Kannauj News: कन्नौज में ढही मकान की छत, हादसे में भाई-बहन की मौत, चार अन्य घायल

Kannauj News: यूपी के कन्नौज के गोपालपुर गांव में एक कच्चे मकान की छत अचानक भरभराकर ढह गई। इस हादसे में घर में सो रहे परिवार के दो बच्चों की मौत हो गई और अन्य 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

कन्नौज में कच्चे मकान की ढही छत

Kannauj News: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मानसून की विदाई से पहले झमाझम बदरा बरस रहे हैं। भारी बारिश के कारण जगह-जगह बारिश से होने वाले कई घटनाएं सामने आई हैं। इस बीच कन्नौज में एक घर की छत भरभराकर ढह गई, जिसमें सगे भाई-बहन की मौत हो गई। इस हादसे में 4 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। छत ढहने की आवाज आने पर आसपास के ग्रामीण बाहर आए और मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला गया है।

भरभराकर ढही कच्चे मकान की छत

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये घटना गोपालपुर गांव की है। यहां रविवार यानी आज सुबह करीब 3 बजे एक कच्चे मकान की छत ढह गई। हादसे के दौरान परिवार के लोग घर में सो रहे थे। छत के अचानक भरभराकर गिरने से अंदर सो रहे लोग मलबे में दब गए। छत के ढहने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले। बाहर का मंजर देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। आनन-फानन में लोगों ने मलबे को हटाने का काम शुरू किया और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को निकाला गया है।
ग्रामीणों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने परिवार के दो बच्चों को मृत घोषित किया। घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान विवेक और सरिता के नाम से हुई है, ये दोनों सगे भाई-बहन थे।
End Of Feed