कल का मौसम 03 February 2025: बारिश लाएंगे बिजली कड़काएंगे बादल, बर्फबारी तेज हवाएं बढ़ाएंगी गलन; कोहरे में लिपटे रेल ट्रैक-एयरपोर्ट

Kal Ka Mausam, 03 February 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: पश्चिमी विक्षोभ के असर से मैदानी राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। हरियाणा-पंजाब के साथ दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ भागों में बारिश का पूर्वानुमान है। 4 से 5 फरवरी तक इन राज्यों में बादलों की आवाजाही के संकेत हैं। साथ ही तेज हवाओं के साथ गरज चमक की भी संभावना बन रही है। उधर, पहाडी राज्यों हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और बर्फबारी दर्ज की जा रही है, जिससे न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। खासकर, कोहर से अभी राहत की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। आइये जानते हैं कल का मौसम कैसा रहेगा?

Kal Ka Mausam 03 February 2025.

भारत कल का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): फरवरी का पहला सप्ताह धूप छांव के साथ बीतने वाला है। आने वाले सप्ताह में मौसम में तेजी के साथ तब्दीली आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग ने हिमालयी विक्षोभ के असर से पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बर्फबारी के साथ बारिश के संकेत दिए हैं। इन राज्यों में मौसम की बेईमानी से न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जिससे कोल्ड डे का प्रभाव है। खासकर, श्रीनगर के घाटी इलाकों में टेंपरेचर कमर तोड़ रहा है, जिसका सीधा असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा-पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ के असर के संकेत हैं। मौसम विभाग ने 4 से 5 फरवरी तक कई राज्यों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ चमक गरज भी होगी। आकाशीय बिजली के कड़कने के भी संकेत हैं। नॉर्थ ईस्ट में भी मौसम की मार है। अरुणाचल प्रदेश, असम समेत कई दक्षिणी राज्यों में चक्रवात का असर है, जिससे तेज हवाएं और बारिश की संभावना है। स्काईमेट के पूर्वानुमान के मुताबिक, पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक घना कोहरा छाया रह सकता है, जिससे हवाई और रेल यातायात पर प्रभाव पड़ेगा। साथ ही कई ट्रेनों की लेट लतीफी का दौर जारी रह सकता है।

उत्तर प्रदेश में कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि, सुबह-शाम की ठंड का एहसास हो रहा है। अब आईएमडी ने अगले 2 दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव के संकेत दिए हैं। 5 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों की आवाजाही और बारिश की संभावना बन सकती है। इस दौरान तेज हवाएं सर्दी बढ़ा सकती हैं। लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, बांदा, वाराणसी, झांसी, इटावा, औरैया, मैनपुरी, कानपुर देहात, चित्रकूट, हमीरपुर, गोरखपुर, जौनपुर, देवरिया, आगरा, मेरठ, सहारनपुर, शामली, अलीगढ़, फतेहपुर, महोबा समेत कई जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है। हालांकि, सुबह की पड़ रहे पाले से अब छुटकारा मिलने वाला है, लेकिन कोहरा अभी राहत देने के मूड में नहीं है। लेकिन, 4 फरवरी को कई स्थानों पर चमक गरज के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। अगर, ऐसे में बारिश होती है तो किसानों के लिए काफी फायदेमंद है क्योंकि, बड़े पैमाने पर गेहूं की फसल को सिंचाई से छुटकारा मिलेगा।

दिल्ली में मौसम कल का मौसम कैसा रहेगा

दिल्ली में मौसम में बदलाव हो रहा है, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने रविवार को मध्यम से घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे के बावजूद, तापमान अपेक्षाकृत हल्का रहने की उम्मीद है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 22-26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10-12 डिग्री सेल्सियस ठंड की सीमा से आगे बढ़ रहा है, जो हल्के मौसम की शुरुआत का संकेत है। जबकि सुबह और रातें अभी भी सर्द हैं, दिन के समय गर्मी का रुख दिख रहा है, तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है।

दिल्ली में कब खत्म होगा प्रदूषण

दिल्ली में वायु गुणवत्ता काफी खराब हो गई है। सीपीसीबी के मुताबिक, रविवार सुबह 6 बजे शहर का एक्यूआई 341 तक पहुंच गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में है। घने कोहरे के लिए रविवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में एक्यूआई का स्तर बहुत ज्यादा है। आनंद विहार में यह 418, विवेक विहार में 407 और वजीरपुर में 401, अशोक विहार में 384, जहांगीरपुरी में 372 और पंजाबी बाग में 375 है। पटपड़गंज में 367,बवाना में 338 और रोहिणी में 367 एक्यूआई दर्ज किया गया है। जबकि आर.के.पुरम में एक्यूआई 358 है और नजफगढ़ में एक्यूआई कम होने के बावजूद 282 है। स्थिति गंभीर श्रेणी में है। वहीं, कोहरे की वजह से पालम, इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी शून्य होने से सुबह कई फ्लाइट्स प्रभावित रह रही हैं।

बिहार में मौसम कैसा रहेगा?

बिहार में सर्दी का दौर खत्म होने वाला है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा है, जिससे दिन में गर्मी का एहसास शुरू हो गया है। हालांकि, अगले 2 से 3 दिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों की आवाजाही के साथ मौसम में बदलाव के संकेत हैं। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। आईएमडी ने मधेपुरा, पूर्णिया, शिवहर, सुपौल, पटना, दरभंगा, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर हाजीपुर, मधुबनी, वैशाली और नालंदा समेत कई जिलों में घना कोहरा छाए का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। आईएमडी ने बताया कि जनवरी की तरह फरवरी में शीतलहर जैसी कोई स्थिति नहीं रहेगी। न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

हरियाणा-पंजाब का मौसम

हरियाणा-पंजाब में सुबह शाम की सर्दी के साथ मौसम खराब होने के संकेत हैं। यहां पश्चिमी विक्षोक्ष के कारण कई जिलों में बादलों की आवाजाही देखी जा रही है। गुरुग्राम, फरीदाबाद में हल्की धूप तो महेंद्रगढ़, फजिल्का, सिरसा, हिसार, पंचकुला समेत कई जिलों में 4 और 5 फरवरी तक बारिश की संभावना बन रही है। हालांकि, दिन में धूप खिलने से अब सर्दी का एहसास कम हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो पिछले साल के मुकाबले इस साल कम सर्दी पड़ी है।

राजस्थान में मौसम कैसा रहेगा

राजस्थान में मौसम यू टर्न ले सकता है। अरब सागर से उठ रहीं तेज हवाएं जोधपुर समेत कई इलाकों में एंट्री ले रही हैं, जिससे सर्दी बढ़ने की फिर संभावना है। आईएमडी का फरवरी के पहले सप्ताह में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। तेज हवाओं के धूप आज बेअसर साबित हो रही हैं। आने वाले सप्ताह के अंत तक मौसम पर पूरी तरह गर्मी का एहसास कराएगा। जयपुर, जोधपुर, सीकर, चुरु, गंगानगर और अजमेर, कोटा, भरतपुर, बीकानेर और उदयपुर संभाग में मौसम के परिवर्तन के संकेत हैं।

हिमाचल में कैसा रहेगा मौसम

हिमाचल में 4 फरवरी को मौसम बेईमान हो सकता है, जिससे बादलों की आवाजाही के साथ बर्फबारी का अलर्ट है। शिमला, मसूरी, कुल्लू, मनाली में अच्छा स्नोफॉल होने के संकेत, जबकि धर्मशाला के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। लाहौल स्पीति, किन्नौर इत्यादि में मौसम खराब रहेगा। ऐसा ही मौसम 5 फरवरी तक बने रहने के संकेत हैं। स्काईमेट ने अभी घने कोहरे का भी अलर्ट जारी कर रखा है। कुछ इसी तरह का मौसम उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी देखा जा रहा है।

कश्मीर में कैसा है मौसम

कश्मीर घाटी में बर्फबारी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। फरवरी का दूसरा दिन है और ऊंचे इलाकों जैसे डावर, कंजालवान, नीरू, बागतोर और तुलैल में लगभग चार इंच तक बर्फबारी हुई है, जिसके कारण आम जीवन में प्रभावित हुआ है।

श्रीनगर में बर्फबारी

श्रीनगर के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात और मैदानी इलाकों में बारिश से कश्मीर घाटी में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर खत्म हो गया। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक अधिक वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। घाटी के बारामूला, बांदीपोरा, कुपवाड़ा और सोनमर्ग जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो रहा है, जिससे तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर पहुंच गया। श्रीनगर शहर में बीती रात न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो वर्ष के इस समय के सामान्य तापमान से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जिससे राज्य में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है। हालांकि, 10 दिन बाद सर्दी से काफी राहत मिल सकेगी।

मुंबई में कैसा है मौसम

मुंबई में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले मैच पर भी असर देखा जा सकता है। हालांकि, छिटपुट बूंदाबांदी के अलावा भारी बारिश का पूर्वानुमान नहीं है। लेकिन, वातावरण में कोहरा धुंध छाई हुई नजर आ रही है। शहर में दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं है। मौसम विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान 24°C और अधिकतम 28°C डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

नॉर्थ ईस्ट में चक्रवात का असर

पूर्वोत्तर के असम, अरुणाचल, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में चक्रवात का असर बना हुआ है, जिससे तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है। खासकर, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और असम में इसका ज्यादा प्रभाव है। वहीं, केरल में भी बारिश का अलर्ट है। केरल का मौजूदा अधिततम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। कमोबेश इतना ही तापमान अगले सप्ताह तक दर्ज किया जाएगा। इसी प्रकार हैदराबाद समेत तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई शहरों में भी बादलों के छाए रहने के संकेत हैं।

कोल्ड डे क्या है?

कश्मीर-हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में कोल्ड डे जारी है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है। इसके अभी और जारी रहने के संकेत हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar author

पुष्पेंद्र यादव गंगा-यमुना के दोआब में बसे फतेहपुर जनपद से ताल्लुक रखते हैं। बचपन एक छोटे से गांव में बीता और शिक्षा-दीक्षा भी उसी परिवेश में हुई। ...और देखें

End of Article

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited