Lucknow News: किसानों के मुद्दों पर सपा सदस्यों का विधान परिषद से वॉकआउट, कृषि मंत्री ने कहा- वास्तविकता से परे सपाई

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शीतकालीन सत्र में बीजेपी और सपा के बीच गहमा गहमी का माहौल रहा। प्रदेश में किसाने को उनकी लागत के अनुरूप कृषि उपज का लाभकारी मूल्य दिलाए जाने के मुद्दे पर सपा विधायको ने विधान परिषद से वॉक आउट किया।

फाइल फोटो

लखनऊ: समाजवादी पार्टी सदस्यों ने उत्तर प्रदेश के किसानों को उनकी लागत के अनुरूप कृषि उपज का लाभकारी मूल्य दिलाए जाने के मुद्दे पर सरकार के जवाब से असंतुष्ट होकर गुरुवार को विधान परिषद से बहिर्गमन किया। सपा सदस्यों ने कार्य स्थगन की सूचना देते हुए किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाये जाने समेत कई मुद्दे उठाये।

इन मुद्दों पर गहमा गहमी

सपा सदस्य मुकुल यादव ने सूचना पढ़ते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की तमाम वादाखिलाफियों की वजह से प्रदेश के किसान आत्महत्या कर रहे हैं। यह प्रदेश सरकार के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि डीजल, बिजली, खाद, बीज और कीटनाशक इत्यादि दिन पर दिन महंगे होते जा रहे हैं, जिसकी वजह से प्रदेश के ज्यादातर किसान कर्जदार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान अपना अनाज बेचने के लिए बिचौलियों का सहारा ले रहे हैं। इससे उन्हें अपनी उपज का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है।

गन्ना किसानों के लिए सपाइयों का प्रदर्शन

यादव ने कहा कि सरकार समय पर किसानों के गन्ने का भुगतान नहीं कर पा रही है और ना ही गन्ना किसानों को उचित मूल्य मिल रहा है। आवारा पशु लाखों हेक्टेयर फसल को बर्बाद कर रहे हैं। इन हालात में किसानों में सरकार के प्रति आक्रोश व्याप्त है, लिहाजा सदन का बाकी काम रोक कर इस पर चर्चा कराई जाए। सपा सदस्य नरेश उत्तम पटेल और स्वामी प्रसाद मौर्य ने सूचना की ग्राह्यता पर बल दिया।
End Of Feed