MP Assembly Election 2023: ये है एमपी की हाई प्रोफाइल सीट, दिग्गज नेता के बेटे का टिकट कटने के बाद ऐसा है समीकरण

Madhya Pradesh Assembly Election 2023- मध्य प्रदेश में कई विधानसभा सीटें हाई प्रोफाइल हैं। इनमें से प्रदेश की इंदौर की नंबर 3 विधानसभा सीट इस खासा चर्चा में है, चूंकि पार्टी ने सिटिंग विधायक आकाश विजयवर्गीय का टिकट काट दिया है। इससे वहां का चुनावी समीकरण बदल सकता है।

Madhya Pradesh Assembly Election 2023

इंदौर की 3 नंबर विधानसभा का समीकरण

इंदौर: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव (Madhya Pradesh Assembly Election 2023) के लिए नामाकंन प्रक्रिया चल रही है। साथ ही प्रत्याशियों के लिए पार्टी के शीर्ष नेता जनसभाएं आयोजित कर वोट मांग रहे हैं। खासकर, प्रदेश की हाई प्रोफाइल सीटों पर जोर की आजमाइश चल रही है। इस बार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ की सीटों के अलावा प्रदेश की कई प्रमुख सीटों पर मुकाबला जबरदस्त होने वाला है। इस बार राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। इस आर्टिकल में बारी-बारी हर उस विधानसभा की बात करेंगे जो इस बार के विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चित हैं।

इंदौर की तीन नंबर विधानसभा

प्रदेश की सबसे हाई प्रोफाइल सीटों में इंदौर की तीन नंबर विधानसभा सीट भी है। इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय निर्वर्तमान विधायक हैं। आकाश विजयवर्गीय इस सीट से पहली बार 2018 में विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे थे। हालांकि, इस बार आकाश का टिकट पार्टी ने काट दिया है। उनकी जगह विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राकेश शुक्ला गोलू को चुनाव को पार्टी ने चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने उनके प्रतिद्वंदी के तौर पर दीपक जोशी पिंटू को मैदान में उतारा है।

इन चीजों के लिए जानी जाती है 3 नंबर विधानसभा

इंदौर की तीन नंबर विधानसभा क्षेत्र में कई मशहूर इमारतों के अलावा बाजार भी हैं। यहां खाने पीने की भी कई चीजें मशहूर हैं। यहां राजबाड़ा, गोपाल मंदिर, कृष्णपुरा छतरी, बोलिया सरकार की छतरी, गांधी हॉल है। इसी क्षेत्र में प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, बर्तन बाजार, किराना बाजार समेत कई बड़े बाजार हैं। इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में ये मुद्दे उलट-फेर कर सकते हैं। चूंकि, पार्टी ने सिटिंग विधायक आकाश का टिकट काट दिया है। पिता के बड़े पद पर रहते हुए बेटे का टिकट का कटना चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, टिकट कटने के बाद विधायक आकाश विजयवर्गीय का दावा है कि उनकी विधानसभा में 3 हजार करोड़ के विकास कार्य किए जा चुके हैं।

इंदौर-1 से कैलाश विजयवर्गीय प्रत्याशी

भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को पार्टी ने इंदौर-1 से उम्मीदवार घोषित किया था। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि उनके बेटे आकाश का टिकट कट सकता है और आखिरकार हुआ भी वही। बहरहाल, इस सीट पर भी वंशवाद की राजनीति बरकरार है, क्योंकि दोनों नये उम्मीदवार भी शहर के पुराने नेताओं के परिवार से ताल्लुक रखते हैं। राकेश शुक्ला गोलू भाजपा के दिवंगत नेता विष्णुप्रसाद शुक्ला के भतीजे और इंदौर-1 के कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के चचेरे भाई हैं। वहीं, दीपक जोशी पिंटू कांग्रेस के दिवंगत नेता महेश जोशी के बेटे हैं। इंदौर-3 में 1.88 लाख लोगों को मताधिकार हासिल है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 91 हजार 345, महिला मतदाताओं की संख्या 90 हजार 53 और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 64 है। इस क्षेत्र में सूबे की 230 सीट में सबसे कम 193 मतदान केंद्र हैं। इस सीट का चुनाव परिणाम तय करने में मुस्लिम, ब्राह्मण और वैश्य समुदायों के मतदाताओं की अहम भूमिका होती है।

2018 में आकाश को मिला मौका

आपको बता दें कि साल 2018 से ही इंदौर की ये सीट चर्चा में रही थी। 2013 में ये सीट ऊषा ठाकुर ने जीती थी। मगर, 2018 में ऊषा ठाकुर को महू भेजकर इस सीट आकाश से आकाश को चुनाव मैदान में उतारा गया था। इससे ऊषा ठाकुर और उनके समर्थक कैलाश विजयवर्गीय से खासे नाराज हो गये थे। फिर, आकाश ने नगर निगम कर्मचारी को बल्ले से पीट दिया था। इसके बाद उनका बल्ला कांड हो या उनके विवादित बोल हमेशा सुर्खियों में रहे। माना जा रहा है कि बल्ला कांड आकाश पर भारी पड़ गया और इसी वजह से पार्टी ने टिकिट काट दिया।

मुस्लिम वोटर होंगे निर्णायक

भाजपा ने आकाश की जगह युवा नेता गोलू शुक्ला को टिकिट दिया है। गोलू शुक्ला विजयवर्गीय खेमे के ही बताए जा रहे हैं। यही वजह है कि कैलाश विजयवर्गीय का मैनेजमेंट यहां भी काम कर रहा है। टिकट कटने के बाद भी आकाश विजयवर्गीय पूरी ताकत के साथ गोलू शुक्ला को जिताने के लिए प्रचार प्रसार में जुटे हैं। कांग्रेस पिटूं जोशी का भी इस सीट पर खासा दबदबा है। महेश जोशी के भतीजे अश्विन जोशी इस सीट से चुनाव लड चुके हैं, जबकि अब बेटे पिंटू जोशी को टिकिट दिया गया है। इस विधानसभा में मुस्लिम वोटर काफी हैं, जिसका फायदा जोशी परिवार को मिलता आया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | शहर (cities News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

Pushpendra kumar author

पुष्पेंद्र यादव यूपी के फतेहुपुर जिले से ताल्लुक रखते हैं। बचपन एक छोटे से गांव में बीता और शिक्षा-दीक्षा भी उसी परिवेश के साथ आगे बढ़ी। साल 2016 स...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited