 45 डिग्री तक पारा पहुंचा। हालांकि, हवा चलने और आसमान में बादलों की आवाजाही के कारण सोमवार को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली। 45 डिग्री तापमान होने के बावजूद 42 डिग्री जैसा अनुभव हुआ।
अगले कुछ दिन गर्मी से बिल्कुल भी राहत मिलने वाली नहीं है। ऐसे में आपको भीषण गर्मी और लू के लिए तैयार रहना चाहिए। अगले कुछ दिन राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।
End Of Feed